पीसीबी के लीगल काउंसल तफज्जुल रिजवी के मानहानि नोटिस का शोएब अख्तर ने दिया करारा जवाब
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के लीगल काउंसल तफज्जुल रिजवी ने हाल में पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर के खिलाफ मानहानि का नोटिस भेजा था। अख्तर ने इस नोटिस का जवाब देते हुए इसे कानूनी तौर पर दोषपूर्ण, आधारहीन...
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के लीगल काउंसल तफज्जुल रिजवी ने हाल में पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर के खिलाफ मानहानि का नोटिस भेजा था। अख्तर ने इस नोटिस का जवाब देते हुए इसे कानूनी तौर पर दोषपूर्ण, आधारहीन और गलत बताया है। इतना ही नहीं अख्तर ने रिजवी से माफी मांगने के लिए भी कहा है। अख्तर ने कहा कि उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए रिजवी को उनसे माफी मांगनी चाहिए।
अख्तर ने कहा सार्वजनिक तौर पर अपमानित, नीचा दिखाने के लिए, बदनाम करने के लिए और मजाक बनाने के लिए रिजवी को उनसे माफी मांगनी चाहिए। अख्तर ने कहा, 'मैंने अपने चैनल पर जो कुछ भी कहा वो पाकिस्तान क्रिकेट की भलाई के लिए कहा और बताया कि बोर्ड को कहां सुधार करना चाहिए। मैंने रिजवी के बारे में जो कुछ भी कहा वो उनसे मेरी निजी बातचीत के आधार पर कहा। पीसीबी और रिजवी के लिए की गई टिप्पणी मेरी ओपिनियन थी। लोगों की भलाई के लिए मैंने पीसीबी की कमियों को उजागर किया था, जिससे इसमें सुधार हो।'
रिजवी लंबे समय से पीसीबी के लीगल काउंसल रहे हैं। उन्होंने शोएब अख्तर के यूट्यूब चैनल के एक वीडियो के बाद उन्हें मानहानि का नोटिस भेजा था। अख्तर ने उमर अकमल पर लगे तीन साल के बैन के बाद इस वीडियो में रिजवी को अयोग्य कहा था। अकमल को तीन साल के लिए बैन किया गया है क्योंकि उन्होंने करप्ट अप्रोच की जानकारी नहीं दी थी। रिजवी ने अख्तर से बिना शर्त माफी मांगने के अलावा मुआवजे के तौर पर 1 करोड़ रुपये एक चैरिटी में दान करने के लिए कहा था।



