महाकाल की शरण में पहुंचे शिखर धवन, टीम इंडिया के लिए की ये खास प्रार्थना
भारतीय टीम के क्रिकेटर शिखर धवन महाकाल की शरण में पहुंचे। उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में धवन ने पूजा अर्चना की और टीम इंडिया के लिए एक खास प्रार्थना भी की, जिसका खुलासा उन्होंने खुद किया है।

भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन इस समय टीम से बाहर हैं, लेकिन उन्होंने महाकाल की शरण में जाकर टीम के लिए एक खास प्रार्थना की। शिखर धवन और बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार अपने परिवार के साथ शनिवार की सुबह महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुए। इस विजिट को लेकर शिखर धवन ने बताया है कि वे यहां कौन सी प्रार्थना लेकर आए थे।
शिखर धवन ने कहा, "हर किसी की इच्छा है कि भारत विश्व कप जीते और मैंने भी यही इच्छा मांगी है।" वीडियो में देखा जा सकता है कि शिखर धवन और अक्षय कुमार दोनों आरती में कैसे तालियां बजाकर महाकाल के रंग में रंग गए हैं। धवन से पहले कई क्रिकेटर महाकाल लोक पहुंच चुके हैं, जिनमें विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव और कुलदीप यादव जैसे नाम शामिल हैं।
पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर का दावा- भारत को भारत में हराना सबसे असंभव काम होगा
धवन के प्रोफेशनल करियर की बात करें तो वे आखिरीबार आईपीएल 2023 में खेलते नजर आए थे। इसके बाद उनको न तो भारत की टीम में चुना गया और न ही वे घरेलू क्रिकेट में नजर आए। माना जा रहा है कि वे घरेलू क्रिकेट में नजर आ सकते हैं, क्योंकि टीम इंडिया में वापसी के लिए उनको कठिन मेहनत करनी होगी और वे ऐसा करने से बिल्कुल चूकेंगे नहीं।
