ये है धौनी की हेल्थ और फिटनेस का राज, साक्षी ने शेयर किया VIDEO
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह क्रिकेट के मैदान पर काफी फुर्तीले हैं। विकेटों के पीछे और बीच में उनकी तेजी देखते ही बनती हैं। जब से धौनी ने क्रिकेट करियर का आगाज किया, तब से ऐसे काफी कम मौके...

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह क्रिकेट के मैदान पर काफी फुर्तीले हैं। विकेटों के पीछे और बीच में उनकी तेजी देखते ही बनती हैं। जब से धौनी ने क्रिकेट करियर का आगाज किया, तब से ऐसे काफी कम मौके आए हैं। जब वह फिटनेस या बीमारी की वजह से क्रिकेट से दूर रहे हों। 37 साल की उम्र में भी धौनी की फिटनेस कई युवा खिलाड़ियों से ज्यादा बेहतर है।
ऐसे में महेंद्र सिंह धौनी के फैन्स अक्सर उनकी फिटनेस और हेल्थ का राज जानने के लिए उत्सुक रहते हैं। ऐसे में धौनी की पत्नी साक्षी ने उनकी हेल्दी लाइफ और फिटनेस के राज से पर्दा उठा दिया है।
दरअसल, साक्षी सिंह धौनी ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम से एक वीडियो शेयर किया है। यह वीडियो धौनी के किचन गार्डन का है, जहां ऑर्गेनिक तरीके से फल और सब्जियां तैयार की जाती हैं।
बता दें कि महेन्द्र सिंह धौनी ने सिमलिया स्थित आवास में हाइड्रोपोनिक्स किचन गार्डन बनवाया है, जिसमें बिना मिट्टी के साग-सब्जियां लगाई गई हैं। पॉली हाउस में कोकोपिट (नारियल के छिलके का बुरादा) में लगाए गए बैगन, गोभी, झींगी, टमाटर, खीरा, पालक के पौधे लहलहा रहे हैं, जो रासायनिक खाद से पूरी तरह मुक्त है।
क्या है हाइड्रोपोनिक्स तकनीक
जो खेती पानी में की जाती है उसे हाइड्रोपोनिक्स कहते हैं। इसमें मिट्टी की जरूरत नहीं होती। सामान्य खेती में पेड़-पौधे जरूरी पोषक तत्व जमीन से लेते हैं, लेकिन इसमें पानी में विशेष प्रकार का घोल डालकर पौधे को पोषक तत्व दिया जाता है। इस घोल में नाइट्रोजन, फॉस्फोरस, पोटाश, जिंक, आयरन आदि को एक खास अनुपात में मिलाया जाता है।



