रोहित शर्मा ने राजकोट में छक्कों की बारिश कर बनाए 5 धांसू रिकॉर्ड, क्रिस गेल भी छूटे पीछे
Rohit Sharma in India vs Australia Rajkot ODI: रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे में शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने अपनी पारी में 6 छक्के लगाए और रिकॉर्ड्स बुक में अपना नाम दर्ज करवा लिया।

'हिटमैन' के नाम से मशहूर रोहित शर्मा बुधवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे में अलग ही मूड में नजर आए। राजकोट के मैदान पर 353 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरे रोहित ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने महज 31 गेंदों में फिफ्टी पूरी कर ली। हालांकि, रोहित शतक से चूक गए। उन्होंने 57 गेंदों का सामने करने के बाद 81 रन जुटाए। उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके और 6 छक्के लगाए। रोहित ने छक्कों की बारिश कर अपना नाम रिकॉर्ड्स बुक में दर्ज करवा लिया है। चलिए, आपको रोहित द्वारा बनाए गए पांच धांसू रिकॉर्ड के बारे में बताते हैं।
रोहित इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज 550 सिक्स जड़ने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिकेटर क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा है। रोहित ने 471 पारियों में यह आकड़ा छुआ जबकि गिल ने 544 पारियों में इतने सिक्स जमाए थे। हालांकि, गेल (553) के नाम फिलहाल सर्वाधिक इंटरनेशनल सिक्स का रिकॉर्ड है। रोहित को यह रिकॉर्ड तोड़ने के लिए महज तीन छक्कों की जरूरत है।
रोहित ने एक देश में सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय छक्के लगाने का कारनामा अंजाम दिया है। उन्होंने इस मामले में न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल को पछाड़ा है। रोहित ने भारत में 257 और गुप्टिल ने न्यूजीलैंड में 256 सिक्स मारे हैं। उनके बाद लिस्ट में ब्रैंडन मैक्कुलम (न्यूजीलैंड में 230), क्रिस गेल (वेस्टइंडीज में 228) और एमएस धोनी (भारत में 186) का नाम है। रोहित इसके अलावा सबसे पहले 350, 400, 450, 500 और 550 छक्के जड़ने वाले भारतीय क्रिकेटर बन चुके हैं।
रोहित सबसे अधिक बार एक पारी में 5 या उससे ज्यादा सिक्स ठोकने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं उन्होंने 31 बार ऐसा किया है। इस फेहरिस्त में दूसरे नंबर पर पूर्व विस्फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग हैं, जिन्होंने अपने करियर में यह कमाल सिर्फ 10 मर्तबा किया था। युवराज सिंह (9 बार) तीसरे पायदान पर हैं। धोनी, सचिन तेंदुलकर, कोहली और सूर्यकुमार यादव ने 8-8 बार ऐसा किया।
रोहित साल 2002 के बाद से वनडे में शुरुआती 10 ओवर में सबसे अधिक सिक्स लगाने के मामले में शीर्ष पर काबिज हैं। वह अब तक 89 छक्के जड़ चुके हैं। रोहित के बाद इस सूची में सहवाग (43), शिखर धवन (24), सचिन (12), शुभमन गिल (12), कोहली (11) और सौरव गांगुली (11) हैं।
