RCB vs SRH: किस्मत ने मोड़ा रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से मुंह, दुर्भाग्यपूर्ण ढंग से रन आउट हो गए विल जैक्स
RCB vs SRH: बड़े लक्ष्य के सामने जूझ रही आरसीबी का साथ उसकी किस्मत ने भी नहीं दिया। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम के बल्लेबाज विल जैक्स दुर्भाग्यपूर्ण ढंग से रनआउट हो गए। विल नॉन स्ट्राइक पर थे।

RCB vs SRH: बड़े लक्ष्य के सामने जूझ रही आरसीबी का साथ उसकी किस्मत ने भी नहीं दिया। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम के बल्लेबाज विल जैक्स दुर्भाग्यपूर्ण ढंग से रनआउट हो गए। विल जैक्स नॉन स्ट्राइक पर थे। स्ट्राइक पर थे कप्तान फाफ डु प्लेसी। जयदेव उनादकट की गेंद पर डु प्लेसी ने सामने की तरफ शॉट लगाया। लेकिन गेंद उनादकट के हाथ से छिटकती हुई नॉन स्ट्राइकर एंड पर स्टंप्स में जा टकराई। उस वक्त तक जैक्स क्रीज से काफी बाहर आ चुके थे। इसके बाद जैक्स उदास कदमों से पवेलियन की तरफ लौट गए। जैक्स के साथ यह हादसा आठवें ओवर की अंतिम गेंद पर हुआ। जैक्स ने चार गेंद पर 7 रनों की पारी खेली और इस दौरान एक चौका लगाया।
रन आउट ने डाला असर
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का यह विकेट 100 के कुल स्कोर पर गिरा। इससे पहले विराट कोहली का विकेट खोकर आरसीबी पहले ही एक बड़ा नुकसान उठा चुकी थी। 287 के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए फिल जैक्स के दुर्भाग्यपूर्ण रन आउट ने टीम की रनगति को प्रभावित किया। उस वक्त तक फाफ डु प्लेसी और उनसे पहले कोहली ने टीम को अच्छी शुरुआत दी थी। आलम यह था कि 7 ओवरों के बाद आरसीबी का कुल योग एसआरएच से भी ज्यादा था। लेकिन अचानक से लगे दो झटकों के बाद आरसीबी के मिशन को तगड़ा झटका लगा।
हैदराबाद ने तोड़ डाला अपना ही रिकॉर्ड, इस बार एक पारी में बनाए इतने रन
एसआरएच ने बनाया सबसे बड़ा स्कोर
इससे पहले ट्रेविस हेड कर 41 गेंदों में 104 रन की तूफानी शतकीय और हेनरिक क्लासेन की 31 गेंदों में 67 रन की अर्धशतकीय पारियों की मदद से सनराइजर्स हैदराबाद ने आरसीबी को जीत के लिए 288 रनों का लक्ष्य दिया। हैदराबाद ने अपने ही रिकार्ड को तोड़ते हुए आईपीएल 2024 का दूसरा सर्वोच्च स्कोर बनाया। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान फाफ डुप्लेसी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट लिये 108 रनों की साझेदारी की।
लेखक के बारे में
Deepak Mishraमूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।
आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।
यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।
जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।
अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।



