आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया के नंबर-1 बनने पर गौतम गंभीर ने जताई नाराजगी
टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के मौजूदा सांसद ने आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया के नंबर-1 बनने पर हैरानी जताई है। हाल ही में आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में बड़े बदलाव...

टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के मौजूदा सांसद ने आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया के नंबर-1 बनने पर हैरानी जताई है। हाल ही में आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में बड़े बदलाव देखने को मिले और भारतीय टीम को पहले पायदान से हटाकर ऑस्ट्रेलिया नंबर-1 टीम बन गई। भारतीय क्रिकेट टीम तीसरे पायदान पर फिसल गई। अक्टूबर 2016 के बाद यह पहला मौका है जब भारतीय टीम पहले नंबर से हटी है।
स्टार स्पोर्ट्स के 'क्रिकेट कनेक्टेड' शो पर गंभीर ने कहा, 'मेरे लिए भारत को ही नंबर-1 पर होना चाहिए क्योंकि ऑस्ट्रेलिया... मुझे नहीं समझ आ रहा कि उन्होंने ऑस्ट्रेलिया को नंबर-1 रैंकिंग कैसे दे दी। घर से बाहर उनका प्रदर्शन बेहद खराब है, खासकर उपमहाद्वीप में।' उन्होंने कहा कि उनके हिसाब से भारत को ही नंबर-1 पर होना चाहिए क्योंकि वो सबसे प्रतिस्पर्धी टीम है।
पूर्व सलामी बल्लेबाज ने कहा, 'हां, 100 फीसदी। अगर आप पूरे प्रभाव को देखें तो भारत ने विदेशों में कई सीरीज हारी हैं, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत हासिल की। वो सबसे प्रतिस्पर्धी टीम है। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट मैच जीता, इंग्लैंड में टेस्ट जीता है। ज्यादातर देशों ने ऐसा नहीं किया है।'
इस दौरान गंभीर ने भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरे को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, 'बीसीसीआई का यह शानदार कदम है। यह एक बहुत ही सकारात्मक संकेत है। वे शायद बड़ी तस्वीर देख रहे हैं। यह देश के मूड को बदल देगा। सीरीज जीतना एक अलग बात है और वहां जाना बहुत बड़ी बात होगी। यह दोनों देशों के मिजाज को बदल देगा। भारत ही नहीं बल्कि शायद ऑस्ट्रेलिया के लिए भी यह एक बहुत बड़ा कदम साबित होगा।' उन्होंने कहा, 'बीसीसीआई सबसे अमीर बोर्ड है और ऐसे में उसे आगे आकर स्थिति को संभालना चाहिए और उसे राजनेता की भूमिका निभाना चाहिए। अगर भारत, ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाता है तो मेरी नजर में बीसीसीआई के लिए और सम्मान बढ़ जाएगा।'
बीसीसीआई कोषाध्यक्ष अरुण धूमल ने सिडनी मॉनिंर्ग हेराल्ड से कहा कि भारत इस दौरे को लेकर सकारात्मक है। भारतीय खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया में सीरीज खेल सकते हैं। यही नहीं विराट सेना मैच से पहले दो हफ्ते तक क्वारांटाइन में रहने को भी तैयार है। उन्होंने कहा, 'कोई विकल्प नहीं है। हर किसी को ऐसा करना होगा। आप क्रिकेट को फिर से शुरू करना चाहेंगे। सभी भारतीय खिलाड़ी क्वारंटाइन में रहने को तैयार हैं।'



