IPL 2022 से बाहर होने वाली पहली टीम बनी मुंबई इंडियंस
राजस्थान रॉयल्स की पंजाब किंग्स पर 6 विकेट से जीत के साथ मुंबई इंडियंस को बड़ा झटका लगा है। रोहित शर्मा की अगुवाई वाली एमआई आईपीएल 2022 से बाहर होने वाली पहली टीम बन गई है।

इस खबर को सुनें
Mumbai indians eliminated from IPL2022: राजस्थान रॉयल्स की पंजाब किंग्स पर 6 विकेट से जीत के साथ मुंबई इंडियंस को बड़ा झटका लगा है। रोहित शर्मा की अगुवाई वाली एमआई आईपीएल 2022 से बाहर होने वाली पहली टीम बन गई है। मुंबई ने अभी तक खेले 10 में से 2 मुकाबले जीते हैं और वह प्वाइंट्स टेबल में सबसे नीचे 10वें पायदान पर है। मुंबई अगर बाकी बचे 4 मुकाबले जीतती है तो वह 12 अंक तक ही पहुंच पाएगी। वहीं उनका नेट रन रेट भी -0.725 का है। राजस्थान रॉयल्स इस जीत के साथ 14 अंकों के साथ तीसरे पायदान पर पहुंच गई है। बता दें, गुजरात टाइटंस पहले और लखनऊ सुपर जाएंट्स दूसरे पायदान पर है।
मुंबई इंडियंस के लिए सीजन 15 की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही थी। टीम को पहले एक दो नहीं बल्कि लगातार 8 हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि पिछले दो मुकाबले एमआई ने जीते हैं। 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के बाहर होने से फैंस काफी निराश है।
मुंबई ने इस साल रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, जसप्रीत बुमराह और कीरोन पोलार्ड को रिटेन किया था, वहीं नीलामी में ईशान किशन पर 15.25 करोड़ रुपए की मोटी रकम खर्च की थी। मगर इन सभी खिलाड़ी ने उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन नहीं किया जिस वजह से एमआई का यह हाल है। यह लगातार दूसरा साल है जब मुंबई प्लेऑफ में नहीं पहुंच पाएगी। 2021 में टीम 5वें स्थान पर रही थी। नेट रन रेट कम होने की वजह से टीम प्लेऑफ में कदम नहीं रख पाई थी।