IPL 2019; MIvsDC: दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 37 रन से दी मात
इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premeir League) का तीसरा मुकाबला तीन बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया। जिसमें दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 37...
इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premeir League) का तीसरा मुकाबला तीन बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया। जिसमें दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 37 रनों से हराकर आईपीएल 2019 में अपने अभियान की शुरूआत जीत के साथ की। दिल्ली कैपिटल्स ने मैच में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 213 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। ऋषभ पंत ने 27 गेंदों में 7 चौकों और 7 छक्कों की मदद से नाबाद 78 रनों की विस्फोटक पारी खेली। उन्हें 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया। कॉलिन इंग्राम ने 47 और शिखर धवन ने 43 रन बनाए।मुंबई इंडियंस के लिए मिशेल मैक्लेनाघन ने 3 विकेट चटकाए। जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पंड्या और बेन कटिंग के खाते में 1-1 विकेट गया।
Read Also: MIvsDC: ऋषभ पंत ने 18 गेंदों में ठोका अर्धशतक, 27 गेंदों में बनाए 78 रन
दिल्ली ने मुंबई को 176 रन पर समेटा
जवाब में मुंबई इंडियंस की शुरूआत तो अच्छी रही और रोहित शर्मा तथा क्विंटन डि कॉक ने पहले विकेट के लिए 3.3 ओवर में 33 रन जोड़े। लेकिन रोहित शर्मा 14 रन बनाकर ईशांत शर्मा के शिकार बने। इसके अगले ही ओवर में सूर्य कुमार यादव को श्रेयस अय्यर ने रन आउट कर मुंबई इंडियंस को मुश्किल में डाल दिया। अच्छी बल्लेबाजी कर रहे क्विंटन डि कॉक भी 27 रन बनाकर ईशांत शर्मा के दूसरे शिकार बने। कीरन पोलार्ड ने भी आते ही शॉट्स खेले लेकिन 21 रन बनाकर कीमो पॉल की गेंद पर आउट हो गए। हार्दिक पंड्या को अक्षर पटेल ने बिना खाता खोले ही पवेलियन वापस भेज दिया। युवराज सिंह ने एक छोर संभाले रखा और क्रुणाल पंड्या के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 39 रन की साझेदारी की।
Read Also: MIvsDC: रसिक सलाम बने IPL खेलने वाले जम्मू-कश्मीर के दूसरे क्रिकेटर
युवराज सिंह ने खेली अर्धशतकीय पारी
इन दोनों ने मुंबई के विकेट गिरने का सिलसिला कुछ देर के लिए रोका। लेकिन 139 के कुल स्कोर पर अच्छे लय में दिख रहे क्रुणाल पंड्या तेजी से रन बनाने के चक्कर में ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर कैच आउट हुए। उन्होंने 15 गेंदों का सामना किया और 5 चौकों तथा 1 छक्के की मदद से 32 रन बनाए। क्रुणाल के आउट होने के बाद युवराज अकेले पड़ गए। उन्होंने इस दौरान अपना अर्धशतक पूरा किया। अब रन रेट बहुत ज्यादा हो गया था। युवराज सिंह ने तेजी से बल्लेबाजी करना चाहा और 53 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर कगिसो रबाडा की गेंद पर कैच आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 35 गेंदों का सामना करते हुए 5 चौके और 3 छक्के लगाए। दिल्ली के लिए ईशांत शर्मा और कगिसो रबाडा ने 2-2 सफलताएं हासिल की। ट्रेंट बोल्ट, कीमो पॉल, अक्षर पटेल और राहुल तेवतिया के हाथ 1-1 सफलता लगी।
सभी खेलों से जुड़े समाचार पढ़ें सबसे पहले Live Hindustan पर। अपने मोबाइल पर Live Hindustan पढ़ने के लिए डाउनलोड करें हमारा न्यूज एप। और देश-दुनिया की हर खबर से रहें अपडेट।