बेन स्टोक्स को 6 नंबर पर खिलाने पर भड़के केविन पीटरसन, बोले- टी20 में इस नंबर पर करें बैटिंग
इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज केविन पीटरसन स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स को 6 नंबर पर खिलाने से खासे नाराज हैं। पीटरसन का मानना है कि इंग्लैंड को बेन स्टोक्स को टी20 फॉर्मेट में बैंटिग में प्रमोट करना...

इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज केविन पीटरसन स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स को 6 नंबर पर खिलाने से खासे नाराज हैं। पीटरसन का मानना है कि इंग्लैंड को बेन स्टोक्स को टी20 फॉर्मेट में बैंटिग में प्रमोट करना चाहिए। भारत के खिलाफ पांचवे टी20 मैच में बेन स्टोक्स छठें नंबर पर खेलने आए। 225 रन के लक्ष्य का पीछा करते इंग्लैंड ने तेजी से अपने विकेट गंवाए। एक बार लग रहा था कि बटलर और मलान इंग्लैंड को जीत की तरफ ले जा रहे हैं। लेकिन बटलर के आउट होते ही मैच पलट गया। बेन स्टोक्स ने पांचवे टी20 में 14 रन बनाए।
पीटरसन ने ट्वीट कर कहा, "स्टोक्स नंबर-6 पर बल्लेबाजी करने के लिए उतर कर तथा पार्ट टाइम गेंदबाजी कर खुद को बर्बाद कर रहे हैं। जॉनी बेयरस्टो टी20 में ओपनर हैं और अगर वह ओपनिंग करने नहीं उतर रहे हैं तो स्टोक्स को नंबर-4 पर खेलाना चाहिए"। गौरतलब है कि बेन स्टोक्स भारत के खिलाफ टी-20 सीरीज में कुछ खास कमाल नहीं कर पाए और कहीं न कहीं इसके पीछे की वजह उनका बल्लेबाज़ी क्रम है। स्टोक्स ने भारत के खिलाफ पांच टी-20 मैचों की तीन पारियों में केवल 84 रन बनाए।
भारत ने पांचवें टी20 मुकाबले में कप्तान विराट कोहली और रोहित शर्मा की पहले विकेट के लिए 94 रनों की साझेदारी के दम पर दो विकेट पर 224 रन बनाए थे और इंग्लैंड को आठ विकेट पर 188 रन पर रोककर यह मुकाबला 36 रनों से जीता था। भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज 23 मार्च से शुरू हो रही है।



