कामरान अकमल बोले- कहा था बाबर आजम से कि कप्तान मत बनो अभी

लाइव हिन्दुस्तान टीम, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर कामरान अकमल ने कहा है कि उन्होंने बाबर आजम से शुरुआती दौर में कहा था कि उन्हें अभी कप्तान नहीं बनना चाहिए। कामरान ने हालांकि बाद में कहा बाबर अब मैच्योर हो गए हैं।

babar azam

पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज कामरान अकमल ने बताया कि जब बाबर आजम को कप्तान बनाया गया था, तब उन्होंने इस खिलाड़ी को कहा था कि अभी कप्तानी मत लो। एशिया कप 2022 में पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम की कप्तानी की काफी आलोचना हुई है। पूर्व क्रिकेटर वसीम अकरम, राशिद लतीफ और मोईन खान जैसे दिग्गजों ने भी बाबर की कप्तानी पर सवाल खड़े किए। एशिया कप 2022 फाइनल में पाकिस्तान की हार के बाद ही कामरान ने भी यह बात कही।

हाफिज मोहम्मद इमरान के साथ यूट्यूब सेशन के दौरान कामरान ने अपनी बात रखी। उनसे जब पूछा गया कि क्या कभी कप्तानी को लेकर उनकी बाबर से बात हुई है, तो उन्होंने कहा, 'जब मुझे पता चला था कि उसे कप्तान बनाया गया है। मैंने तब उनसे कहा था कि मुझे नहीं लगता कि आपको अभी कप्तान बनना चाहिए। आपको अगले तीन-चार साल में बढ़िया प्रदर्शन करना चाहिए... अभी पूरा बैटिंग लाइनअप आपके भरोसे है।'

कामरान ने आगे कहा, 'मैंने तब उनसे कहा था कि अगर आप 35-40 शतक इस दौरान बना लोगे, तो आप आगे भी एन्जॉय करोगे और कप्तानी का मजा भी आएगा। जैसे ही सरफराज अहमद कप्तानी छोड़ेंगे आपको ही कप्तान बनाया जाएगा। लेकिन अभी यह सही समय नहीं है।' कामरान ने आगे कहा कि हालांकि बाबर अब मैच्योर हो गए हैं। उन्होंने कहा, 'लेकिन अब कप्तान के तौर पर बाबर मैच्योर हो गया है और अगर अब उसको इस रोल से हटाया गया, तो यह बहुत बड़ी गलती होगी। लेकिन एशिया कप के फाइनल में उसने जिस तरह की कप्तानी की, उसे उससे बेहतर कप्तानी करनी होगी।'

Namita Shukla

लेखक के बारे में

Namita Shukla
नमिता शुक्ला लाइव हिन्दुस्तान में खेल संपादक के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 15 साल का अनुभव है। 2008 में नवभारत टाइम्स अखबार में बतौर ट्रेनी जर्नलिस्ट बनकर खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2009 में स्पोर्ट्स रिपोर्टर के तौर पर फोकस टीवी से जुड़ीं और फिर 2010 में डिजिटल जर्नलिज्म में पारी का आगाज किया। दैनिक जागरण में करीब पौने दो साल काम करने के बाद आजतक में अपनी पारी 2012 में शुरू की। आजतक में तीन साल आठ महीने काम करने के दौरान शिफ्ट इंजार्ज भी बनीं और आजतक के स्पोर्ट्स पेज को भी लॉन्च किया। 2015 में नमिता ने लाइव हिन्दुस्तान के साथ अपनी पारी शुरू की। करीब 15 साल के करियर में नमिता ने ओलंपिक गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स, क्रिकेट वनडे वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, आईपीएल जैसे तमाम बड़े इवेंट्स कवर किए हैं। इन्होंने वीरेंद्र सहवाग, विश्वनाथन आनंद, गौतम गंभीर, सुशील कुमार, मनिका बत्रा जैसे एथलीट्स का इंटरव्यू किया है। इन्होंने गूगल और मेटा की तरफ से फैक्ट चेकिंग के सर्टिफिकेट भी हासिल किए हैं। इन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से जनसंचार एवं पत्रकारिता में स्नातक किया है। और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट Cricket Live Score, Cricket Schedule, और Cricket News in Hindi के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी बड़े मुकाबलों के पल-पल के अपडेट्स और देश-दुनिया की हर क्रिकेट खबर सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।