IPL 2023 में मुंबई इंडियंस में कप्तान रोहित शर्मा के बैटिंग ऑर्डर में इस बार बदलाव चाहते हैं कुंबले, बताई वजह
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस के लिए पारी का आगाज कम करते हुए नजर आते हैं। आईपीएल 2023 में अनिल कुंबले चाहते हैं कि रोहित नंबर चार पर बैटिंग करने उतरें।

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 मुंबई इंडियंस के लिए बिल्कुल अच्छा नहीं रहा था। आईपीएल इतिहास में पांच खिताब जीतकर सबसे सफल फ्रेंचाइजी टीम बनी मुंबई इंडियंस 10 टीमों में आखिरी पायदान पर रही थी। कप्तान रोहित शर्मा के लिए इस बार चैलेंज होगा कि उनकी टीम एक बार फिर दमदार वापसी करे, जिसके लिए वह शुरू से मशहूर है। वहीं मुंबई इंडियंस के चीफ मेंटर रह चुके अनिल कुंबले का मानना है कि इस सीजन में रोहित शर्मा के बैटिंग ऑर्डर में बदलाव होना चाहिए। अनिल कुंबले ने बताया कि क्यों रोहित का बैटिंग ऑर्डर बदलना जरूरी है।
अनिल कुंबले ने जियो सिनेमा के इसाइडर्स प्रिव्यू-रोहित शो पर कहा, 'खासकर अभी मुंबई इंडियंस की जो टीम है, आपको मिडिल ऑर्डर में एक्सपीरियंस्ड खिलाड़ी चाहिए, मुंबई इंडियंस के पास कुछ दमदार बल्लेबाज हैं, लेकिन मुझे लगता है कि रोहित शर्मा जैसा कोई बल्लेबाज बीच में आकर अगर सात से 15 ओवर में चीजें कंट्रोल कर लेता है, तो यह टीम के लिए काफी अहम होगा।'
पिछले सीजन में रोहित ने ईशान किशन के साथ पारी का आगाज किया था। वहीं इस बार मुंबई इंडियंस को जसप्रीत बुमराह की भी कमी काफी खलने वाली है। बुमराह चोट के चलते इस सीजन में नहीं खेल पाएंगे, हालांकि जोफ्रा आर्चर फिट होकर मुंबई इंडियंस टीम से जुड़ चुके हैं।