फोटो गैलरी

Hindi News क्रिकेटIPL 2021 का आयोजन क्यों दो चरणों में हुआ? धोनी ब्रिगेड ने जीता चौथा खिताब, ऋतुराज के बल्ले ने उगली आग

IPL 2021 का आयोजन क्यों दो चरणों में हुआ? धोनी ब्रिगेड ने जीता चौथा खिताब, ऋतुराज के बल्ले ने उगली आग

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2021 का आयोजन दो चरणों में हुआ था। पहला चरण भारत जबकि दूसरा दूसरा यूएई में हुआ था। सीएसके ने 14वें सीजन का खिताब जीता था। ऋतुराज ने टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाए।

IPL 2021 का आयोजन क्यों दो चरणों में हुआ? धोनी ब्रिगेड ने जीता चौथा खिताब, ऋतुराज के बल्ले ने उगली आग
Md.akram लाइव हिंदुस्तान टीम,नई दिल्लीFri, 24 Mar 2023 09:26 PM
ऐप पर पढ़ें

आईपीएल 2021 पर कोरोना संकट का असर सबसे ज्यादा देखने को मिला, जिसकी वजह से टूर्नामेंट का आयोजन दो चरणों में हुआ। 14वें सीजन को सख्त जैव सुरक्षित वातावरण (बायो-बबल) के बावजूद ना सिर्फ सस्पेंड करना करना पड़ा था बल्कि अनेक खिलाड़ी कोरोना संक्रमित भी हो गए। उस दौरान आईपीएल के आयोजन पर काफी सवाल उठे। यह सीजन 9 अप्रैल को भारत में शुरू हुआ और 4 मई को अनिश्चितकाल के लिए निलंबित कर दिया गया। इसके बाद, बीसीसीआई ने कार्यक्रम में बदलाव किया और दूसरा चरण यूएई में 19 मई सितंबर से 15 अक्टूबर तक आयोजित किया।

टूर्नामेंट का हुआ रोमांचक आगाज

आईपीएल के 14वें सीजन की पहली भिड़ंत मुंबई इंडियंस (एमआई) और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के बीच हुई। मैच में भरपूर रोमांच देखने को मिला, जिसका नतीजा अंतिम गेंद पर निकला। आरसीबी ने 2 विकेट से जीत हासिल की। मुंबई ने 159/9 का स्कोर बनाया और आरसीबी ने निर्धारित 20 ओवर में 160 रन जोड़कर मैच पर कब्जा किया। आखिरी ओवर में आरसीबी को जीत के लिए 7 रन चाहिए थे। मार्को जानसेन ने सूझबझ के साथ गेंदबाजी की लेकिन वह मुंबई को हार से नहीं बचा सके। बैंगलोर के लिए सबसे अधिक रन एबी डिविलियर्स (48) ने बनाए।

चार खिलाड़ियों ने ठोके शतक

आईपीएल 2021 में चार खिलाड़ियों के बल्ले से शतकीय पारियां निकलीं। सीजन का पहला शतक विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने लगाया। उन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ 63 गेंद पर 119 रन की पारी खेली। देवदत्त पडिक्कल ने दूसरी सेंचुरी जमाई। उन्होंने राजस्थान के सामने 51 गेंदों में नाबाद 101 रन बनाए। जोस बटलर ने तीसरा सैकड़ा बनाया। उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के विरुद्ध 64 गेंदों में 124 रन जुटाए। ऋतुराज गायकवाड़ ने सीजन की चौथी सेंचुरी जड़ी।  उन्होंने राजस्थान के विरुद्ध 60 गेंदो में नाबाद 101 रन जुटाए।

एक ही समय पर खेले गए दो मैच

आईपीएल इतिहास में पहली बार एक ही समय पर दो मुकाबले खेले गए। ऐसा 8 अक्टूबर 2021 को हुआ। सनराइजर्स बनाम मुंबई और आरसीबी बनाम दिल्ली कैपिटल्स मुकाबला शाम साढ़े सात बजे से खेला गया। एक मैच अबुधाबी तो दूसरा दुबई में हुआ। यह दोनों लीग चरण के आखिरी मुकाबले थे। मुंबई ने 42 रन और आरसीबी ने 7 विकेट से मैच अपने नाम किया।

चौथी बार चैंपियन बनी धोनी ब्रिगेड

एमएस धोनी की अगुवाई वाली चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने आईपीएल 2021 ट्रॉफी जीती। धोनी ब्रिगेड चौथी बार चैंपियन बनी। चेन्नई ने दुबई में खेले गए फाइनल में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को 27 रन से शिकस्त दी। फाफ डुप्लेसिस (59 गेंदों में 86) की शानदार पारी के दम पर सीएसके ने 192/2 का स्कोर खड़ा किया। जवाब में शुभमन गिल (51) और वेंकटेश अय्यर (50) ने फिफ्टी ठोकी लेकिन केकेआर को जीत नहीं दिला पाए। केकेआर 9 विकेट के नुकसान पर 165 रन ही जोड़ सकी।

ऑरेंज कैप और पर्पल कैप विनर

ऋतुराज गायकवाड़ 14वें सीजन में ऑरेंज कैप विनर रहे। उन्होंने 16 मैचों में 45.35 के औसत और 136.26 के स्ट्राइक रेट से 635 रन बनाए। उन्होंने एक शतक के अलावा चार अर्धशतक जमाए। डुप्लेसिस (633) महज तीन रन से ऑरेंज कैप जीतने से चूक गए। आईपीएल 2021 में पर्पल कैप हर्षल पटेल ने हासिल की। उन्होंने 15 मैचों में 8.14 के इकॉनमी रेट से सबसे ज्यादा 32 विकेट लिए। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 27 रन देकर 5 विकेट रहा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें