India vs Sri Lanka : श्रीलंका के अजेय रथ को रोक भारत पहुंचा एशिया कप के फाइनल में, क्या पाक से होगी भिड़ंत?
India vs Sri Lanka Asia Cup 2023 : भारत ने एशिया कप 2023 के सुपर 4 मुकाबले में श्रीलंका को 41 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली है, जहां उसका सामना पाकिस्तान या श्रीलंका से होगा।
India vs Sri Lanka Asia Cup 2023 : भारत ने मंगलवार (12 सितंबर) को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में एशिया कप के सुपर 4 मुकाबले में श्रीलंका को 41 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। भारत सुपर 4 में पाकिस्तान को 228 रन और श्रीलंका को 41 रन से हराकर 10वीं बार एशिय कप के फाइनल में पहुंचा है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.1 ओवर में 213 रन बनाए। इसके जवाब में श्रीलंका की टीम 41.3 ओवर में 172 रन ही बना सकी। भारत के लिए कुलदीप यादव ने 43 रन रेक चार विकेट लिये। श्रीलंका के लिए दुनिथ वेलालगे ने नाबाद 42 जबकि धनंजय डिसिल्वा ने 41 रन बनाए। फैंस को भारत और पाकिस्तान के बीच 17 सितंबर को एक बार और भिड़ंत देखने को मिल सकती है। पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच गुरुवार को होने वाले मुकाबले को जीतने वाली टीम फाइनल (रविवार) में भारत से भिड़ेगी।
214 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने तीसरे ओवर में ही पथुम निसांका को विकेट गंवाया। निसांका 6 रन बनाकर आउट हुए। बुमराह ने उन्हें आउट किया। इसके बाद बुमराह ने कुसल मेंडिस को पवेलियन भेजा। मेंडिस 15 रन बनाकर आउट हुए। दिमुथ करुणारत्ने दो रन बना सके, उन्हें मोहम्मद सिराज ने आउट किया। सदीरा कुछ देर तक क्रीज पर टिके रहे लेकिन कुलदीप यादव ने उन्हें आउट करके पवेलियन भेजा। कुलदीप ने असलंका को भी आउट किया। असलंका ने 35 गेंद में 22 रन बनाए। कप्तान शनाका 9 रन ही बना सके। धनंजय डिसिल्वा ने 66 गेंद में 41 रन की पारी खेली, उन्हें जडेजा ने कैच आउट करवाया।
भारतीय टीम ने श्रीलंका के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.1 ओवर में 213 रन बनाए हैं। भारत के लिए कप्तान रोहित शर्मा ने सर्वाधिक 53 रन बनाए। श्रीलंका के लिए दुनिथ वेल्लालगे ने पांच विकेट झटके, जबकि असलंका को चार विकेट मिला। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत की शुरुआत अच्छी रही। रोहित शर्मा और शुभमन गिल के बीच पहले विकेट के लिए 80 रन की साझेदारी हुई। हालांकि दुनिथ वेल्लालगे ने अपनी पहली ही गेंद पर शुभमन गिल का विकेट लेने के साथ ही भारतीय बल्लेबाजों को घुटने टेकने के लिए मजबूर कर दिया। गिल 25 गेंद में 19 रन ही बना सके। दुनिथ वेल्लालगे ने इसके बाद विराट कोहली (3), रोहित शर्मा (53), केएल राहुल (39) और ईशान किशन (33) रन बनाकर आउट हुए। दुनिथ वेल्लालगे ने मैच में अपनी पहली गेंद और फिर आखिरी गेंद पर विकेट चटकाया। आखिरी गेंद पर उन्होंने हार्दिक पांड्या को आउट किया। असलंका ने रविंद्र जडेजा (4) को आउट किया। इसके बाद असलंका ने जसप्रीत बुमराह और कुलदीप यादव को लगातार गेंदों पर आउट किया। टूर्नामेंट के दूसरे राउंड में दोनों ही टीमों ने अपना पहला मुकाबला जीता है, श्रीलंका ने जारी टूर्नामेंट में अपने पिछले मुकाबले में शनिवार को बांग्लादेश को 21 रन से हराया था।
India vs Sri Lanka Live Score Asia Cup 2023 updates
India Score - 213/9 (49.1)
Sri lanka score- 172/10 (41.3)
11:04 PM India vs Sri lanka result : भारत ने एशिया कप एकदिवसीय टूर्नामेंट में मंगलवार को श्रीलंका को 41 रन से शिकस्त देकर के सुपर फोर चरण में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 213 रन बनाने के बाद श्रीलंका की पारी को 41.3 ओवर में 172 रन पर समेट दिया। भारत के लिए कुलदीप यादव ने 43 रन रेक चार विकेट लिये। श्रीलंका के लिए दुनिथ वेलालगे ने नाबाद 42 जबकि धनंजय डिसिल्वा ने 41 रन बनाये।
10:57 PM India vs Sri lanka : भारत ने श्रीलंका को एशिया कप 2023 के सुपर 4 मुकाबले में 41 रन से हरा दिया है। कुलदीप यादव ने अपने आखिरी ओवर में श्रीलंका को दो झटके देकर उनकी पारी का अंत किया।
10:56 PM India vs Sri lanka : कुलदीप यादव ने भारत को बड़ी सफलता दिलाई है। रंजिथा एक रन बनाकर आउट हुए। कुलदीप ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया।
10:52 PM India vs Sri lanka : तीक्षणा 14 गेंद में दो रन बनाकर आउट हो गए हैं। हार्दिक पांड्या ने उन्हें सूर्यकुमार के हाथों कैच आउट करवाया।
10:48 PM India vs Sri lanka : हार्दिक पांड्या को भले ही विकेट ना मिली हो लेकिन उन्होंने डॉट गेंद डालकर श्रीलंका को दबाव में डाला है।
10:40 PM India vs Sri lanka : श्रीलंका की टीम ने 39 ओवर में 7 विकेट खोकर 168 रन बना लिए हैं। जीत के लिए 46 रन चाहिए।
10:34 PM India vs Sri lanka : रविंद्र जडेजा ने 38वें ओवर में भारत को बड़ी सफलता दिलाई है। उन्होंने धनंजय डि सिल्वा को आउट किया। सिल्वा 66 गेंद में 41 रन बनाकर आउट हुए।
10:22 PM India vs Sri lanka Live : श्रीलंका ने 35 ओवर में 6 विकेट खोकर 154 रन बना लिए हैं। टीम को जीत के लिए 89 गेंद में 60 रन चाहिए। भारत को 4 विकेट चाहिए।
10:14 PM India vs Sri lanka Live score : धनंजय और दुनिथ वेल्लालगे के बीच सातवें विकेट के लिए 54 गेंद में 52 रन की साझेदारी हो चुकी है। श्रीलंका को जीत के लिए सिर्फ 63 रन चाहिए।
10:05 PM India vs Sri lanka Live : भारत विकेट की तलाश में है। धनंजय 36 रन बनाकर खेल रहे हैं और दिनुथ 16 रन बना चुके हैं।
9:54 PM India vs Sri lanka Live : श्रीलंका ने 31 ओवर में 6 विकेट खोकर 132 रन बना लिए हैं। श्रीलंका को जीत के लिए 82 गेंद में 116 रन चाहिए।
9:40 PM India vs Sri lanka Live score : रविंद्र जडेजा ने श्रीलंका के कप्तान दसुन शनाका को पवेलियन भेज दिया है। शनाका 13 गेंद में 9 रन बनाकर आउट हुए।
9:32 PM India vs Sri lanka Live : श्रीलंका ने 24 ओवर में 5 विकेट खोकर 96 रन बना लिए हैं। श्रीलंका को जीत के लिए 118 रन चाहिए।
9:20 PM India vs Sri lanka Live : कुलदीप ने पांचवें ओवर में असलंका को आउट करके श्रीलंका को पांचवां झटका दिया और मैच में अपना दूसरा विकेट लिया। असलंका 35 गेंद में 22 रन बनाकर आउट हुए।
9:08 PM India vs Sri lanka : कुलदीप यादव ने अपने विकेट का खाता खोल लिया है। उन्होंने सदीरा समरविक्रमा को आउट करके श्रीलंका को बड़ा झटका दिया है।
9:02 PM India vs Sri lanka live : ईशान किशन ने असलंका का कैच ड्रॉप कर दिया है, जोकि काफी खतरा बन सकते हैं। जडेजा के ओवर में ये मौका बना था।
8:48 PM India vs Sri lanka live score : श्रीलंका ने 14 ओवर में 3 विकेट खोकर 52 रन बना लिए हैं। कुलदीप यादव और जडेजा को पिच से मदद मिल रही है, जोकि श्रीलंका के लिए अच्छी खबर नहीं है।
8:40 PM India vs Sri lanka live : भारत ने 11वें ओवर में स्पिनर को गेंद थमाई है। कुलदीप यादप ने आते ही श्रीलंकाई बल्लेबाजों को परेशान किया है। पहले ओवर में सिर्फ एक रन दिए।
8:28 PM India vs Sri lanka live : श्रीलंका ने 10 ओवर में 3 विकेट खोकर 35 रन बना लिए हैं। टीम को जीत के लिए 179 रन चाहिए।
8:16 PM India vs Sri lanka : मोहम्मद सिराज को उनके चौथे ओवर में सफलता मिली है। दिमुथ करुणारत्ने सिर्फ दो रन ही बनाकर पवेलियन लौट गए हैं।
8:10 PM India vs Sri lanka live : बुमराह ने श्रीलंका को दूसरा झटका दिया है। कुसल मेंडिस 16 गेंद में 15 रन बनाकर आउट हुए।
8:02 PM India vs Sri lanka live : श्रीलंका ने 214 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 6 ओवर में एक विकेट खोकर 21 रन बना लिए हैं।
7:48 PM India vs Sri lanka : जसप्रीत बुमराह ने श्रीलंका को पहला झटका दिया है। पाथुम निसांका 7 गेंद में 6 रन बनाकर आउट हुए। बुमराह ने उन्हें कैच आउट करवाया।
7:45 PM India vs Sri lanka Live : श्रीलंका की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। बुमराह ने पहला ओवर फेंका और 7 रन दिए।
7:32 PM India vs Sri lanka Live : भारत ने श्रीलंका के खिलाफ खेले जा रहे एशिया कप सुपर फोर चरण के मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.1 ओवर में 213 रन बनाए हैं। श्रीलंका के लिए दुनिथ वेलालगे ने पांच और चरिथ असलंका ने चार विकेट चटकाये हैं।
7:25 PM India vs Sri lanka Live : भारत ने 49 ओवर में 9 विकेट खोकर 212 रन बना लिए हैं। अक्षर 26 रन बनाकर खेल रहे हैं।
7:20 PM India vs Sri lanka Live score : 32वें ओवर के बाद भारतीय पारी के 48वें ओवर में बाउंड्री आई है। अक्षर पटेल ने छक्का लगाया है।
7:16 PM India vs Sri lanka Live : भारत ने 48वें ओवर में 200 रन पूरे कर लिए हैं। सिराज और अक्षर क्रीज पर मौजूद हैं।
7:12 PM India vs Sri lanka Live : बारिश रुक गई है और जल्द ही मैच शुरू होने वाला है। श्रीलंका को एक विकेट चाहिए, जबकि भारत 200 के थोड़ा ऊपर का स्कोर बनाना चाहेगा।
6:52 PM India vs Sri lanka weather : भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे एशिया कप सुपर फोर चरण के मैच में बारिश के कारण रुकावट आयी है। बारिश के कारण खेल को रोके जाते समय भारतीय टीम ने 47 ओवर में नौ विकेट पर 197 रन बनाए हैं।
6:28 PM India vs Sri lanka live : इंडिया वर्सेस श्रीलंका मैच बारिश की वजह से मैच रुक गया है। बारिश के कारण मैच नहीं शुरू होता है तो भारत के लिए मुश्किलें बढ़ जाएंगी, क्योंकि ज्यादा विकेट गिरने के कारण भारत को डकवर्थ लुईस नियम लागू होने पर कम स्कोर डिफेंड करने को मिलेगा।
6:16 PM India vs Sri lanka live : भारत ने 45 ओवर में 9 विकेट खोकर 191 रन बना लिए हैं। सिराज और अक्षर पटेल क्रीज पर हैं।
6:10 PM India vs Sri lanka live : असलंका ने अपने सातवें ओवर में जसप्रीत बुमराह और कुलदीप यादव को लगातार गेंदों पर आउट किया। हालांकि वह हैट्रिक नहीं ले सके।
5:54 PM India vs Sri lanka live : रविंद्र जडेजा भी ज्यादा कमाल नहीं दिखा सके हैं और 19 गेंद में 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए हैं। असलंका ने उन्हें आउट किया।
5:42 PM India vs Sri lanka : भारत ने 37 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 174 रन बना लिए हैं। श्रीलंका के स्पिनर दुनिथ वेल्लालगे ने पांच विकेट ले लिए हैं। उन्होंने 10 ओवर में 40 रन देकर 5 विकेट लिए।
5:30 PM India vs Sri lanka : ईशान किशन 61 गेंद में 33 रन बनाकर पवेलियन लौट गए हैं। अपनी पारी में उन्होंने एक चौका और एक छक्का लगाया। दुनिथ ने उनका शानदार कैच पकड़ा।
5:10 PM India vs Sri lanka : स्टार बल्लेबाज केएल राहुल अच्छी पारी खेलने के बाद पवेलियन लौट गए हैं। उन्होंने 44 गेंद में 39 रन बनाए। दुनिथ वेल्लालगे ने मैच में अपना चौथा विकेट लिया।
4:55 PM India vs Sri lanka : भारत ने 26 ओवर में तीन विकेट खोकर 131 रन बना लिए हैं। 11 रन के अंदर तीन विकेट गंवाने के बाद राहुल और किशन ने पारी को संभाला है।
4:40 PM India vs Sri lanka : ईशान किशन और केएल राहुल ने पारी को संभाला है। दोनों के बीच 25 रन की साझेदारी हो चुकी है।
4:32 PM India vs Sri lanka : भारत ने 20 ओवर में तीन विकेट खोकर 108 रन बना लिए हैं। ईशान किशन और केएल राहुल क्रीज पर हैं।
4:20 PM India vs Sri lanka : भारतीय कप्तान रोहित शर्मा भी क्लीन बोल्ड होकर पवेलियन लौट गए हैं। उन्होंने 48 गेंद में 53 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने 7 चौके और दो छक्के लगाए। दुनिथ वेल्लालगे भारत के तीनों खिलाड़ियों को आउट किया है।
4:08 PM India vs Sri lanka : पाकिस्तान के खिलाफ शतक लगाने वाले विराट कोहली सस्ते में पवेलियन लौट गए हैं। उन्होंने 12 गेंद में तीन रन बनाए।
4:02 PM India vs Sri lanka Rohit sharma fifty : रोहित शर्मा ने 44 गेंद में अर्धशतक पूरा कर लिया है। पाकिस्तान के खिलाफ भी रोहित ने फिफ्टी लगाई थी।
3:58 PM India vs Sri lanka shubman gill : भारत को 12वें ओवर में पहला झटका लगा है। टीम के स्टार सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल क्लीन बोल्ड हो गए हैं। दुनिथ वेल्लालगे ने उन्हें आउट किया।
3:54 PM India vs Sri lanka Live : रोहित ने 10वें ओवर में श्रीलंका के कप्तान शनाका के ओवर में चार चौके लगाए हैं। इस ओवर में 17 रन बने।
3:44 PM India vs Sri lanka Live Score : रोहित शर्मा और शुभमन गिल के बीच पहले विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी हो चुकी है। रोहित 27 और गिल 18 रन बनाकर खेल रहे हैं।
3:32 PM India vs Sri lanka Live Score : भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने वनडे क्रिकेट में 10 हजार रन पूरे कर लिए हैं। वह श्रीलंका के खिलाफ मैच में छक्का लगाकर इस उपलब्धि तक पहुंचे। वह 10 हजार रन बनाने वाले छठे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।
3:15 PM India vs Sri lanka Live : भारत ने श्रीलंका के खिलाफ भी दमदार शुरुआत की है। शुरुआती 5 ओवर में भारत ने बिना विकेट गंवाए 25 रन बनाए हैं।
3:02 PM India vs Sri lanka : भारत की पारी की शुरुआत के लिए रोहित शर्मा और शुभमन गिल क्रीज पर पहुंच गए हैं। भारत ने पहले ओवर में 7 रन बनाए।
2:54 PM India vs Sri lanka : भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ जीत दर्ज करने वाली टीम में एक बदलाव करके शार्दुल ठाकुर की जगह अक्षर पटेल को अंतिम एकादश में रखा है। श्रीलंका ने अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया है।
2:34 PM India vs Sri lanka Playing xi :
टीमें: भारत (प्लेइंग इलेवन): रोहित शर्मा (कप्तान), शुबमन गिल, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रित बुमरा, मोहम्मद सिराज
श्रीलंका (प्लेइंग इलेवन): पथुम निसांका, दिमुथ करुणारत्ने, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), सदीरा समरविक्रमा, चैरिथ असलांका, धनंजय डी सिल्वा, दासुन शनाका (कप्तान), डुनिथ वेललेज, महीश थीक्षाना, कासुन राजिथा, मथीशा पथिराना
2:30 PM India vs Sri lanka Toss Live : भारत ने श्रीलंका के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है।
2:25 PM India vs Sri lanka Live : भारत और श्रीलंका के बीच एशिया कप 2023 के सुपर 4 मुकाबले के लिए कुछ देर में टॉस होने वाला है। इस समय मौसम साफ है।
2:00 PM बल्लेबाज श्रेयस अय्यर श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। अय्यर पूरी तरह फिट नहीं हो सकें हैं। उन्हें पीठ में जकड़ने के कारण पाकिस्तान के खिलाफ मैच से बाहर होना पड़ा था।
1:30 PM आज भारत की प्लेइंग इलेवन में बदलाव देखने को मिल सकता है। भारतीय टीम लगातार तीसरे दिन खेलने उतरेगी, जिसकी वजह से कुछ खिलाड़ियों को आराम दिया जा सकता है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की जगह मोहम्मद शमी और स्पिन ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा के स्थान पर अक्षर पटेल को मौका मिल सकता है। वहीं, अगर स्पिनर कुलदीप यादव को आराम दिया जाता है तो प्रसिद्ध कृष्णा की एंट्री हो सकती है।
12:55 PM श्रीलंका की संभावित प्लेइंग इलेवन: पथुम निसांका, दिमुथ करुणारत्ने, कुसल मेंडिस, सदीरा समरविक्रमा, चरिथ असलंका, धनंजय डि सिल्वा, दसुन शनाका (कप्तान), दुनिथ वेल्लालगे, महीश तीक्ष्णा, कसुन रजीता, मथीशा पथिराना।
12:20 PM भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, केएल राहुल, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
11:45 PM भारत बनाम श्रीलंका मैच पर बारिश का साया है। कोलंबो में दिन में 84 प्रतिश बारिश की संभावना जो रात तक घटकर 55 प्रतिशत रह जाएगा। इस मैच के लिए रिजर्व डे नहीं है। अगर मैच बारिश में धुला तो दोनों टीम को अंक बांटने पड़ेंगे।
11:15 PM श्रीलंका का वनडे एशिया कप में भारत के खिलाफ रिकॉर्ड थोड़ा सा बेहतर है। दोनों का टूर्नामेंट में 10 बार आमना-सामना हुआ है, जिसमें श्रीलंका ने 10 बार विजयी परचम फहराया। भारत को 9 मैच में जीत नसीब हुई।
10:45 PM भारत और श्रीलंका के बीच कुल 165 वनडे खेले हैं। भारत ने इस दौरान 96 और श्रीलंका ने 56 मैच जीत। 11 मुकाबलों का नतीजा नहीं निकला जबकि एक मैच टाई रहा।
भारतीय स्क्वॉड: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), इशान किशन, हार्दिक पंड्या, रवींद्र जड़ेजा, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, जसप्रित बुमरा, मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शमी, सूर्यकुमार यादव, एक्सर पटेल, श्रेयस अय्यर, प्रिसिध कृष्णा, तिलक वर्मा
श्रीलंका स्क्वॉड: पथुम निसांका, दिमुथ करुणारत्ने, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), सदीरा समरविक्रमा, चैरिथ असलांका, धनंजय डी सिल्वा, दासुन शनाका (कप्तान), डुनिथ वेलालेज, महीश थीक्षाना, कासुन राजिथा, मथीशा पथिराना, कुसल परेरा, बिनुरा फर्नांडो, प्रमोद मदुशन, दुशान हेमंथा
