Ind vs SA 2nd T20 : डेविड मिलर की शतकीय पारी गई बेकार, भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहली बार टी20 सीरीज पर किया कब्जा
भारत ने तीन मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 16 रनों से हराकर सीरीज अपने नाम कर ली है। भारत ने तीन विकेट पर 237 रन बनाने के बाद अफ्रीका को तीन विकेट पर 221 रन पर रोक दिया।
India vs South Africa 2nd T20 live score: टीम इंडिया ने तीन मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका को 16 रनों से हराकर सीरीज अपने नाम कर ली है। घरेलू सरजमीं पर भारत की अफ्रीका के खिलाफ टी20 में ये पहली सीरीज जीत है। भारत ने पहला मैच 8 विकेट से जीता था। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए केएल राहुल (57), सूर्यकुमार (61) और कोहली के 49 रनों की बदौलत 20 ओवर में 3 विकेट पर 237 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 221 रन ही बना सकी। हालांकि एक समय ऐसा लगा कि मिलर और डिकॉक भारत से ये मैच छीन लेंगे। दक्षिण अफ्रीका के लिए सर्वाधिक डेविड मिलर ने सर्वाधिक 106 रन बनाए।
गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 238 रनों के विशाल टारगेट का पीछा करने उतरी अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने दूसरे ओवर में ही अपने दो विकेट गंवा दिए। हालांकि इसके क्विंटन डिकॉक और मारक्रम के बीच तीसरे विकेट के लिए 29 गेंद में 46 रन की साझेदारी हुई। मारक्रम को अक्षर पटेल ने क्लीन बोल्ड किया उन्होंने 19 गेंद में 33 रन बनाए।
इसके बाद डिकॉक ने डेविड मिलर के साथ मिलकर पारी को संभाला। इन दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी भी हुई। डेविड मिलर ने 47 गेंद में नाबाद 106 रन बनाए। मिलर ने अपनी पारी में 8 चौके और 7 छक्के लगाए। डिकॉक 48 गेंद में 69 रन बनाकर नाबाद रहे। डिकॉक और मिलर ने मैच को आखिरी ओवर तक पहुंचा दिया था, लेकिन अफ्रीका को आखिरी ओवर में 37 रन चाहिए थे और आखिरी ओवर में अक्षर पटेल के खिलाफ मिलर ने दो छक्के लगाकर शतक जड़ा। इस ओवर की आखिरी गेंद पर डिकॉक ने छक्का लगाया। आखिरी ओवर में 20 रन बने।
इससे पहले भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए केएल राहुल और सूर्यकुमार की अर्धशतकीय पारी की बदौलत 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 237 रन बनाए। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाजों ने शानदार शुरुआत दिलाई। रोहित और राहुल के बीच पहले विकेट के लिए 59 गेंद में 96 रन की साझेदारी हुई। रोहित 37 गेंद में 43 रन बनाकर आउट हुए। वहीं केएल राहुल ने 28 गेंदों में 57 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके और 4 छक्के लगाए।
रोहित और राहुल के आउट होने के बाद सूर्यकुमार ने कोहली के साथ मिलकर ताबड़तोड़ पारी खेली। उऩ्होंने 18 गेंदों में फिफ्टी पूरी की। सूर्य 22 गेंद में 61 रन बनाकर रन आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके और 5 छक्के लागए। विराट कोहली 28 गेंदों में 49 रन बनाकर नाबाद रहे। कोहली और सूर्यकुमार के बीच तीसरे विकेट के लिए 42 गेंद में 102 रन की साझेदारी हुई। दिनेश कार्तिक ने आखिरी 7 गेंदों में 17 रन बटोरे। कार्तिक और कोहली ने चौथे विकेट के लिए 11 गेंदों में 28 रन जोड़े।
India vs South Africa 2nd T20 Live Score
SA - 221/3 (20), IND- 237/3 (20)
11:15 PM:भारत ने दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय में दक्षिण अफ्रीका को 16 रन से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। भारत ने तीन विकेट पर 237 रन बनाने के बाद दक्षिण अफ्रीका को तीन विकेट पर 221 रन पर रोक दिया।भारत ने अपनी सरजमीं पर टी20 श्रृंखला में पहली बार दक्षिण अफ्रीका को हराया हैं। दक्षिण अफ्रीका के लिए डेविड मिलर ने सबसे ज्यादा नाबाद 106 रन बनाये। भारत के लिए अर्शदीप सिंह ने दो विकेट लिए।
11:10 PM: फैंस के लिए ये मैच पैसा वसूल रहा है। इस मैच में 450 से ज्यादा रन बने और मैच में 25 छक्के लगे।
11:08 PM: डेविड मिलर ने शतक जड़ दिया है। हालांकि उनकी शतकीय पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी।
11:02 PM: भारतीय टीम के लिए पिछले कुछ समय से 19वां ओवर काफी महंगा साबित हो रहा है और इस मैच में भी 19वें ओवर में 26 रन बने हैं।
10:58 PM: अर्शदीप सिंह अपने आखिरी ओवर में काफी महंगे साबित हुए है। मैच में वह तीन नो बॉल डाल चुके हैं।
10:50 PM: दक्षिण अफ्रीका ने 17 ओवर में तीन विकेट खोकर 164 रन बना लिए हैं। मिलर और डिकॉक के बीच 69 गेंद में 127 रन की साझेदारी पूरी हो चुकी है।
10:38 PM: डेविड मिलर और डिकॉक के बीच शतकीय साझेदारी पूरी हो चुकी है। इस बीच डिकॉक ने 39 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया है।
10:30 PM: दक्षिण अफ्रीका ने 14 ओवर में 3 विकेट खोकर 114 रन बना लिए हैं। डेविड मिलर ने 25 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया है।
10:25 PM: अर्शदीप सिंह ने अपने तीसरे ओवर में एक नो बॉल डाली है और इस पर मिलर ने छक्का जड़ दिया है। इससे पहले भी अर्शदीप ने नो बॉल फेंकी थी, जिस पर छक्का लगा था।
10:14 PM: अफ्रीका को जीत के लिए 48 गेंद में 136 रन चाहिए। अश्विन के चौथे ओवर में मिलर ने दो छक्के जड़े। आखिरी गेंद पर चौका लगाया
10:08 PM: हर्षल पटेल ने अपने पहले ओवर में 11 रन दिए। अफ्रीका ने 11 ओवर में 83 रन बना लिए हैं।
10:04 PM: साउथ अफ्रीक ने 10 ओवर में 3 विकेट खोकर 70 रन बना लिए हैं। हर्षल पटेल को 11वें ओवर में गेंद थमाई गई है।
9:55 PM: अफ्रीका ने पिछले 5 ओवर में 43 रन बनाए हैं और एक विकेट गंवाया है।
9:50 PM: दक्षिण अफ्रीका को बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार बल्लेबाज एडन मारक्रम 19 गेंद में 33 रन बनाकर क्लीन बोल्ड हो गए हैं। उन्हें अक्षर पटेल ने आउट किया।
9:47 PM: अफ्रीका ने पावरप्ले में 2 विकेट खोकर 45 रन बनाए हैं। बावुमा और रिले खाता नहीं खोल सके।
9:42 PM: अर्शदीप ने पावरप्ले के आखिरी ओवर में नो बॉल फेंकी है, फ्री हिट पर मारक्रम ने छक्का जड़ दिया है।
9:35 PM: एडन मारक्रम दूसरे मैच में भी अच्छी लय में नजर आ रहे हैं। अफ्रीका ने 5 ओवर में 29 रन बना लिए हैं।
9:31 PM: साउथ अफ्रीका ने 3 ओवर में 2 विकेट खोकर 13 रन बना लिए हैं। चौथे ओवर के लिए कप्तान रोहित ने अश्विन को गेंद थमाई है।
9:28 PM: खराब लाइट के कारण लगभग 15 मिनट के बाद फिर से मैच शुरू हुआ है।
9:13 PM: पहली गेंद पूरी होते ही स्टेडियम की एक तरफ की फ्लड लाइट खराब हो गई है, जिसकी वजह से मैच को रोकना पड़ा।
9:12 PM: तीसरे ओवर की पहली गेंद पर मारक्रम के खिलाफ एलबीडब्ल्यू की अपील हुई, लेकिन अंपायर ने मना कर दिया, रोहित ने बताया कि गेंद बैट से लगी है।
9:09 PM: दक्षिण अफ्रीका ने पारी के दूसरे ओवर में दो विकेट गंवा दिए हैं। अर्शदीप सिंह ने बावुमा और रिसो को कैच आउट करवाया।
9:04 PM: दीपक चाहर द्वारा किए गए मेडन ओवर के बाद अर्शदीप सिंह ने अपने पहले ही ओवर में कप्तान तेम्बा बावुमा को पवेलियन भेज दिया है।
9:01 PM: दीपक चाहर ने दूसरे मैच में भी अपनी स्विंग से काफी परेशान किया। तेम्बा बावुमा रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
8:58 PM: साउथ अफ्रीका की बल्लेबाजी पहले मैच में ताश के पत्तों की तरह ढह गई थी। दूसरे मैच में कप्तान बावुमा डिकॉक के साथ मिलकर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाना चाहेंगे।
8:55 PM: भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय में रविवार को पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर तीन विकेट पर 237 रन बनाए। भारत के लिए सूर्यकुमार यादव (61), लोकेश राहुल (57) ने अर्धशतकीय पारियां खेली जबकि विराट कोहली ने नाबाद 49 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका के लिए केशव महाराज ने चार ओवर में 23 रन देकर दो विकेट लिए।
8:45 PM: दिनेश कार्तिक और कोहली ने आखिरी ओवर में 18 रन बटोरे। कार्तिक ने 7 गेंद में 17 रन बनाए।
8:37 PM: सूर्यकुमार यादव 22 गेंद में 61 रन बनाकर रन आउट हो गए हैं।
8:32 PM: भारत ने 17.3 ओवर में 200 रन पूरे कर लिए हैं। सूर्यकुमार 55 और कोहली 40 रन बनाकर खेल रहे हैं।
8:25 PM: भारत ने 17 ओवर में 2 विकेट खोकर 194 रन बना लिए हैं। कोहली भी अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं।
8:20 PM: सूर्यकुमार ने 18 गेंदों में फिफ्टी लगा दी है। अपनी पारी में उन्होंने 5 चौके और 4 छक्के लगाए। दोनों के बीच 33 गेंद में 86 रन की साझेदारी हो चुकी है।
8:15 PM: सूर्यकुमार यादव ने टी20 इंटरनेशनल में 1000 रन पूरे कर लिए हैं। इस मैच में बल्लेबाजी करने उतरे सूर्यकुमार ने 24 रन पूरा करते ही ये मुकाम हासिल किया। वह टी20 इंटरनेशनल में सबसे कम गेंदों में 1000 रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
8:11 PM: विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव के बीच 23 गेंद में अर्धशतकीय साझेदारी पूरी हो चुकी है। सूर्यकुमार ने 15 गेंद में ताबड़तोड़ 43 रन बना लिए हैं।
8:11 PM: 14वें ओवर की पांचवीं गेंद पर विराट कोहली ने लेग की तरफ खेलकर दो रन लिए, लेकिन दूसरा रन शार्ट था, जिसके कारण एक रन ही माना गया।
8:06 PM: रोहित और राहुल के ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के बाद अब सूर्यकुमार और कोहली भी उसी रास्ते पर चल दिए हैं। दोनों के बीच 10 गेंदों में 20 रन की साझेदारी हो चुकी है।
8:02 PM: राहुल के आउट होने के बाद क्रीज पर उतरे सूर्यकुमार ने अपनी दूसरी ही गेंद पर चौका जड़ दिया है।
7:58 PM: केशव महाराज ने दक्षिण अफ्रीका को दूसरी सफलता दिलाई है। उन्होंने केएल राहुल को एलबीडब्ल्यू आउट किया। राहुल 28 गेंद में 57 रन बनाकर आउट हुए।
7:54 PM: पहले मैच में अर्धशतक लगाने वाले केएल राहुल दूसरे मैच में भी शानदार खेल रहे हैं। उन्होंने 24 गेंदों में 50 रन पूरे किए। अपनी पारी में वह 5 चौके और 4 छक्के जड़ चुके हैं।
7:50 PM: भारत के कप्तान रोहित शर्मा 37 गेंद में 43 रन बनाकर पवेलियन लौट गए हैं। पारी में उन्होंने 7 चौके और 1 छक्का लगाया। केशव महाराज ने पांचवीं गेंद पर रोहित को कैच आउट करवाया।
7:45 PM: 9वें ओवर में रोहित और राहुल ने कुल 21 रन बटोरे। एनरिक नॉर्खिया के इस ओवर में तीन चौके और एक छक्का लगा।
7:36 PM: 7वां ओवर खत्म होने के बाद फील्ड पर एक सांप देखा गया, जिसके बाद मैच कुछ देर के लिए रोका गया। हालांकि कुछ देर में स्टाफ ने मैच शुरू करवाया।
7:33 PM: भारत ने 7 ओवर में बिना विकेट खोए 68 रन बना लिए हैं। कप्तान रोहित 31 और राहुल 33 रन बनाकर खेल रहे हैं।
7:28 PM: पावरप्ले के आखिरी ओवर में कप्तान बावुमा ने स्पिनर केशव महाराज को गेंद थमाई है। हालांकि इस ओवर में भी रोहित ने तीसरी और आखिरी गेंद पर चौका लगाया।
7:23 PM: रोहित और राहुल ने टीम को शानदार शुरुआत दिलाई है। भारत ने पांच ओवर में बिना विकेट गंवाए 49 रन बना लिए हैं।
7:18 PM: वेन पार्नेल के दूसरे ओवर में केएल राहुल ने जमकर रन बटोरे। पहली गेंद पर छक्का लगाया और दूसरी गेंद पर चौका।
7:14 PM: तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर रोहित ने एक शानदार छक्का लगाया। भारत ने तीन ओवर के बाद बिना विकेट खोए 21 रन बना लिए हैं।
7:10 PM: पारी के दूसरे ओवर में वेन पार्नेल की तीसरी गेंद पर रोहित ने स्कूप लगाने की कोशिश की और गेंद उनके बाएं हाथ की उंगली पर लगकर बाउंड्री पार गई। हालांकि शॉट लगाने के बाद कप्तान दर्द में दिखे।
7:06 PM: भारत ने पहले ओवर में 6 रन बनाए। राहुल ने रबाडा की पहली ही गेंद पर चौका लगाया।
6:58 PM: भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और सलामी बल्लेबाज केएल राहुल पारी की शुरुआत के लिए क्रीज पर पहुंच गए हैं। रोहित से आज अच्छी पारी की उम्मीद होगी, जबकि केएल राहुल पिछले मैच में अर्धशतक लगाकर इस मैच में उतरे हैं।
6:50 PM:कप्तान रोहित शर्मा ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे मैच में उतरते ही बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। वह टी20 क्रिकेट में 400 मैच खेलने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं।
6:40 PM: दक्षिण अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा ने भारत के खिलाफ दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय में रविवार को टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। दक्षिण अफ्रीका ने एक बदलाव करते हुए तबरेज शम्सी की जगह लुंगी एनगिडी को अंतिम एकादश में शामिल किया है। भारत ने अंतिम एकादश में कोई बदलाव नहीं किया है।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
भारत (प्लेइंग इलेवन): केएल राहुल, रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक, अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन, हर्षल पटेल, दीपक चाहर, अर्शदीप सिंह
दक्षिण अफ्रीका (प्लेइंग इलेवन): क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), टेम्बा बावुमा (कप्तान), रिले रोसौव, एडेन मार्कराम, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, वेन पार्नेल, केशव महाराज, कागिसो रबाडा, एनरिक नार्खिया, लुंगी एनगिडी
6:30 PM: दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।
मोहम्मद सिराज और उमेश यादव को टीम में शामिल किया गया है लेकिन अभी यह दोनों विश्व कप की टीम में नहीं हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या टीम प्रबंधन को बुमराह की जगह लिए गए गेंदबाज को आजमाने का पर्याप्त मौका मिलेगा। टीम इंडिया रविवार को गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में दूसरे T20I में तेम्बा बावुमा की अगुवाई वाली टीम के खिलाफ घरेलू मैदान पर दक्षिण अफ्रीका पर एक ऐतिहासिक सीरीज जीत जीतने उतरेगी। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत की घरेलू सरजमीं पर ये पहली सीरीज जीत होगी।