IND vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ रोहित शर्मा ने लगा दी रिकॉर्ड की झड़ी, तोड़ डाले डिविलियर्स और कपिल देव के रिकॉर्ड
भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने इंडिया वर्सेस न्यूजीलैंड मैच में रिकॉर्ड की झड़ी लगा दी। रोहित शर्मा अब विश्व कप में सबसे अधिक छक्के लगाने वाले क्रिस गेल के बाद दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं।
India vs New Zealand: धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में इंडिया वर्सेस न्यूजीलैंड का मुकाबला खेला जा रहा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने 50 ओवर में 273 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को कप्तान रोहित शर्मा ने शानदार शुरुआत दिलाई। रोहित शर्मा ने इस मैच में 4 चौके और 4 चक्के की मदद से 46 रन की पारी खेली। इस पारी की बदौलत रोहित शर्मा ने ढेर सारे नए रिकॉर्ड बना दिए।
वनडे वर्ल्ड कप में रोहित ने लगाए हैं 38 छक्के
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा न्यूजीलैंड के खिलाफ 4 चक्के की मदद से वनडे वर्ल्ड कप में सबसे अधिक छक्के लगाने की लिस्ट में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। रोहित शर्मा ने आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप में कुल 38 छक्के लगाए हैं। इस लिस्ट में पहला नाम वेस्टइंडीज के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल का है। क्रिस गेल ने 49 छक्के लगाए हैं। इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर दक्षिण अफ्रीका के एबी डी विलियर्स हैं। डी विलियर्स ने वनडे वर्ल्ड कप में कुल 37 छक्के लगाए हैं।
बतौर कप्तान रोहित शर्मा ने लगाए हैं 17 छक्के
दूसरी ओर कप्तान के तौर पर किसी एक वर्ल्ड कप में सबसे अधिक छक्के लगाने में भी रोहित शर्मा चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं। रोहित शर्मा ने बतौर कप्तान वर्ल्ड कप 2023 में अब तक 17 छक्के लगाए हैं। इस लिस्ट में पहले नंबर पर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान इयोन मोर्गन हैं जिन्होंने 2019 विश्व कप में 22 छक्के लगाए थे। लिस्ट में तीसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान एरोन फिंच हैं। फिंच ने साल 2019 विश्व कप के दौरान 18 छक्के लगाए थे।
रनों के मामले में भी चौथे नंबर पर पहुंचे रोहित
वहीं अगर बतौर कप्तान एक वर्ल्ड कप में सबसे अधिक रनों की बात करें तो इस लिस्ट में भी रोहित शर्मा चौथे नंबर पर आ गए हैं। रोहित शर्मा ने विश्व कप 2023 में अब तक 311 रन बना दिए हैं। इस लिस्ट में पहले नंबर पर भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली हैं। सौरभ गांगुली ने साल 2003 विश्व कप में 465 रन बनाए थे। इस लिस्ट में रोहित के बाद कपिल देव का नंबर आता है। कपिल देव ने विश्व कप 1983 में बतौर कप्तान 303 रन बनाए थे।
