IND vs ENG: पुणे में जमकर हुई छक्कों की बारिश, देखते-देखते बन गया स्पेशल रिकॉर्ड
भारत और इंग्लैंड के बीच पुणे में खेले गए वनडे सीरीज के दूसरे मैच में बल्लेबाजों ने जमकर रन बरसाए। जीत बेशक मेहमान इंग्लैंड टीम को हासिल हुई हो, लेकिन एक खास रिकॉर्ड बनाने के मामले में भारतीय टीम का...

भारत और इंग्लैंड के बीच पुणे में खेले गए वनडे सीरीज के दूसरे मैच में बल्लेबाजों ने जमकर रन बरसाए। जीत बेशक मेहमान इंग्लैंड टीम को हासिल हुई हो, लेकिन एक खास रिकॉर्ड बनाने के मामले में भारतीय टीम का भी नाम शामिल हो गया। भारत ने टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 336 रन बटोरे। इस पारी में भारतीय बल्लेबाजों ने धुआंधार रन बरसाते हुए 14 छक्के लगाए। वहीं इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने इस बड़े लक्ष्य को ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 44 ओवर पूरे होने से पहले ही हासिल कर लिया। इंग्लैंड की तरफ से मैच में कुल 20 छक्के लगे। इस तरह यह मैच वनडे क्रिकेट का तीसरा ऐसा मैच था, जिसमें सबसे ज्यादा छक्के लगे।
इस मैच से पहले वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के बीच 2019 में एक मैच खेला गया था, जिसमें कुल 46 छक्के लगे थे। किसी वनडे मैच में सबसे ज्यादा छक्के लगने का यह एक वर्ल्ड रिकॉर्ड है। इसके अलावा भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 2013 में बेंगलुरु में खेले गए एक वनडे मैच में कुल 38 छक्के लगे थे।
भारत की तरफ से ऋषभ पंत ने जड़े सर्वाधिक 7 छक्के
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दूसरे मैच में भारत ने निर्धारित ओवरों में 336 रन बनाए। टीम का स्कोर यहां तक पहुंचाने में केएल राहुल की भूमिका सबसे अहम रही। उन्होंने 114 गेंदों पर 108 रन बनाए। उन्होंने इस पारी में 7 चौके और 2 छक्के लगाए। भारत की तरफ से सबसे ज्यादा छक्के विकेटकीपर ऋषभ पंत ने लगाए, जिन्होंने 77 रनों की पारी में कुल 7 छक्के लगाए। इसके अलावा हार्दिक पांड्या ने 4 और कप्तान विराट कोहली ने 1 छक्का लगाया।
इंग्लैंड की तरफ से बेयरस्टो-स्टोक्स ने जड़े 17 छक्के
भारत से मिले 337 रनों के लक्ष्य को इंग्लैंड ने 43.3 ओवरों में ही हासिल कर लिया। टीम की तरफ से बेन स्टोक्स ने 124 रनों की शतकीय पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 7 छक्के शामिल थे। उनके अलावा बेन स्टोक्स ने मात्र 52 गेंदों पर ही 99 रनों की पारी खेली। इसमें सिर्फ 4 चौके और 10 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। इन दोनों खिलाड़ियों के अलावा लियाम लिविंगस्टोन ने 2 और जेसन रॉय ने एक छक्का जड़ा।



