India vs England, 2nd T-20: कब, कहां और कैसे देखें दूसरे मैच की लाइव स्ट्रीमिंग और लाइव टेलिकास्ट
भारत और इंग्लैंड की टीमें एक बार फिर अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। भारत रविवार को इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज का दूसरा मैच खेलने उतरेगा। टीम की निगाहें इस मैच में...

भारत और इंग्लैंड की टीमें एक बार फिर अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। भारत रविवार को इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज का दूसरा मैच खेलने उतरेगा। टीम की निगाहें इस मैच में जीत दर्ज कर सीरीज में बराबरी करने पर होंगी। टीम को पहले मैच में बल्लेबाजों के गैरजिम्मेदाराना प्रदर्शन की वजह से आठ विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। भारतीय टीम टॉस हारकर 20 ओवर में सात विकेट पर 124 रन का मामूली स्कोर ही बना पाई थी, जबकि इंग्लैंड ने 15.3 ओवर में दो विकेट पर 130 रन बनाकर एकतरफा अंदाज में लक्ष्य हासिल कर लिया था।
टीम इंडिया की पहले मुकाबले में सारी रणनीति गलत साबित हुई। सबसे पहले ओपनर रोहित शर्मा को रेस्ट देना ही एक गलत फैसला था। टीम मैनेजमेंट ने रोहित को रेस्ट देकर शिखर धवन और लोकेश राहुल को ओपनिंग में आजमाया लेकिन दोनों ही फ्लॉप रहे। टीम को यदि बराबरी हासिल करनी है तो उसे रोहित को वापस ओपनिंग में लाना होगा। कप्तान विराट कोहली ने मैच के बाद कहा था कि खिलाड़ियों ने गंभीरता नहीं दिखाई और अपने शॉट सही ढंग से नहीं खेले लेकिन विराट को अपनी बात को पहले खुद पर लागू करना होगा क्योंकि वह जीरो पर आउट होकर पवेलियन लौट गए थे।
इंग्लैंड की बात करें तो टीम पूरी तैयारी के साथ इस सीरीज में उतरी है और उसके खिलाड़ी खेल के हर विभाग में भारतीय खिलाड़ियों से बेहतर नजर आ रहे हैं। पहले मैच में टीम के तेज गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के कुल गिरे 7 विकेट में से 6 विकेट झटके, जबकि एक विकेट स्पिनर आदिल राशिद को मिला। इसी के साथ इंग्लैंड ने भारत पर टी-20 मुकाबलों में 8-7 की बढ़त बना ली है। टीम इंडिया ने अपनी सरजमीं पर इग्लैंड के खिलाफ 7 टी-20 मैच खेले हैं, जिसमें से इंग्लैंड ने चार तो भारत ने तीन में जीत दर्ज की है। जानें कब, कहां और कैसे देख सकते हैं लाइव स्ट्रीमिंग और टेलीकास्ट-
कब और कहां खेला जाएगा यह मैच?
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की सीरीज का दूसरा टी-20 मैच रविवार 14 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
किस समय शुरू होगा मैच?
भारतीय समयानुसार यह मैच शाम 7:00 बजे से शुरू होगा। टॉस मैच शुरू होने से आधे घंटे पहले यानी शाम 6.30 बजे होगा।
लाइव टेलिकास्ट कहां देख सकेंगे?
भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले पहले टी20 मैच का लाइव टेलिकास्ट आप स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकेंगे।
लाइव स्ट्रीमिंग कहां देख सकेंगे?
इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग आप डिज्नी+हॉटस्टार ऐप पर देख पाएंगे।



