फोटो गैलरी

Hindi News क्रिकेटAsia Cup 2018: महेंद्र सिंह धौनी ने सौरव गांगुली को पीछे छोड़ बनाया कप्तानी का बड़ा रिकॉर्ड

Asia Cup 2018: महेंद्र सिंह धौनी ने सौरव गांगुली को पीछे छोड़ बनाया कप्तानी का बड़ा रिकॉर्ड

अफगानिस्तान के खिलाफ एशिया कप 2018; सुपर-4 के मुकाबले में भारतीय टीम मैनेजमेंट ने महेंद्र सिंह धौनी को कप्तानी सौंपकर क्रिकेट फैंस को अचंभे में डाल दिया। इसी के साथ महेंद्र सिंह धौनी ने वनडे क्रिकेट...

Asia Cup 2018: महेंद्र सिंह धौनी ने सौरव गांगुली को पीछे छोड़ बनाया कप्तानी का बड़ा रिकॉर्ड
लाइव हिन्दुस्तान टीम।,दुबई। Tue, 25 Sep 2018 08:46 PM
ऐप पर पढ़ें

अफगानिस्तान के खिलाफ एशिया कप 2018; सुपर-4 के मुकाबले में भारतीय टीम मैनेजमेंट ने महेंद्र सिंह धौनी को कप्तानी सौंपकर क्रिकेट फैंस को अचंभे में डाल दिया। इसी के साथ महेंद्र सिंह धौनी ने वनडे क्रिकेट में कप्तान का दोहरा शतक पूरा ​कर लिया। धौनी ने 696 दिन के लंबे अंतराल के बाद कप्तान के तौर पर अपना 200वां वनडे मैच खेला। उन्होंने इससे पहले आखिरी बार 29 अक्टूबर, 2016 को न्यूजीलैंड के खिलाफ विशाखापट्टनम में टीम इंडिया की कप्तानी की थी। गौरतलब है कि उन्होंने 5 जनवरी, 2017 को भारत की लिमिटेड ओवर्स टीम की कप्तानी से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने टेस्ट टीम की कप्तानी से 2014 में ही इस्तीफा दे दिया था। विराट कोहली की अनुपस्थिति में इस टूर्नामेंट के लिए कप्तान और उपकप्तान नामित किए गए रोहित शर्मा और शिखर धवन को भारतीय टीम मैनेजमेंट ने इस मैच के लिए आराम दिया था, जिसके बाद महेंद्र सिंह धौनी ने इस मैच में टीम इंडिया की कमान संभाली। इसके साथ ही उन्होंने कई नए रिकॉर्ड भी बना दिए। आइए हम आपको बताते हैं महेंद्र सिंह धौनी ने कौन-कौन से रिकॉर्ड अपने नाम किए...

1. महेंद्र सिंह धौनी 37 साल 80 दिन की उम्र में अफगानिस्तान के खिलाफ कप्तानी करने उतरे। इसके साथ ही वनडे में टीम इंडिया की कमान संभालने वाले सबसे ज्यादा उम्र के कप्तान बन गए। उनसे पहले वनडे में भारत की कप्तान करने वाले सबसे ज्यादा उम्र के कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन थे। उन्होंने 1999 के वनडे विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ 36 साल और 124 दिन की उम्र में टीम इंडिया की कप्तानी की थी। महेंद्र सिंह धौनी इसके साथ ही वनडे में कप्तानी करने वाले दुनिया के दूसरे सबसे उम्रदराज क्रिकेटर बन गए। उनसे पहले आगे सिर्फ एलेक स्टीवर्ट ही हैं,​ जिन्होंने 2003 के वनडे विश्व कप में नामीबिया के खिलाफ 39 साल और 317 दिन की उम्र में इंग्लैंड टीम की कप्तानी की थी।

2. 2000 के बाद यह पहली बार हुआ जब एक ही साल (2018) में भारतीय क्रिकेट टीम ने वनडे में तीन अलग-अलग कप्तानों के नेतृत्व में मैच खेला हो। इससे पहले साल 2011/12 में महेंद्र सिंह धौनी, वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर ने टीम इंडिया की कमान संभाली थी।

 

Asia Cup 2018: गांगुली जानना चाहते हैं कि रवि शास्त्री और रोहित शर्मा में कौन चुनता है प्लेइंग XI

3. साल 2018 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत का नेतृत्व करने वाले महेंद्र सिंह धौनी चौथे कप्तान बने। इस साल विराट कोहली, रोहित शर्मा और अजिंक्य रहाणे ने भी भारतीय टीम की कप्तानी की है। इससे पहले साल 2010/2011 में भी धौनी, सहवाग, गंभीर और सुरेश रैना ने अलग-अलग मौकों पर टीम इंडिया की कमान संभाली थी। इससे पहले 1999 में भारतीय क्रिकेट टीम ने चार कप्तानों के नेतृत्व में खेला था। और 1959 में 5 अलग-अलग कप्तानों ने भारत का नेतृत्व किया।

4. अफगानिस्तान 14वां ऐसा देश बना जिसके खिलाफ महेंद्र सिंह धौनी ने वनडे में कप्तानी की है। इससे पहले भारत के किसी और कप्तान ने इतने देशों के खिलाफ टीम की कप्तानी नहीं की है। सौरव गांगुली ने वनडे खेलेने वाले 13 देशों के खिलाफ भारतीय टीम की कप्तानी की है।

5. अफगानिस्तान के खिलाफ 200वें वनडे मैच में टीम इंडिया की कमान संभालने के साथ ही महेंद्र सिंह धौनी एक खास क्लब में शामिल हो गए। उनसे पहले सिर्फ रिकी पोंटिंग (230) और स्टीफेन फ्लेमिंग (218) ने ही दौ सौ मैचों में अपनी टीम का नेतृत्व किया है।

Asia Cup 2018: अफगानिस्तान के खिलाफ जडेजा ने तोड़ा सचिन का ये बड़ा रिकॉर्ड, जानें क्या है खास

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें