U19 World Cup 2022 के फाइनल में पहुंची टीम इंडिया, सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को 96 रन से हराया
ICC U19 Cricket World Cup 2022 का सेमीफाइनल मैच भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच एंटीगा के कूलिज क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया। इस मैच को भारतीय टीम ने दमदार अंदाज में जीता। भारत ने ऑस्ट्रेलिया की टीम...

ICC U19 Cricket World Cup 2022 का सेमीफाइनल मैच भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच एंटीगा के कूलिज क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया। इस मैच को भारतीय टीम ने दमदार अंदाज में जीता। भारत ने ऑस्ट्रेलिया की टीम को 96 रन से हराया और मेगा इवेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया। ये आठवीं बार है और लगातार चौथी बार है, जब भारतीय टीम अंडर 19 वर्ल्ड कप का फाइनल मैच खेलेगी।
अब तक खेले आईसीसी अंडर 19 वर्ल्ड कप के 7 फाइनल मैचों में भारत ने 4 जीते हैं और टीम इंडिया सबसे ज्यादा बार अंडर 19 विश्व कप जीतने वाली टीम है। पिछली बार भी भारत की टीम अंडर 19 विश्व कप के फाइनल में पहुंची थी, लेकिन खिताबी मैच में बांग्लादेश को जीत मिली थी। इस टूर्नामेंट के फाइनल मैच में अब भारत का सामना इंग्लैंड से होगा। इंग्लैंड की टीम एक बार ये टूर्नामेंट जीत चुकी है।
U19 वर्ल्ड कप 2022 के सेमीफाइनल मुकाबले की बात करें तो इसमें भारत की टीम के कप्तान यश ढुल ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। हाई-वोल्टेज मैच में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला सही साबित हुआ। हालांकि, टीम को शुरुआती झटके लगे थे, लेकिन कप्तान यश ढुल ने शतक (110) जड़कर और उपकप्तान शेक रशीद ने 94 रन की पारी खेलकर भारत को संभाल लिया था।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में 5 विकेट खोकर 290 रन बनाए और ऑस्ट्रेलिया के सामने 291 रन का लक्ष्य रखा। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम 41.5 ओवर में 194 रन बनाकर ढेर हो गई और मुकाबला 96 रन से हार गई। अब ऑस्ट्रेलिया का सामना तीसरे स्थान के लिए अफगानिस्तान से होगा, जबकि भारतीय टीम शनिवार को एंटीगा में खेले जाने वाले महामुकाबले में इंग्लैंड से भिड़ेगी।
Ind vs Aus 19 World Cup 2022 Semi Final Match Updates
1.40AM: ऑस्ट्रेलिया का आखिरी विकेट टॉम व्हाइटनी के रूप में गिरा, जो 19 रन बनाकर रन आउट हो गए और इसी के साथ भारत को 96 रन से जीत मिल गई, क्योंकि कंगारू टीम 194 रन पर ढेर हो गई।
1.25AM: भारत को 9वीं सफलता रवि कुमार ने दिलाई, जब उन्होंने 66 गेंदों में 51 रन की पारी खेलने वाले लचलन शॉ को क्लीन बोल्ड कर दिया। बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने इस पूरे टूर्नामेंट में अच्छी गेंदबाजी की।
01.13 AM: ऑस्ट्रेलिया को आठवां झटका जैक सिनफील्ड के रूप में लगा, जो 14 गेंदों में 20 रन बनाकर कौशल तांबे की गेंद पर दिनेश बाना के हाथों कैच आउट हुए। अब भारत जीत से 2 कदम दूर है।
01.04AM: ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 35 ओवर में 7 विकेट खोकर 149 रन बना लिए हैं। कंगारू टीम को जीत के लिए 142 रन और भारत को जीत के लिए 3 विकेट चाहिए।
12.52AM: ऑस्ट्रेलिया की टीम को सातवां झटका तोबिएस स्नेल के रूप में लगा जो 4 रन बनाकर विकी ओस्तवाल की गेंद पर बोल्ड हो गए।
12.45AM: भारत को छठवीं सफलता विकी ओस्तवाल ने दिलाई, जिन्होंने अपनी ही गेंद पर विलियम सेल्जमैन का कैच पकड़ा, जो 7 रन बनाकर आउट हुए।
12.28AM: ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम 25 ओवर से पहले पवेलियन लौट गई। भारत को पांचवां विकेट निशांत सिंधु ने दिलाया, जिन्होंने राधाकृष्णन को 11 रन पर चलता किया।
12.12AM: भारतीय टीम को चौथी सफलता निशांत सिंधु ने दिलाई, जिन्होंने कोनोली को 3 रन के निजी स्कोर पर उपकप्तान शेक रशीद के हाथों कैच आउट कराया और भारत की मैच में अच्छी पकड़ बनवाई।
12.00AM: भारत को दूसरा सफलता अंगक्रिस रघुवंशी ने दिलाई, जिन्होंने कोरी मिलर को 38 रन के निजी स्कोर पर चलता किया। रघुवंशी ने मिलर को lbw आउट किया। तीसरी सफलता भी भारत को जल्दी मिल गई, जब विकी ओस्तवाल ने कैंपबेल को 30 रन पर आउट किया। उनका कैच निशांत सिंधु ने पकड़ा।
11.50PM: भारत की टीम को दूसरी विकेट की तलाश है। ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 15 ओवर में 65 रन बना लिए हैं।
11.30PM: 291 रन के जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 9 ओवर में 32 रन बना लिए हैं।
11.08PM: कंगारू टीम ने पहले पांच ओवर में एक विकेट खोया और कुल 13 रन बनाए।
10.55 PM: ऑस्ट्रेलिया की टीम को 291 रन के जवाब में पहला झटका 3 रन के कुल स्कोर पर लगा, जब रवि कुमार ने टीग विली को 1 रन के निजी स्कोर पर lbw आउट कर दिया।
10.15 PM: खराब शुरुआत मिलने के बाद भी भारत ने 290 रन स्कोर बोर्ड पर लगाए। आखिरी के कुछ ओवर में भारतीय बल्लेबाजों ने रन बनाए, जो टीम के लिए अच्छे साबित हुए। दिनेश बाना ने आखिरी ओवर की 4 गेंदों पर 20 रन बनाए, जिसमें दो छक्के और दो चौके शामिल थे। निशांत सिंधु 12 रन बनाकर नाबाद लौटे।
10.05PM: भारत को पांचवां झटका राजवर्धन हंगरगेकर के रूप में लगा, जो 10 गेंदों में एक चौके और एक छक्के की मदद से 13 रन बनाकर आउट हो गए। उनको तेज बल्लेबाजी करने के लिए ही प्रमोट किया गया था, लेकिन वे ज्यादा रन नहीं बना पाए।
10.00PM: भारत की टीम ने 48 ओवर में 250 रन का आंकड़ा पार कर लिया है।
9.50PM: भारत को तीसरा झटका कप्तान यश ढुल के रूप में लगा जो 110 रन के निजी स्कोर पर रन आउट हो गए। इसके बाद उपकप्तान शेक रशीद 94 रन की पारी खेलकर कैच आउट हो गए।
9.40PM: भारत के कप्तान यश ढुल ने 106 गेंदों पर टूर्नामेंट का अपना पहला शतक पूरा किया। उन्होंने इस पारी में अब तक 10 चौके लगाए हैं। भारत को दबाव से निकालने मे उन्होंने अहम भूमिका निभाई।
9.30PM: भारत का स्कोर 200 के पार हो गया है और अब टीम बड़ा टारगेट ऑस्ट्रेलिया के सामने रख रही है।
8.50PM: कप्तान यश ढुल ने 64 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। ये अर्धशतक काफी अहम था, क्योंकि ओपनर जल्दी आउट हो गए थे और टीम दबाव में थी।
8.35PM: भारत की टीम ने कप्तान यश ढुल और उपकप्तान शेक रशीद के दम पर मैच में वापसी की और टीम ने 29 ओवर में 100 रन का आंकड़ा पार कर लिया। यहां से अब टीम को थोड़ी रन रेट पर ध्यान देना होगा।
8.25PM: भारत का स्कोर 90 रन हो गया है। टीम ने 26 ओवर में इतने रन बनाए हैं।
8.10PM: भारत को कप्तान यश ढुल और उपकप्तान शेक रशीद ने संभाला और अब टीम का स्कोर 60 के पार हो गया है।
7.54 PM: भारत की टीम का स्कोर 50 के पार हो गया है। 16 ओवर में टीम ने 2 विकेट खोकर 51 रन बना लिए हैं। कप्तान यश ढुल और उपकप्तान शेक रशीद क्रीज पर हैं।
7.35PM: भारत की टीम को U19 वर्ल्ड कप 2022 के सेमीफाइनल मैच में दूसरा झटका हरनूर सिंह के रूप में लगा, जो 28 गेंदों में 16 रन बनाकर जैक निसबेत की गेंद पर स्नेल के हाथों कैच आउट हुए। इस तरह दोनों ओपनर 15 ओवर से पहले पवेलियन लौट गए।
7.22PM: भारत की टीम ने पहले 10 ओवर के पावरप्ले में एक विकेट खोया और कुल 34 रन बनाए। इनमें 19 रन आखिरी के दो ओवरों में हरनूर और शेक रशीद ने बनाए।
7.10PM: भारत को पहला झटका अंगक्रिस रघुवंशी के रूप में लगा, जो 30 गेंदों में 6 रन बनाकर सेल्जमैन का शिकार बने। भारत ने 8 ओवर में 1 विकेट खोकर 18 रन बना लिए हैं।
6.55PM: भारत की टीम ने पहले 5 ओवर में सधी हुई बल्लेबाजी करते हुए बिना विकेट खोए 13 रन बना लिए हैं।
6.37PM: भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पहले ओवर में बिना विकेट खोए 2 रन बना लिए। हरनूर सिंह और अंगक्रिस रघुवंशी ओपनिंग करने उतरे
India U19 Playing XI
अंगक्रिस रघुवंशी, हरनूर सिंह, शेक रशीद, यश ढुल (कप्तान), निशांत सिंधु, राज बावा, कौशल तांबे, दिनेश बाना (विकेटकीपर), राजवर्धन हंगरगेकर, विकी ओस्तवाल और रवि कुमार।
Australia U19 Playing XI
कैंपहेल केलावे, टीग विली, कोरी मिलर, कूपर कॉनली (कप्तान), लचलन शॉ, निवेतन राधाकृष्णन, विलियम सैल्जमैन, तोबिएस स्नेल (विकेटकीपर), जैक सिनफील्ड, टॉम व्हाइटनी और जैक निसबेत।
लेखक के बारे में
Vikash Gaurविकाश गौड़: डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर कम असिस्टेंट मैनेजर, स्पोर्ट्स
संक्षिप्त विवरण:
विकाश गौड़ पिछले 8 वर्षों से हिंदी डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) के स्पोर्ट्स सेक्शन में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर (असिस्टेंट मैनेजर) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
विस्तृत बायो:
परिचय और अनुभव: विकाश गौड़ भारतीय डिजिटल स्पोर्ट्स मीडिया का एक उभरता हुआ चेहरा हैं। लगभग 8 वर्षों के अनुभव के साथ, विकाश ने डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को जमीन से समझा है। 2016 में अपने करियर की शुरुआत करने वाले विकाश ने डिजिटल-फर्स्ट अप्रोच के साथ खेल पत्रकारिता में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। जनवरी 2021 से वह 'लाइव हिन्दुस्तान' की स्पोर्ट्स टीम के मुख्य स्तंभ बने हुए हैं, जहां वह कंटेंट प्लानिंग और स्पोर्ट्स कवरेज का नेतृत्व करते हैं।
करियर का सफर:
मंगलायतन विश्वविद्यालय, अलीगढ़ से पत्रकारिता का ककहरा सीखने के बाद विकाश का सफर 'खबर नॉन स्टॉप' से शुरू हुआ था, जो अब देश के प्रतिष्ठित मीडिया घरानों तक फैला हुआ है। उन्होंने पत्रिका समूह की वेबसाइट 'कैच न्यूज' में खेल की खबरों की तकनीकी समझ विकसित की। इसके बाद 'डेली हंट' में वीडियो प्रोड्यूसर के तौर पर काम करते हुए उन्होंने विजुअल स्टोरीटेलिंग के गुर सीखे। 'दैनिक जागरण' की वेबसाइट में करीब ढाई साल तक खेल डेस्क पर अपनी धार तेज करने के बाद, उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान का रुख किया, जहां वे बीते 4 साल से चौके-छक्के लगा रहे हैं। इंटर्न के तौर पर प्रिंट की समझ हासिल कर चुके विकाश गौड़ के पास अब डिजिटल की अच्छी समझ है और वे ट्रेंड को बखूबी फॉलो करते हैं।
खेल जगत की कवरेज और विशेषज्ञता:
अपने अब तक के करियर में विकाश ने दुनिया के कई बड़े खेल आयोजनों को डेस्क और फील्ड पर रहकर कवर किया है। उनकी विशेषज्ञता केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं है, बल्कि वह मल्टी-स्पोर्ट्स इवेंट्स की भी गहरी समझ रखते हैं। उन्होंने निम्नलिखित प्रमुख आयोजनों का व्यापक विश्लेषण और रिपोर्टिंग की है:
क्रिकेट:आईसीसी क्रिकेट विश्व कप, आईपीएल और द्विपक्षीय सीरीज।
ग्लोबल इवेंट्स: ओलंपिक गेम्स, राष्ट्रमंडल खेल और एशियाई खेल
पत्रकारिता का दृष्टिकोण:
विकाश का मानना है कि खेल पत्रकारिता केवल स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह खिलाड़ियों के संघर्ष, खेल की रणनीति और डेटा के पीछे छिपी कहानी को पाठकों तक पहुंचाने का माध्यम है। लाइव हिन्दुस्तान में अपनी भूमिका में वह सुनिश्चित करते हैं कि खेल की खबरें सटीक, तेज और निष्पक्ष हों, जिससे पाठकों को एक संपूर्ण अनुभव मिल सके।
विशेषज्ञता:
क्रिकेट विश्लेषण एवं लाइव कवरेज
ओलंपिक एवं ग्लोबल स्पोर्ट्स इवेंट्स
इंटरव्यू एवं मीडिया इंटरैक्शन
स्पोर्ट्स डेटा एंड स्टेटिस्टिक्स
डिजिटल कंटेंट स्ट्रेटेजी एंड टीम मैनेजमेंट



