IND vs NZ: अपने 'फेवरेट' मैदान पर इन 2 धांसू रिकॉर्ड्स को अपने नाम कर सकते हैं रोहित शर्मा
टी-20 कप्तान के रूप में भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा की धमाकेदार शुरुआत हुई है, जहां टीम ने घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज जीत ली है। जयपुर और रांची में जीतने के बाद रोहित की...

टी-20 कप्तान के रूप में भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा की धमाकेदार शुरुआत हुई है, जहां टीम ने घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज जीत ली है। जयपुर और रांची में जीतने के बाद रोहित की सेना अब कोलकाता पहुंच चुकी है और 'क्लीन स्वीप' करने के लिए ईडन गार्डन्स से बेहतर जगह नहीं हो सकती। ऐसा हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि रोहित को यह मैदान काफी रास आता है और उन्होंने वनडे क्रिकेट की सबसे बड़ी पारी (264 रन) इसी मैदान पर खेली है। आज के मैच में भी उनके पास दो बेहतरीन रिकॉर्ड बनाने का मौका है।
IND vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ कोलकाता में आज दिखेंगे कई बदलाव, ऐसी हो सकती है भारत की प्लेइंग XI
रोहित ने अब तक टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 147 छक्के जड़े हैं और ऐसे में आज उनके बल्ले से तीन छक्के निकलते हैं तो उनके नाम 150 छक्के जड़ने का रिकॉर्ड दर्ज हो जाएगा। रोहित ने रांची में खेले गए पिछले मैच में पांच छक्कों की मदद से 36 गेंदों पर 55 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी। रोहित अगर ऐसा करने में सफल रहते हैं तो वे टी-20 इंटरनेशनल में 150 छक्के जड़ने वाले पहले भारतीय और दुनिया के दूसरे क्रिकेटर बन जाएंगे। उनके अलावा अब तक न्यूजीलैंड के मार्टिन गप्टिल ही यह कारनामा कर सके हैं।
अब बात करें दूसरे रिकॉर्ड की तो आज रोहित के पास बतौर कप्तान न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने का मौका है। उन्होंने अब तक कीवी टीम के खिलाफ 6 मैचों में 252 रन बनाए हैं। उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा रन बनाने के इयोन मोर्गन के रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए 36 रनों की जरूरत है। मोर्गन ने अब तक न्यूजीलैंड के खिलाफ 10 टी-20 मैचों में 287 रन बनाए हैं। इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर विराट कोहली हैं, जिन्होंने 8 मैच में कप्तानी करते हुए 218 रन बनाए हैं।
रोहित ने हाल ही तोड़ा शाहिद अफरीदी के छक्कों का रिकॉर्ड
रोहित ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरी टी-20 इंटरनेशनल में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी के छक्कों का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ डाला। उन्होंने अफरीदी को इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज 450 छक्के लगाने के मामले में पीछे छोड़ दिया। रोहित ने जहां 404वीं पारी में यह कारनामा किया, जबकि अफरीदी ने 487 पारियों में यह आंकड़ा छुआ था। इंटरनेशनल क्रिकेट में 450+ छक्के लगाने के मामले में रोहित इकलौते भारतीय हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।