India vs New Zealand 2nd T20I : 100 रन बनाने में भारत की हालत हुई खराब, न्यूजीलैंड को दूसरे मैच में हराकर सीरीज की बराबर
भारत ने दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय में रविवार को न्यूजीलैंड को छह विकेट से हराकर तीन मैच की सीरीज 1-1 से बराबर की। भारत ने 100 रनों के लक्ष्य को 19.5 ओवर में हासिल किया। पहला मैच न्यूजीलैंड ने जीता था।
India vs New Zealand 2nd T20I Live Score : भारत ने न्यूजीलैंड को दूसरे टी20 मैच में 6 विकेट से हराकर सीरीज में दमदार वापसी की है। इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली है। न्यूजीलैंड ने स्पिन फ्रेंडली पिच पर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 99 रन बनाए, इसके जवाब में भारतीय टीम 100 रन बनाने के लिए संघर्ष करती हुई नजर आई। भारत ने एक गेंद शेष रहते ये मुकाबले अपने नाम किया। 100 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम का पहला विकेट 17 के स्कोर पर गिरा। गिल 11 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद ईशान किशन 19 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 32 गेंदों का सामना किया। त्रिपाठी ने 18 गेंद में 13 रन बनाए। कीवी स्पिनरों के सामने भारतीय बल्लेबाज भी एक-एक रन बनाने के लिए मेहनत करते नजर आए। खतरनाक बल्लेबाजी करने वाले सूर्यकुमार यादव के बल्ले से भी तेजी से रन नहीं बन रहे थे। वह 31 गेंद में 26 रन बनाकर नाबाद लौटे। सुंदर 9 गेंद में 10 रन बनाकर आउट हुए। हार्दिक 20 गेंद में 15 रन बनाकर नाबाद लौटे।
मैच का सबसे बड़ा स्कोर SKY ने बनाया
न्यूजीलैंड के 100 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने सूर्यकुमार यादव (31 गेंद में नाबाद 26, एक चौका) की मैच की सर्वश्रेष्ठ पारी और कप्तान हार्दिक पंड्या (20 गेंद में नाबाद 15, एक चौका) के साथ उनकी पांचवें विकेट की 31 रन की अटूट साझेदारी से 19.5 ओवर में चार विकेट पर 101 रन बनाकर जीत दर्ज की। सूर्यकुमार मैच में 20 रन के आंकड़े को छूने वाले एकमात्र बल्लेबाज रहे।
भारतीय स्पिनरों युजवेंद्र चहल (चार रन पर एक विकेट), दीपक हुड्डा (17 रन पर एक विकेट), वाशिंगटन सुंदर (17 रन पर एक विकेट) और कुलदीप यादव (17 रन पर एक विकेट) ने मिलकर 13 ओवर में 55 रन पर चार विकेट चटकाए जिससे न्यूजीलैंड की टीम आठ विकेट पर 99 रन ही बना सकी जो इस प्रारूप में टीम इंडिया के खिलाफ उसका सबसे कम स्कोर है। अर्शदीप सिंह (सात रन पर दो विकेट) ने भी दो विकेट चटकाए।
न्यूजीलैंड के लिए मिशेल सेंटनर ने सर्वाधिक 19 रन बनाए। न्यूजीलैंड का पहला विकेट 21 के स्कोर पर गिरा, जिसके बाद विकेट गिरने का सिलसिला नियमित अंतराल पर जारी रहा। न्यूजीलैंड ने पावर प्ले में दो विकेट पर 33 रन बनाए। न्यूजीलैंड की आधी टीम को भारतीय स्पिनरों ने ही पवेलियन का रास्ता दिखाया। भारत के लिए अर्शदीप सिंह ने सर्वाधिक दो विकेट लिए।
India vs New Zealand 2nd T20I Live Score
न्यूजीलैंड का स्कोर- 99/8 (20)
भारत- 101/4 (19.5)
10:30 PM भारत ने न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हरा दिया है। इस जीत के साथ भारत ने सीरीज 1-1 से बराबर कर ली है।
10:24 PM भारत को आखिरी ओवर में जीत के लिए 6 रन चाहिए। लेकिन ये आसान नहीं होने वाला है।
10:15 PM भारत को जीत के लिए 18 गेंद में 18 रन चाहिए। न्यूजीलैंड ने अभी तक इस मैच में सिर्फ एक ओवर पेसर से करवाया है।
10:06 PM ईशान किशन के बाद वॉशिंगटन सुंदर भी रन आउट होकर पवेलियन लौटे हैं। सूर्यकुमार के साथ गलत तालमेल के कारण सुंदर रन आउट हुए।
9:56 PM भारत ने 14 ओवर में तीन विकेट खोकर 70 रन बना लिए हैं। क्रीज पर सूर्यकुमार 12 और वॉशिंगटन 10 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
9:45 PM बल्लेबाज राहुल त्रिपाठी एक बार फिर सस्ते में पवेलियन लौट गए हैं। ईश सोढ़ी ने उन्हें कैच आउट करवाया। वह 18 गेंद में 13 रन बनाकर आउट हुए।
9:36 PM राहुल त्रिपाठी के साथ गलत तालमेल की वजह से ईशान किशन रन आउट हो गए हैं। ईशान 32 गेंद में 19 रन बनाकर आउट हुए।
9:26 PM गिल के आउट होने के बाद किशन और राहुल त्रिपाठी ने पारी को संभाला है। ईशान 18 और त्रिपाठी 12 रन बनाकर खेल रहे हैं।
9:12 PM भारत को चौथे ओवर में सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल के रूप में पहला झटका लगा है। गिल 11 रन बनाकर पवेलियन लौटे। माइकल ब्रेसवेल ने उन्हें आउट किया।
9:03 PM भारत को जीत के लिए 100 रन चाहिए। अगर भारत जीतने में कामयाब होता है, तो सीरीज बराबर कर लेगा।
8:52 PM न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में रविवार को यहां आठ विकेट पर 99 रन बनाए। न्यूजीलैंड की ओर से कप्तान मिशेल सेंटनर ने सर्वाधिक नाबाद 19 रन बनाए। भारत की तरफ से अर्शदीप सिंह ने दो विकेट चटकाए।
8:37 PM दूसरे मैच में न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी ने काफी निराश किया है। टीम 19 ओवर तक 93 रन ही बना सकी है।
8:31 PM अर्शदीप सिंह ने दूसरे मैच के अपने पहले ओवर में दो विकेट चटका दिए हैं। अर्शदीप ने सोढ़ी और लोकी को आउट किया।
8:15 PM न्यूजीलैंड ने 15 ओवर में 5 विकेट खोकर 71 रन बना लिए हैं। आखिरी ओवरों में कीवी टीम ज्यादा से ज्यादा रन बनाना चाहेगी, लेकिन ये आसान नहीं होने वाला है।
8:05 PM न्यूजीलैंड की आधी टीम पवेलियन लौट गई है। चैपमैन रन आउट का शिकार हो गए हैं।
7:50 PM भारत के स्पिनरों ने न्यूजीलैंड के शीर्ष क्रम को धराशायी कर दिया है। कुलदीप यादव ने डेरिल मिशेल को क्लीन बोल्ड कर दिया। वह 8 रन बनाकर आउट हुए।
7:36 PM दीपक हुड्डा ने अपने पहले ही ओवर में विकेट झटक लिया है। उन्होंने ग्लेन फिलिप्स को क्लीन बोल्ड किया।
7:28 PM वॉशिंगटन सुंदर ने भारत को बड़ी सफलता दिलाई है। सुंदर ने कॉनवे को पवेलियन भेजा। वह 14 गेंद में 11 रन बनाकर आउट हुए।
7:19 PM युजवेद्र चहल ने भारत को पहली सफलता दिलाई है। उन्होंने फिन एलन को पवेलियन भेजा है। एलन 10 गेंद में 11 रन बनाकर आउट हुए।
7:08 PM न्यूजीलैंड की सलामी जोड़ी क्रीज पर है। फिन एलन और कॉनवे ने टीम को पिछले मैच में अच्छी शुरुआत दिलाई थी। कॉनवे ने फिफ्टी लगाई थी।
6:50 PM दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
टीमें: भारत (प्लेइंग इलेवन): शुभमन गिल, इशान किशन (विकेटकीपर), राहुल त्रिपाठी, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या (कप्तान), दीपक हुड्डा, वाशिंगटन सुंदर, शिवम मावी, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह
न्यूजीलैंड (प्लेइंग इलेवन): फिन एलेन, डेवोन कॉनवे (विकेटकीपर), मार्क चैपमैन, ग्लेन फिलिप्स, डेरिल मिशेल, माइकल ब्रेसवेल, मिशेल सेंटनर (कप्तान), ईश सोढ़ी, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, ब्लेयर टिकनर
6:42 PM न्यूजीलैंड के कप्तान मिशेल सेंटनर ने रविवार को भारत के खिलाफ दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारत ने एक बदलाव करते हुए उमरान मलिक की जगह युजवेंद्र चहल को अंतिम एकादश में शामिल किया है। न्यूजीलैंड ने अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया है।
6:31 PM न्यूजीलैंड के कप्तान मिशेल सेंटनर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है।
6:20 PM टी-20 मैच के लिहाज से इकाना का मैदान भारत के लिये अब तक भाग्यशाली रहा है। भारतीय टीम ने यहां दो टी-20 मुकाबले खेले हैं जहां उसे वेस्टइंडीज और श्रीलंका पर जीत मिली है। पिछले दिनो यहां हुई बारिश के बाद शनिवार को निकली चटक धूप मैदान पर पसरी नमी को सोखने का काम करेगी।
6:07 PM करीब 40 हजार दर्शकों की क्षमता वाले इकाना के खूबसूरत मैदान पर होने वाले मैच के लगभग सभी टिकट बिक चुके हैं। नवाब नगरी क्रिकेट के खुमार में डूबी हुई है। पांड्या की टीम लखनऊ को जीत का तोहफा देकर सीरीज को जीवित रखना चाहेगी।
5:55 PM भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला लखनऊ में खेला जाएगा। पहला मैच न्यूजीलैंड ने जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई है।
5:45 PM भारत बनाम न्यूजीलैंड दूसरे टी20 मैच के लाइव क्रिकेट ब्लॉग में आपका स्वागत है...