फोटो गैलरी

Hindi News क्रिकेटIND vs NZ 1st T20I : न्यूजीलैंड को भारत दौरे पर मिली पहली जीत, पहले टी20 में टीम इंडिया को 21 रनों से हराया

IND vs NZ 1st T20I : न्यूजीलैंड को भारत दौरे पर मिली पहली जीत, पहले टी20 में टीम इंडिया को 21 रनों से हराया

न्यूजीलैंड ने तीन मैचों की सीरीज के शुरुआती टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में शुक्रवार को भारत को 21 रन से शिकस्त दी। न्यूजीलैंड के छह विकेट पर 176 रन के जवाब में भारतीय टीम नौ विकेट पर 155 रन ही बना सकी।

IND vs NZ 1st T20I : न्यूजीलैंड को भारत दौरे पर मिली पहली जीत, पहले टी20 में टीम इंडिया को 21 रनों से हराया
Himanshu Singhलाइव हिन्दुस्तान,नई दिल्लीFri, 27 Jan 2023 10:39 PM
ऐप पर पढ़ें

India vs New Zealand : न्यूजीलैंड ने भारत को पहले टी20 मैच में 21 रनों से हरा दिया है। इस जीत के साथ कीवी टीम ने वनडे सीरीज में मिली करारी हार को भुलाकर तीन मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 176 रन बनाए। इसके जवाब में भारतीय टीम शुरुआत में मिले झटकों से उबर नहीं सकी और 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 155 रन ही बना सकी। भारत के लिए वॉशिंगटन सुंदर ने 28 गेंद में 50, जबकि सूर्यकुमार यादव ने 34 गेंद में 47 रन बनाए। न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने चार ओवर में महज 11 रन देकर दो विकेट लिये। माइकल ब्रेसवेल और लॉकी फर्ग्यूसन ने भी दो-दो विकेट झटके।

इससे पहले न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए डेवोन कॉनवे और डेरिल मिशेल के अर्धशतकों की बदौलत 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 176 रन बनाए हैं। झारखंड क्रिकेट संघ अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी हुई। टीम के सलामी बल्लेबाज फिन एलन और कॉनवे के बीच पहले विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी हुई। फिन ताबड़तोड़ 23 गेंद में 35 रन बनाकर आउट हुए। वॉशिंगटन सुंदर ने एक ही ओवर में न्यूजीलैंड को डबल झटके दिए। उन्होंने पांचवें ओवर में फिन और चैपमैन को आउट किया। इसके बाद ग्लेन फिलिप्स 22 गेंद में 27 रन बनाकर आउट हुए। इस बीच डेवोन कॉनवे अर्धशतक बनाकर आउट हुए। कॉनवे ने 35 गेंद में 52 रन बनाए।  कॉनवे के आउट होने के बाद ब्रेसवेल रन आउट हो गए। हालांकि मिशेल ने आखिरी ओवर में तीन छक्के और एक चौका लगाकर 27 रन बटोरे। भारत ने आखिरी दो ओवर में 35 रन लुटाए। 

IND vs NZ Live Score 1st T20I Live Updates 

न्यूजीलैंड का स्कोर - 176/6 (20)

भारतीय टीम- 155/9 (20)

10:30 PM न्यूजीलैंड ने भारत को तीन मैचों की टी20 सीरीज के पहले मैच में 21 रनों से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। 

10:28 PM ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर ने 26 गेंद में अर्धशतक जड़ दिया है, लेकिन वह भारत को जीत नहीं दिला पाए हैं। वह आखिरी गेंद में 50 रन बनाकर आउट हो गए। 

10:24 PM भारत को आखिरी ओवर में जीत के लिए 33 रन चाहिए। वहीं यहां आपको बता दें कि भारत के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने आखिरी ओवर में 27 रन लुटाए थे। 

10:19 PM वॉशिंगटन सुंदर ने जैकब डफी के तीसरे ओवर में बड़े शॉट लगाए हैं। इस ओवर में 17 रन बने।

10:15 PM कुलदीप यादव तेजी से रन बनाने के प्रयास में आउट हो गए हैं। वह खाता भी नहीं खोल सके। 

10:10 PM भारत का 115 के स्कोर पर सातवां विकेट गिरा है। शिवम मावी तीन गेंद में दो रन बनाकर रन आउट हो गए हैं।

10:05 PM दीपक हुड्डा बड़ा शॉट मारने के प्रयास में अपना विकेट गंवा बैठे हैं। वह 10 गेंद में 10 रन बनाकर आउट हुए। 

9:58 PM 177 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 15वें ओवर में 100 रन पूरे कर लिए हैं। टीम को आखिरी पांच ओवरों में जीत के लिए 67 रन चाहिए।

9:58 PM टीम इंडिया ने 13 ओवर में पांच विकेट खोकर 99 रन बना लिए हैं। क्रीज पर इस समय सुंदर और हुड्डा हैं। भारत को जीत हासिल करनी है तो इनका टिका रहना जरूरी है। 

9:48 PM सूर्यकुमार यादव फिफ्टी से चूक गए हैं। सूर्यकुमार 34 गेंद में 47 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें ईश सोढ़ी ने कैच आउट करवाया। 

9:44 PM भारतीय टीम ने 10 ओवर में 3 विकेट खोकर 74 रन बना लिए हैं। टीम को यहां से जीत के लिए 102 रन चाहिए। 

9:36 PM सूर्यकुमार और कप्तान हार्दिक पांड्या के बीच चौथे विकेट के लिए 37 गेंद में 50 रन की साझेदारी पूरी हो चुकी है। सूर्यकुमार अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं।

9:25 PM भारत ने 8 ओवर में तीन विकेट खोकर 51 रन बना लिए हैं। हार्दिक पांड्या 18 और सूर्यकुमार 19 रन बनाकर खेल रहे हैं। 

9:18 PM न्यूजीलैंड के कप्तान मिशेल सेंटनर ने पावरप्ले के आखिरी ओवर में गजब की गेंदबाजी की है। दुनिया के नंबर वन टी20 बल्लेबाज सूर्यकुमार उनके खिलाफ इस ओवर में एक भी रन नहीं बना पाए। सेंटनर ने मेडन ओवर किया। 

9:12 PM न्यूजीलैंड ने भारत के तीन विकेट झटककर मैच में अपनी पकड़ बना ली है। ईशान और त्रिपाठी के आउट होने के बाद गिल खराब शॉट खेलकर पवेलियन लौट गए हैं। 

9:04 PM ईशान किशन के आउट होने के बाद अगले ओवर में राहुल त्रिपाठी भी सस्ते में पवेलियन लौट गए हैं। वह 6 गेंद खेलने के बाद खाता भी नहीं खोल सके। 

8:57 PM 177 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही है। टीम ने दूसरे ओवर में ईशान किशन का विकेट गंवा दिया है। किशन 5 गेंद में 4 रन बनाकर आउट हुए। 

8:44 PM न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 176 रन बनाए। डेरिल मिशेल ने नाबाद 59 रन की आक्रामक पारी खेली जबकि कॉनवे ने 52 रन बनाए।

8:35 PM अर्शदीप सिंह के आखिरी ओवर में लगातार गेंदों पर तीन छक्के लगाकर मिशेल ने अर्धशतक पूरा किया। 

8:26 PM वनडे सीरीज में दमदार प्रदर्शन करने वाले माइकल ब्रेसवेल टी20 सीरीज के पहले मैच में रन आउट हो गए हैं। ब्रेसवेल दो गेंद में एक रन बनाकर आउट हुए।

8:22 PM अर्शदीप सिंह ने न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज डेवोन कॉनवे को आउट करके पवेलियन भेज दिया है। कॉनवे 35 गेंद में 52 रन बनाकर आउट हुए।

8:21 PM डेरिल मिशेल खतरनाक बल्लेबाजी करते हुए नजर आ रहे हैं। वह 20 गेंद में 31 रन बना चुके हैं। 

8:15 PM डेवोन कॉनवे ने भारत के खिलाफ पहले टी20 मैच में अर्धशतक जड़ दिया है। उन्होंने 31 गेंदों में 50 रन पूरे किए। पारी में उन्होंने 7 चौके और एक छक्का लगाया है। 

8:11 PM डेरिल मिशेल के खिलाफ कैच आउट के लिए भारतीय टीम ने रिव्यू लिया था, लेकिन गेंद और बैट का संपर्क नहीं हुआ था। न्यूजीलैंड ने 117 रन बना लिए हैं। 

7:58 PM कुलदीप यादव ने भारत को तीसरी सफलता दिलाई। उन्होंने ग्लेन फिलिप्स को अपनी जाल में फंसाया है। ग्लेन 22 गेंद में 17 रन बनाकर आउट हुए। सूर्यकुमार ने उनका कैच पकड़ा। 

7:46 PM फिन के आउट होने के बाद कॉनवे ने बड़े शॉट लगाए हैं। कीवी टीम एक ही ओवर में दो विकेट गंवाने के बावजूद घबराई नहीं और तेजी से रन बटोरने की कोशिश कर रही है। 

7:35 PM पावरप्ले के शुरुआती 4 ओवर में कीवी टीम का दबदबा था, लेकिन पांचवें ओवर में सुंदर ने दो विकेट चटकाकर भारत को बड़ी सफलता दिलाई। 

7:30 PM वॉशिंगटन सुंदर ने 5वें ओवर में भारत को दो बड़ी सफलता दिलाई है। उन्होंने पहले फिन और फिर आखिरी गेंद पर चैपमैन को कॉट एंड बोल्ड किया। चैपमन खाता भी नहीं खोल सके। 

7:24 PM फिन एलन धुआंधार पारी खेलकर पवेलियन लौट गए हैं। वॉशिंगटन सुंदर ने उन्हें कैच आउट करवाया। फिन 23 गेंद में 35 रन बनाकर पवेलियन लौटे। 

7:15 PM न्यूजीलैंड की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अच्छी शुरुआत की है। शुरुआती तीन ओवरों में टीम ने बिना विकेट गंवाए 26 रन बना लिए हैं।

7:08 PM वनडे सीरीज में फ्लॉप रहे फिन एलन ने टी20 सीरीज में अच्छी शुरुआत की है। पहले मैच के पहले ओवर में उन्होंने दो चौके जड़ दिए हैं। 

6:50 PM अर्शदीप सिंह, उमरान मलिक और शिवम मावी की तिकड़ी एक बार मैदान पर अपने करतब दिखाने के लिए तैयार है। अर्शदीप सिंह के लिए पिछला सीरीज ज्यादा अच्छा नहीं रहा था। 

न्यूजीलैंड (प्लेइंग इलेवन): फिन एलेन, डेवोन कॉनवे (विकेटकीपर), मार्क चैपमैन, डेरिल मिशेल, ग्लेन फिलिप्स, मिशेल सेंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, जैकब डफी, ईश सोढ़ी, लॉकी फर्ग्यूसन, ब्लेयर टिकनर

भारत (प्लेइंग इलेवन): ईशान किशन (विकेटकीपर), शुभमन गिल, राहुल त्रिपाठी, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या (कप्तान), दीपक हुड्डा, वाशिंगटन सुंदर, शिवम मावी, कुलदीप यादव, उमरान मलिक, अर्शदीप सिंह

6:31 PM भारतीय टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। 

6:25 PM इस साल वनडे विश्वकप होना है और ऐसे में भारतीय टीम को एकदिवसीय मैच अधिक खेलने हैं लेकिन वह न्यूजीलैंड के खिलाफ इस सीरीज से अगले साल होने वाले टी20 विश्वकप के लिए अपनी शुरुआती तैयारियों को पुख्ता अंजाम देने की कोशिश करेगी। 

6:14 PM भारत की बल्लेबाजी मजबूत नजर आती है लेकिन उसे गेंदबाजी विभाग पर ध्यान देने की जरूरत है। भारत ने वनडे श्रृंखला में न्यूजीलैंड को चारों खाने चित किया था लेकिन टी20 में मिशेल सैंटनर की अगुवाई में कीवी टीम वापसी करने की कोशिश करेगी।

5:56 PM भारत ने इस मैदान पर अपने तीनों टी20 मुकाबले जीते हैं और वह चौथी बार भी विजय हासिल करना चाहेगा। 

5:45 PM वनडे सीरीज में क्लीन स्वीप करके आत्मविश्वास से ओतप्रोत भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ शुक्रवार से शुरू हो रही तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की श्रृंखला में अपना विजय अभियान जारी रखने के लिए उतरेगी।

5:30 PM भारत बनाम न्यूजीलैंड पहले टी20 मैच के लाइव क्रिकेट ब्लॉग में आपका स्वागत है...

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें