फोटो गैलरी

Hindi News क्रिकेटIND vs NZ: न्यूजीलैंड चारों खाने चित, टीम इंडिया ने विशाल अंतर से जीता तीसरा टी20 मैच; सीरीज पर भी किया कब्जा

IND vs NZ: न्यूजीलैंड चारों खाने चित, टीम इंडिया ने विशाल अंतर से जीता तीसरा टी20 मैच; सीरीज पर भी किया कब्जा

Ind vs NZ 3rd T20I Match LIVE: दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच T20 सीरीज का फाइनल मैच खेला गया। इस मैच को भारत ने 168 रनों के अंतर से जीता। न्यूजीलैंड 66 रन पर ढेर।

IND vs NZ: न्यूजीलैंड चारों खाने चित, टीम इंडिया ने विशाल अंतर से जीता तीसरा टी20 मैच; सीरीज पर भी किया कब्जा
Vikash Gaurलाइव हिन्दुस्तान,नई दिल्लीWed, 01 Feb 2023 10:38 PM
ऐप पर पढ़ें

Ind vs NZ 3rd T20I Match: दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच T20 सीरीज का फाइनल मैच खेला गया। इस मैच को भारत ने 168 रनों के अंतर से जीता। न्यूजीलैंड की टीम 66 रन पर ढेर हो गई। इस मैच में शुभमन गिल ने शतक जड़ा, जबकि गेंदबाजी में कप्तान हार्दिक पांड्या ने कमाल किया। उन्हें चार सफलताएं मिलीं। रनों के लिहाज से ये भारत की सबसे बड़ी जीत है।

दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच T20 सीरीज का फाइनल मैच खेला गया। इस मैच में भारतीय टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। शुभमन गिल (63 गेंदों में नाबाद 126) की तूफानी शतकीय पारी के दम पर भारत ने न्यूजीलैंड के सामने 235 रन का विशाल लक्ष्य रखा, लेकिन कीवी टीम 66 रन पर ढेर हो गई।  

भारत को पहला झटका ईशान किशन के रूप में जल्दी लगा, लेकिन इसके बाद पावरप्ले में शुभमन गिल और राहुल त्रिपाठी ने दमदार खेल दिखाया। भारत ने पावरप्ले में 1 विकेट खोकर 58 रन बनाए। राहुल त्रिपाठी 44 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर आउट हुए। सूर्या ने भी एक तेज पारी खेली। वहीं, शुभमन गिल ने टी20आई करियर की पहली फिफ्टी जड़ी। इसे उन्होंने शतक में तब्दील किया। हार्दिक पांड्या ने भी एक तेजतर्रार पारी खेली। 

235 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम को फिन एलन के रूप में पहले ही ओवर में झटका लगा। दूसरे ओवर में अर्शदीप ने डेवोन कॉनवे को चलता किया। हार्दिक पांड्या ने चौथा विकेट भारत को फिलिप्स के रूप में दिलाया। न्यूजीलैंड को पांचवां झटका देर से लगा, लेकिन फिर कुछ ही समय में बाकी के सभी बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। 

India vs New Zealand 3rd T20I Match LIVE Updates

IND 234/4 (20 ओवर)

NZ 66 (12.1 ओवर)

10:12 PM - भारत के लिए उमरान मलिक ने न्यूजीलैंड के ताबूत में आखिरी कील ठोकी, जब उन्होंने डेरिल मिचेल को 35 रन पर चलता किया। उनका कैच शिवम मावी ने पकड़ा। 

10:06 PM - न्यूजीलैंड का 9वां विकेट हार्दिक पांड्या ने गिराया। पांड्या ने ब्लेयर टिकनेर को एक रन पर ईशान किशन के हाथों कैच आउट कराया। हार्दिक की ये इस मैच में चौथी सफलता थी। उन्होंने सिर्फ 16 रन अपने 4 ओवर में दिए। 

9:52 PM - भारत को 8वीं सफलता हार्दिक पांड्या ने दिलाई। उन्होंने लौकी फर्ग्यूसन को शून्य पर आउट किया। उनका कैच उमरान मलिक ने पकड़ा। 

9:48 PM - न्यूजीलैंड को सातवां झटका ईश सोढ़ी के रूप में लगा, जो बिना खाता खोले शिवम मावी की गेंद पर आउट हो गए। उनका कैच राहुल त्रिपाठी ने पकड़ा।  

9:45 PM - भारत को छठी सफलता शिवम मावी ने दिलाई, जिन्होंने मिचेल सैंटनर को 13 रन पर सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच आउट कराया। सूर्या ने बाउंड्री लाइन पर शानदार कैच पकड़ा। 

9:40 PM - कीवी टीम 235 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही है, लेकिन 8 ओवर में 50 रन भी पूरे नहीं हुए हैं, क्योंकि टीम के 5 विकेट गिर चुके हैं। इस समय डेरिल मिचेल और मिचेल सैंटनर क्रीज पर हैं। 

9:25 PM - न्यूजीलैंड को पांचवां झटका उमरान मलिक ने दिया। उन्होंने माइकल ब्रेसवेल को क्लीन बोल्ड कर दिया। ब्रेसवेल 8 रन बनाकर पवेलियन लौटे। न्यूजीलैंड की आधी टीम अब पवेलियन में है।

9:10 PM - भारत के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में न्यूजीलैंड की टीम पूरी तरह बैकफुट पर है। टीम को चौथा झटका ग्लेन फिलिप्स के रूप में लगा जो 2 रन बना सके। पांड्या ने उन्हें सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच आउट कराया। 

9:03 PM - न्यूजीलैंड की टीम अभी पहले विकेट के सदमे से निकली नहीं थी कि अर्शदीप सिंह ने दूसरे ओवर में डेवोन कॉनवे को चलता किया। वे एक रन बना सके। उनका कैच हार्दिक पांड्या ने पकड़ा। इसी ओवर में उन्होंने मार्क चैपमैन को चलता किया, जो खाता भी नहीं खोल सके। 

8:58 PM - न्यूजीलैंड को पहला झटका फिन एलन के रूप में लगा, जो 3 रन बनाकर हार्दिक पांड्या की गेंद पर सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच आउट हो गए। न्यूजीलैंड के सामने 335 रन का विशाल लक्ष्य है।

8:44 PM - भारतीय पारी कंप्लीट हो गई है। शुभमन गिल ने 63 गेंदों में 12 चौकों और छक्कों की मदद से नाबाद 126 रन बनाए। वहीं, हार्दिक पांड्या 20वें ओवर की पहली गेंद पर आउट हुए। उन्हें डेरिल मिचेल ने ब्रेसवेल के हाथों लपकवाया। हार्दिक ने 17 गेदों में  4 चौकों और 1 छक्के के जरिए 30 रन बनाए।

8:25 PM - गिल ने शतक ठोक दिया है। उन्होंने फॉर्ग्यूसन द्वारा डाले गए 18वें ओवर की पहली गेंद पर चौका लगाकर सैकड़ा कंप्लीट किया। इसके अलावा उन्होंने ओवर में दो छक्के मारे। उन्होंने 54 गेंदों में 100 का आंकड़ा पार किया। यह गिल के टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला शतक है। 

8:10 PM - शुभमन गिल और हार्दिक पांड्या ने रन गति को कम नहीं होने दिया है। 15 ओवर में टीम ने 156 रन बना लिए हैं। अगले 5 ओवर में कितने रन बनेंगे, ये देखने वाली बात होगी। गिल 67 रन बना चुके हैं।

8:06 PM - भारत ने 14 ओवर में 140 रन का आंकड़ा पार कर लिया। अब कहा जा सकता है कि भारत 200 के पार आसानी से चला जाएगा। इस समय गिल और हार्दिक पांड्या क्रीज पर हैं। दोनों छोर से रन आ रहे हैं।

7:59 PM - सूर्यकुमार यादव के तौर पर भारत का तीसरा विकेट गिरा, जो ब्लेयर टिकनेर की गेंद पर माइकल ब्रेसवेल के हाथों कैच आउट हुए। उन्होंने 13 गेंदों में 24 रन बनाए। कप्तान हार्दिक पांड्या क्रीज पर आए हैं।

7:55 PM - शुभमन गिल ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पहला अर्धशतक 35 गेंदों में पूरा किया। इस मैच में वे अलग अंदाज में दिखे।

7:47 PM - टीम इंडिया की पारी के 10 ओवर का खेल समाप्त हो गया है। टीम ने 100 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। इस वक्त शुभमन गिल और सूर्यकुमार यादव क्रीज पर हैं।

7:40 PM - भारत को दूसरा झटका राहुल त्रिपाठी के रूप में लगा, जो 22 गेंदों में 44 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 3 छक्के जड़े। उनका स्ट्राइक रेट 200 का था। अब सूर्यकुमार यादव क्रीज पर उतरे हैं।

7:38 PM - राहुल त्रिपाठी ने 8वें ओवर में एक चौका और एक छक्का जड़ा। इस तरह भारत ने 8 ओवर में 80 रनों का आंकड़ा पार कर लिया। 

7:30 PM - भारत की टीम ने पावरप्ले को भुनाया। शुभमन गिल और राहुल त्रिपाठी ने कुछ दर्शनीय शॉट लगाए। 6 ओवर में टीम ने 1 विकेट खोकर 58 रन जोड़े। गिल 34 और त्रिपाठी 20 रन बनाकर नाबाद हैं।

7:24 PM - शुभमन गिल ने अपनी क्लास न्यूजीलैंड के गेंदबाजों के खिलाफ दिखाई। उन्होंने 6 चौके अब तक जड़े हैं। तीन चौके उन्होंने पांचवें ओवर में जड़े। 

7:14 PM - गिल और राहुल त्रिपाठी ने तीसरे ओवर में एक-एक चौका जड़ा। भारत अब थोड़ी सधी ही शुरुआत के लिए देख रहा है।

7:10 PM - शुभमन गिल ने दूसरे ओवर में भी एक चौका जड़ा। ईशान के बाद राहुल त्रिपाठी बल्लेबाजी के लिए आए हैं। 

7:08 PM - भारत की टीम को पहला झटका ईशान किशन के रूप में लगा, जो महज 1 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने इस सीरीज में टीम इंडिया और टीम के फैंस को निराश किया है।

7:04 PM - न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले ओवर में भारत ने कुल 6 रन बनाए, जिसमें शुभमन गिल के बल्ले से एक शानदार कवर ड्राइव देखने को मिली।

7:00 PM - भारत की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी शुरू कर दी है। ओपनिंग पर ईशान किशन और शुभमन गिल उतरे। गेंदबाजी की शुरुआत बेन लिस्टर ने की।  

इस मुकाबले के लिए भारत की टीम में एक बदलाव देखने को मिला है। उमरान मलिक को टीम में फिर से जगह मिली है, जबकि युजवेंद्र चहल को बाहर बैठना पड़ा है। कप्तान हार्दिक पांड्या ने बताया है कि पिच को ध्यान में रखते हुए यह बदलाव किया गया है। एक बदलाव न्यूजीलैंड की टीम में हुआ है। जैकब डफी की जगह बेन लिस्टर आए हैं। 

टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन

शुभमन गिल, ईशान किशन (विकेटकीपर), राहुल त्रिपाठी, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या (कप्तान), दीपक हुड्डा, वॉशिंगटन सुंदर, शिवम मावी, कुलदीप यादव, उमरान मलिक और अर्शदीप सिंह

न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन

फिन एलेन, डेवोन कॉनवे (विकेटकीपर), मार्क चैपमैन, ग्लेन फिलिप्स, डेरिल मिशेल, माइकल ब्रेसवेल, मिशेल सेंटनर (कप्तान), ईश सोढ़ी, बेन लिस्टर, लॉकी फर्ग्यूसन और ब्लेयर टिकनर

ये मैच काफी रोमांचक होने वाला है, क्योंकि यहां सीरीज दांव पर होगी। इस मुकाबले को जो टीम जीतेगी, ट्रॉफी उसी के नाम होगी, क्योंकि तीन मैचों की टी20 सीरीज का एक-एक मैच दोनों टीमों ने जीत लिया है। फैंस हाई स्कोरिंग मैच देखना पसंद करेंगे। इस मैच में टॉस साढ़े 6 बजे होगा, जबकि पहली गेंद 7 बजे फेंकी जाएगी। 

भारतीय टीम चाहेगी कि इस मैच में टॉप ऑर्डर रन बनाए, क्योंकि पिछले दो मैचों में टॉप के 3 बल्लेबाज पूरी तरह फेल नजर आए हैं। ईशान किशन, शुभमन गिल और राहुल त्रिपाठी पर अतिरिक्त दबाव होगा। हालांकि, नंबर चार पर सूर्यकुमार यादव अलग ही लय में नजर आ रहे हैं। उन्होंने पहले मैच में भी रन बनाए थे और दूसरे मैच में धीमी पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई थी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें