AUS के खिलाफ क्लासेन के कमाल से दक्षिण अफ्रीका ने तोड़ा भारत का धांसू रिकॉर्ड, 400 प्लस बनाकर रचा बड़ा इतिहास
South Africa vs Australia 4th ODI: दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे वनडे में भारत का एक धांसू रिकॉर्ड तोड़ दिया। दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन का इस मुकाबले में जमकर बल्ला चला।

दक्षिण अफ्रीका के बैटर हेनरिक क्लासेन के बल्ले ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे वनडे में जमकर आग उगली। उन्होंने शुक्रवार को कंगारू गेंदबाजों की बखिया उधेड़ते हुए 83 गेंदों में 174 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने 13 चौके और 13 छक्के ठोके। क्लासेन के कमाल की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने निर्धारित 50 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 416 रन जुटाए। दक्षिण अफ्रीका ने यह स्कोर खड़ा करते ही एक बड़ा इतिहास रच दिया और टीम इंडिया का धांसू रिकॉर्ड तोड़ डाला।
दरअसल, दक्षिण अफ्रीका वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार 400 प्लस स्कोर खड़ा करने वाली टीम बन गई है। दक्षिण अफ्रीका ने सातवीं बार यह कारनामा अंजाम दिया। वहीं, भारत ने अब तक 6 बार 400 प्लस टोटल बनाया है। इस लिस्ट में इंग्लैंड की टीम तीसरे स्थान पर हैं, जिसने 5 बार ऐसा किया। दक्षिण अफ्रीका ने इसके अलावा वनडे में डेथ ओवरों में सर्वाधिक रन जोड़ने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया सामने डेथ ओवरों में 174 रन बटोरे।
वनडे में डेथ ओवरों में हाईएस्ट टोटल
173 - दक्षिण अफ़्रीका बनाम ऑस्ट्रेलिया, आज
164 - इंग्लैंड बनाम नीदरलैंड, 2022
163 - दक्षिण अफ्रीका बनाम वेस्टइंडीज, 2015
बता दें कि पांचवें नंबर पर उतरे क्लासे ने महज 57 गेंदों में शतक जड़ दिया था। यह दक्षिण अफ्रीका के लिए तीसरे सबसे तेज सेंचुरी है। वहीं, यह उनके वनडे करियर की तीसरा शतक है। क्लासेन का 174 रन की पारी में स्ट्राइक रेट 209.64 का रहा। यह उनका सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है। उन्होंने डेविड मिलर के साथ पांचवें विकेट के लिए 94 गेंदों में 222 रन की साझेदारी की। यह वनडे में सबसे तेज दोहरी शतकीय साझेदारी है। क्लासेन 50वें ओवर की आखिरी गेंद पर मार्कस स्टोइनिस का शिकार बने। मिलर 45 गेंदों में 6 चौकों और 5 छक्कों की बदौलत 82 रन बनाकर नाबाद रहे।
