पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर हसन रजा ने पहले गेंद और अब DRS पर उठाए सवाल, बोले- चीजों को चेक किया जाए
पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर हसन रजा ने पहले गेंद और अब DRS पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पहले कहा था कि भारत को कुछ अलग गेंद दी जा रही है, जबकि अब उन्होंने डीआरएस टेक्नोलॉजी पर निशाना साधा है।

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी हसन रजा ने इंडिया वर्सेस श्रीलंका मैच के बाद आईसीसी और बीसीसीआई पर निशाना साधा था। उन्होंने पाकिस्तान के एक टीवी चैनल पर कहा था कि शायद आईसीसी भारतीय खिलाड़ियों को अलग गेंद दे रही है। इस पर खूब विवाद हुआ। पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटरों से लेकर दुनिया के तमाम खिलाड़ियों ने उनको लताड़ लगाई, लेकिन हसन रजा रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। अब उन्होंने डिसिजन रिव्यू सिस्टम यानी डीआरएस पर सवाल उठाए हैं।
इंडिया वर्सेस साउथ अफ्रीका मैच में हेनरिक क्लासेन जिस तरह से lbw आउट हुए, उसे हसन रजा सही नहीं मान रहे। उन्होंने कहा कि लेग स्टंप पर गेंद पिच होने के बाद कैसे अंदर आ गई। उन्होंने एबीएन न्यूज पर नई डिबेट में ये तो स्वीकार किया कि गेंद से कोई छेड़छाड़ नहीं हुई है, लेकिन उन्होंने ये जरूर कहा है कि गेंद हल्की होगी तो स्पिन करेगी। उन्होंने आगे डीआरएस को लेकर कहा, "जडेजा ने आज पांच खिलाड़ी आउट किए। ये उनका करियर बेस्ट बॉलिंग थी।"
इसी पर आगे बोलते हुए हसन रजा ने कहा, "पांच आउट किए तो हमने डीआरएस और टेक्नोलॉजी की बात की। वैन डर डूसेन मैन बैटर हैं साउथ अफ्रीका के। लेफ्ट आर्म स्पिनर का बॉल कैसे लेग स्टंप से स्पिन होके वापस कैसे मिडिल में आ सकता है। वह तो जहां से निकलता है। लाइन पर इम्पैक्ट करता है और बाहर चला जाता है। वह गेंद भी लेग स्टंप पर जा रहा था, लेकिन यही वह चीजें हैं जो अपना-अपना ओपिनियन दे रहे थे और मैं भी दे रहा हूं कि चीजों को थोड़ा चेक किया जाए।"
ये भी पढ़ेंः पत्नी अनुष्का शर्मा की फिल्म के सॉन्ग पर बीच मैदान पर थिरके बर्थडे ब्वॉय विराट कोहली, वीडियो वायरल
एंकर ने जब उनसे सवाल किया कि आप कह रहे हैं कि डीआरएस को मैन्यूपुलेट (हेर-फेर) किया जा रहा है तो उन्होंने कहा, "हां डीआरएस मैन्यूपुलेट हो रहा है और दिख रहा है। ये पहला डीआरएस नहीं है। इससे पहले भी दो-तीन डीआरएस भारत के पक्ष में गए हैं। मैं यहां पाकिस्तान की बात करूंगा, जब वे साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेल रहे थे और आखिरी विकेट के दौरान डीआरएस फैसला पाकिस्तान के पक्ष में नहीं गया।"