Happy Birthday MS Dhoni: केक काटकर महेंद्र सिंह धोनी ने मनाया 41वें बर्थडे का जश्न, पत्नी साक्षी ने शेयर किया वीडियो
पूर्व भारतीय कप्तान और सर्वकालिक महान विकेटकीपर-बल्लेबाजों में से एक एमएस धोनी आज (7 जुलाई) अपना 41वां जन्मदिन मना रहे हैं। धोनी की पत्नी साक्षी ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें माही केक काट रहे हैं।

इस खबर को सुनें
महेंद्र सिंह धोनी आज अपना 41वां जन्मदिन मना रहे हैं। क्रिकेट के इतिहास में बेहतरीन कप्तानों में से एक रहे एमएस धोनी के लिए फैंस के बीच अभी भी काफी क्रेज है। धोनी को चाहने वाले सोशल मीडिया पर उनके किए कारनामों या उनके साथ की तस्वीरे शेयर करते हुए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दे रहे हैं। रांची के रहने वाले एम एस धोनी फिलहाल अपनी पत्नी साक्षी के साथ अपनी 12वीं शादी की सालगिरह (जो 4 जुलाई को थी) और अपना जन्मदिन मनाने के लिए यूनाइटेड किंगडम में हैं।
पूर्व भारतीय कप्तान की पत्नी साक्षी धोनी ने अपने इंस्टाग्राम अंकाउट से एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें माही केक काटते हुए नजर आ रहे हैं। धोनी ने अपने परिवार और दोस्तो के साथ बर्थडे मनाया। दिलचस्प बात यह है कि भारत के विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत भी पार्टी में शामिल हुए।
Happy Birthday MS Dhoni: 41 साल के हुए दिग्गज एमएस धोनी, जानिए उनके करियर से जुड़ी दिलचस्प बातें
4 जुलाई 2010 को धोनी से शादी करने वाली साक्षी ने तीनों आईसीसी ट्रॉफी जीतने वाले एकमात्र भारतीय कप्तान की दोस्तों के साथ की तस्वीर भी सोशल मीडिया पर शेयर की है, जिसमें भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत भी धोनी की पार्टी में नजर आ रहे हैं, जोकि भारत के इंग्लैंड दौरा का हिस्सा हैं।
धोनी ने 90 टेस्ट, 350 वनडे और 98 T20I में भारत का प्रतिनिधित्व किया। चौंकाने वाले फैसले लेने के लिए जाने जाने वाले धोनी का खेल से संन्यास का ऐलान भी कुछ इसी तरह से आया था। उन्होंने आखिरी बार दिसंबर 2014 में भारत के लिए एक टेस्ट खेला था, जिसके बाद उन्होंने खुलासा किया कि यह अंतरराष्ट्रीय करियर का उनका अंतिम रेड-बॉल मैच होगा। फिर 15 अगस्त 2020 को उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपना एक वीडियो पोस्ट किया, जिसके जरिए उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया था।