GT vs MI मैच के दौरान दिखा फनी मूमेंट, राशिद खान ने अपने जूते पर ही मार दिया थ्रो
राशिद खान गेंद को जल्दी पकड़कर थ्रो करने के चक्कर में जमीन पर गिर गए और वहां से थ्रो करने पर गेंद उनके जूते से जाकर टकरा गई।

इस खबर को सुनें
गुजरात टाइटन्स के कप्तान हार्दिक पंड्या ने शुक्रवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में टॉस जीतकर मुंबई इंडियंस को बल्लेबाजी का न्यौता दिया। मुंबई इंडियंस ने एक बदलाव किया है जिसमें ऋतिक शौकीन की जगह एम अश्विन को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है। गुजरात टाइटन्स बिना बदलाव के उतरी है।
मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अच्छी शुरुआत की है। मुंबई इंडियंस का इस सीजन पावरप्ले का सबसे अच्छा स्कोर है। मुंबई ने 6 ओवर में बिना विकेट खोए 63 रन बनाए। रोहित आज अच्छी लय में नजर आए। हालांकि वह 43 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
मुंबई इंडियंस की पारी के 7वें ओवर के दौरान राशिद खान ने कवर पर खराब फील्डिंग की। दरअसल ईशान किशन ने इस ओवर की दूसरी गेंद को कवर की तरफ खेलकर सिंगल लिया। लेकिन इस दौरान राशिद गेंद को जल्दी पकड़कर थ्रो करने के चक्कर में जमीन पर गिर गए और वहां से थ्रो करने पर गेंद उनके जूते से जाकर टकरा गई। इस वाकया को देखकर पांड्या और राशिद हंसते हुए नजर आए। हालांकि इस बीच मुंबई के बल्लेबाजों ने दो रन बटोर लिए।
मुंबई इंडियंस की सलामी जोड़ी को अगले ओवर में राशिद खान ने तोड़ा। उन्होंने रोहित को एलबीडब्ल्यू आउट करके पवेलियन भेजा। रोहित 28 गेंद में 43 रन बनाकर आउट हुए। पारी में उन्होंने 5 चौके और 2 छक्के लगाए।