बाइक्स के शौकीन एमएस धोनी ने चलाया ट्रैक्टर, CSK ने शेयर किया VIDEO
लॉकडाउन की वजह से भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी क्रिकेट से दूर अपनी फैमिली संग समय बिता रहे हैं। अभी कोरोना की वजह से आईपीएल स्थगित नहीं होता तो एमएस धोनी निश्चित तौर पर...

लॉकडाउन की वजह से भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी क्रिकेट से दूर अपनी फैमिली संग समय बिता रहे हैं। अभी कोरोना की वजह से आईपीएल स्थगित नहीं होता तो एमएस धोनी निश्चित तौर पर चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से खेल रहे होते। लॉकडाउन में अक्सर अपनी बेटी जीवा के साथ दिखाई देने वाले धोनी अब एक नए अवतार में दिखाई दिए हैं जहां बाइक्स और कारों के शौकीन धोनी देशी स्टाइल में ट्रैक्टर दौड़ाते नजर आए हैं।
इंडियन प्रीमियर लीग की फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने ट्वीटर अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया है जिसमें धोनी ट्रैक्टर चला रहे हैं। सीएसके ने सोशल मीडिया पर धोनी का वीडियो शेयर करते हुए इसके कैप्शन में लिखा, 'थाला (कप्तान) धोनी अपने इस नए बीस्ट पर सवार होकर राजा (इलैया राजा) से मिले।'
#Thala Dhoni meets Raja Sir in his newest beast! 😍 #HBDIlayaraja #WhistlePodu pic.twitter.com/dNQv0KnTdP
— Chennai Super Kings (@ChennaiIPL) June 2, 2020
ट्रैक्टर चलाने के दौरान महेंद्र सिंह धोनी के साथ एक शख्स मौजूद हैं, जो उन्हें ट्रैक्टर के फंक्शन के बारे में माही को समझा रहे हैं। साथ ही धोनी को गियर और बाकी फंक्शन के बारे में बता रहे हैं। धोनी ने जैसे ही ट्रैक्टर भगाया तो वह शख्स घबरा गया और ट्रैक्टर को पकड़ लिया।
बता दें कि दुनिया जानती है कि धोनी को बाइक्स और कारों का कितना शौक है और उनके पास कई कारें और सुपरबाइक्स हैं, जो उनके रांची स्थित फार्म हाउस की शान बढ़ा रही हैं। धोनी अक्सर अपनी बाइक और गाड़ियों की सवारी कर फैन्स को इनकी झलक भी दिखाते हैं।
रातू (सिमालिया) स्थित नए फार्म हाउस में धोनी ने अपनी मोटरसाइकिलों के लिए एक बिल्डिंग बनाई है। उनके मुख्य आवास से 50 मीटर की दूरी पर स्थित ये बिल्डिंग देखने में एक शोरूम की तरह लगती है। इसमें धोनी के पास फरारी 599 जीटीओ, हुमेर एच 2 और जीएमसी सिएरा शामिल हैं। टू व्हीलर्स में उनके पास कावासाकी निंजा एच 2, कान्फेडरेट हैलकैट, बीएसए, सुजुकी हेयबुषा और एक नार्टान विंटेज हैं।