फोटो गैलरी

अगला लेख

अगली खबर पढ़ने के लिए यहाँ टैप करें

हिंदी न्यूज़ क्रिकेटरेप केस से कप्तानी गंवाने तक: साल 2022 में क्रिकेट वर्ल्ड की 5 सबसे बड़ी कंट्रोवर्सी, जिन्होंने जमकर बटोरी सुर्खियां

रेप केस से कप्तानी गंवाने तक: साल 2022 में क्रिकेट वर्ल्ड की 5 सबसे बड़ी कंट्रोवर्सी, जिन्होंने जमकर बटोरी सुर्खियां

Cricket Controversies of 2022: साल 2022 क्रिकेट जगत के कई बड़े विवादों का गवाह बना। कई कंट्रोवर्सी मैदान पर तो कई बाहर हुईं, जिनकी जमकर चर्चा हुई। चलिए, आपको ऐसे ही 5 विवादों के बारे में बताते हैं।

रेप केस से कप्तानी गंवाने तक: साल 2022 में क्रिकेट वर्ल्ड की 5 सबसे बड़ी कंट्रोवर्सी, जिन्होंने जमकर बटोरी सुर्खियां
Md.akram लाइव हिंदुस्तान टीम,नई दिल्लीFri, 30 Dec 2022 05:48 PM
ऐप पर पढ़ें

2022 क्रिकेट के लिहाज से काफी खास रहा। कई खिलाड़ियों ने नए कीर्तिमान हासिल किए और कुछ युवाओं में भविष्य के स्टार की झलक नजर आई। पूरे साल क्रिकेट में अनेक मर्तबा जहां रोमांचक पल देखने को मिले तो विवादों का साथ भी रहा। यह साल भी क्रिकेट जगत के विवादों से अछूता नहीं रहा, जिसमें खिलड़ियों से लेकर बोर्ड तक शामिल हैं। यहां हम आपको उन 5 बड़ी कंट्रोवर्सी से रू-ब-रू करवाएंगे, जिन्होंने जमकर सुर्खियां बटोरीं।

रेप केस

श्रीलंकाई क्रिकेटर दनुष्का गुनाथिलका पर इस साल नवंबर में एक महिला ने रेप का आरोप लगाया था। गुनाथिलका पर यह आरोप उस वक्त लगा, जब उनकी टीम ऑस्ट्रेलिया में आयोजित टी20 विश्व कप 2022 में खेल रही थी। गुनाथिलका चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे लेकिन श्रीलंका टीम के साथ बने रहे। 29 साल की महिला ने कहा कि कि गुणाथिलका ने घर पर उसका 4 बार यौन उत्पीड़न किया। पुलिस ने विश्व कप के दौरान ही गुनाथिलका को गिरफ्तार कर लिया था। वह सिडनी की जेल में कई दिनों तक बंद रहे, जिसके बाद उन्हें बेल पर छोड़ा गया।

कप्तानी से इस्तीफा

भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने इस साल जनवरी में अचानक टेस्ट टीम की कप्तानी से इस्तीफा दे दिया था, जिसपर लोगों को यकीन नहीं हुआ। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 1-2 से हार के बाद यह फैसला लिया था। कई लोगों ने कहा कि कोहली से जिस तरह वनडे टीम की कप्तानी छीनी गई, उससे दिग्गज खिलाड़ी को बुरा लगा। दरअसल, टी20 वर्ल्ड कप 2021 के बाद कप्तान कोहली ने इस फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ दी थी लेकिन कुछ वक्त बाद उनसे वनडे टीम की कमान छीन ली गई। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही थी कोहली रेड-बॉल फॉर्मेट में अगुवाई करते रहेंगे मगर उन्होंने कुछ ही हफ्तों के अंदर सभी को हैरान करने दिया था।

मांकडिंग विवाद

भारत की महिला क्रिकेटर दीप्ति शर्मा का सितंबर में इंग्लैंड की चार्ली डीन को मांकडिंग करने पर खूब हंगामा हुआ था। क्रिकेट जगत दो खेमों में बंट गया था। बहुत सारे क्रिकेट एक्सपर्ट-पूर्व क्रिकेटर्स ने दीप्ति का सपोर्ट किया और नियम का हवाला दिया जबकि अनेक लोगों ने इसे खेल भावना के विरुद्ध करार दिया। गौरतलब है कि दीप्ति ने इंग्लैंड दौरे पर तीसरे वनडे के दौरान चार्ली को नॉन-स्ट्राइकर एंड पर रन आउट किया था। चार्ली गेंद फेंकने से पहले ही क्रीज से आगे निकल गई थीं।

नो-बॉल ड्रामा

भारतीय टीम ने 23 अक्टूबर को टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ 4 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की थी। भारत को आखिरी गेंद पर जीत नसीब हुई। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) में खेले गए मैच का अंतिम ओवर काफी धड़कने बढ़ाने वाला था। मोहम्मद नवाज द्वारा फेंके गए इस ओवर में विकेट, छक्का, नो-बॉल और फ्री हिट सब कुछ देखने को मिला। हालांकि, नो-बॉल को लेकर विवाद हो गया। भारत को 3 गेंदों में 13 रन की जरूरत थी और नवाज ने कोहली को कमर पर फुल टॉस फेंकी, जिसपर छक्का पड़ गया। शुरू में अंपायर ने इसे नो बॉल नहीं दिया लेकिन कोहली के कहने के बाद अपना फैसला पलट दिया।

एशिया कप मेजबानी

एशिया कप 2023 की मेजबानी पाकिस्तान के पास है, जिसपर पिछले कुछ महीनों में खूब बयानबाजी हुई। दरअसल, बीसीसीआई सचिव जय शाह ने अक्टूबर में कहा कि टीम इंडिया अगले साल एशिया कप के लिए पाकिस्तान नहीं जाएगी और किसी न्यूट्रल वेन्यू पर खेलेगी। इसके बाद से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) और पूर्व पाक क्रिकेटर्स ने भारत को गीदड़ भभकी देना शुरू कर दिया। पीसीबी ने कहा कि अगर भारतीय टीम एशिया कप के लिए आएगी तो फिर पाकिस्तान भी भारत में होने वाले वनडे वर्ल्ड 2023 में नहीं खेलेगा। हालांकि, पीसीबी में हाल ही में हुए फेरबदल के बाद से पाकिस्तान के रुख में नरमी आई है।
 

लेटेस्ट Cricket News, Cricket Live Score, Cricket Schedule और T20 World Cup की खबरों को पढ़ने के लिए Live Hindustan AppLive Hindustan App डाउनलोड करें।