20 साल के दुनिथ वेल्लालगे ने भारतीय टॉप आर्डर को किया ध्वस्त; गिल, रोहित, कोहली और राहुल को भेजा पवेलियन
श्रीलंका के युवा स्पिनर दुनिथ वेल्लालगे ने भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली, रोहित शर्मा, शुभमन गिल और केएल राहुल को पवेलियन भेजा। दुनिथ ने श्रीलंका को पहली सफलता दिलाई थी।
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ एशिया कप के सुपर 4 के मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 80 रन की साझेदारी हो चुकी थी और ऐसा लग रहा था कि ये जोड़ी श्रीलंका की मुश्किलें और बढ़ाने वाली है। लेकिन कप्तान दसुन शानका ने दुनिथ वेल्लालगे को गेंद थमाई और उन्होंने भारत के टॉप आर्डर को ध्वस्त कर दिया।
भारतीय पारी के 12वें ओवर में गेंदबाजी करने आए दुनिथ ने पहली ही गेंद पर शुभमन गिल को क्लीन बोल्ड कर दिया। उन्होंने रोहित और गिल के बीच हुई साझेदारी को तोड़ा। शुभमन गिल ने 25 गेंद में 19 रन बनाए। इसके बाद अपने अगले ओवर में दुनिथ ने पाकिस्तान के खिलाफ शतक लगाने वाले स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को आउट किया। कोहली तीन रन ही बना सके। दुनिथ वेल्लालगे ने इसके बाद अपने तीसरे ओवर में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को पवेलियन का रास्ता दिखाया, जोकि 48 गेंद में 53 रन बना चुके थे।
सचिन-कोहली और धोनी के क्लब में शामिल हुए रोहित शर्मा, 10 हजार रन पूरा करने वाले बने छठे भारतीय
दुनिथ वेल्लालगे ने केएल राहुल को कॉट एंड बोल्ड किया। राहुल अच्छी लय में नजर आ रहे थे। उन्होंने 44 गेंद में 39 रन बनााए। अपनी पारी में उन्होंने दो चौके लगाए। दुनिथ खबर लिखे जाने तक 9 ओवर में 39 रन देकर 4 विकेट लिए हैं। केएल राहुल और ईशान किशन के बीच चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी हुई।
