IPL 2023 से पहले मुंबई इंडियंस की खास तैयारी, कोई नो लुक सिक्स तो कोई सामने जड़ रहा छक्के, वीडियो वायरल
IPL 2023 से पहले मुंबई इंडियंस की खास तैयारी मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में जारी है। कोई नो लुक सिक्स तो कोई सामने की ओर छक्के जड़ता हुआ नजर आ रहा है। ये डेवाल्ड ब्रेविस और रोहित शर्मा हैं।

मुंबई इंडियंस के लिए IPL 2022 का सीजन टूर्नामेंट के इतिहास का सबसे खराब सीजन था। टीम ने सिर्फ 4 मैच ही जीते थे। हालांकि, IPL 2023 में मुंबई इंडियंस ऐसा नहीं चाहेगी। मुंबई को अपने घरेलू मैदान वानखेड़े स्टेडियम में खेलने का मौका मिलेगा तो टीम के फैंस यहां दमदार प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे होंगे। ऐसे में आईपीएल के 16वें सीजन से पहले मुंबई इंडियंस की खास तैयारी मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में जारी है। कोई नो लुक सिक्स तो कोई सामने की ओर छक्के जड़ता हुआ नजर आ रहा है।
दरअसल, मुंबई इंडियंस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर U19 वर्ल्ड कप 2022 के हीरो डेवाल्ड ब्रेविस और टीम के कप्तान रोहित शर्मा का वीडियो शेयर किया है। इसमें बेबी एबी कहे जाने वाले साउथ अफ्रीका के युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस नो लुक सिक्स जड़ते हुए नजर आ रहे हैं, जिसमें वह गेंद को हिट करने के बाद गेंद की तरफ देखते भी नहीं हैं। वहीं, रोहित शर्मा का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह सामने की तरफ गेंद को छक्के के लिए भेज रहे हैं। आप भी इन वीडियो को यहां देख सकते हैं।
5 बार की आईपीएल विजेता टीम की निगाहें छठे खिताब पर होंगी, लेकिन टीम के लिए ये आसान नहीं होने वाला है। जसप्रीत बुमराह इस सीजन टीम का हिस्सा नहीं होंगे, क्योंकि उनके सर्जरी हुई है और इस वजह से वे अगले कुछ महीने क्रिकेट की दुनिया से दूर रहेंगे। हालांकि, टीम के पास इस साल जोफ्रा आर्चर की सर्विस होगी, लेकिन देखना यह होगा कि क्या ये गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की भरपाई कर पाएगा या नहीं?