DC vs MI Playing 11: आज मुंबई से घर में हिसाब चुकता करेगी दिल्ली? नॉर्खिया की जगह पेसर की होगी एंट्री
DC vs MI Playing 11 IPL 2024 Match 43 Probable XI: आईपीएल 2024 का 43वां मैच शनिवार को दिल्ली और मुंबई के बीच खेला जाएगा। जानिए, ऋषभ पंत और हार्दिक पांड्या किस प्लेइंग इलेवन के साथ उतर सकते हैं?
आईपीएल 2024 में शनिवार (27 अप्रैल) को डबल हेडर है। दिन का पहला मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) और मुंबई इंडियंस (एमआई) के बीच खेला जाएगा। दोनों टीम दोपहर साढ़े तीन बजे से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में भिड़ेंगी। डीसी और एमआई मौजूदा सीजन में दूसरी बार आमने-सामने होंगी। दोनों जब सात अप्रैल को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में टकराईं तो डीसी को 29 रन से हार का मुंह देखना पड़ा था। ऐसे में दिल्ली अब घर पर मुंबई से हार का हिसाब चुकता करने की फिराक में होगी। डीसी ने 9 मैचों में से चार जीते हैं और पॉइंट्स टेबल में छठे पायदान पर है। चलिए, आपको दोनों की संभावित प्लेइंग इलेवन के बारे में बताते हैं।
दिल्ली की टीम में एक बदलाव देखने को मिल सकता है। साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज एनरिक नॉर्खिया की जगह ऑस्ट्रेलिया के पेसर झाय रिचर्डसन की एंट्री हो सकती है। नॉर्खिया गुजरात टाइटंस (जीटी) के खिलाफ आखिरी में काफी महंगे साबित हुए थे। उन्होंने तीन ओवर में 48 रन लुटाए और एक शिकार किया। वह मौजूदा सीजन में कुछ खास छाप नहीं छोड़ पा रहे हैं। ईशांत शर्मा और डेविड वॉर्नर मैच के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। दोनों खिलाड़ी चोट से उबर रहे हैं। ईशांत और वॉर्नर पिछले मैच में नहीं खेले थे। डीसी को कप्तान ऋषभ पंत से फिर धमाकेदार पारी की उम्मीद होगी, जिन्होंने जीटी के सामने 43 गेंदों में नाबाद 88 रन बनाए थे।
वहीं, एमआई खेमे में फिलहाल कोई खिलाड़ी चोटिल नहीं है। मुंबई को अपने आखिरी मुकाबले में राजस्थान (आरआर) रॉयल्स के हाथों 9 विकेट से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी। हालांकि, हार के बावजूद एमआई की प्लेइंग इलेवन में बदलाव की संभावना नहीं है। 'हिटमैन' रोहित शर्मा को इस सीजन में बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों ने तीन बार आउट किया है। ऐसे में डीसी रोहित के खिलाफ खलील अहमद को आजम सकती है। एमआई के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के निशाने पर पंत होंगे। बुमराह ने पंत को 43 गेंदों में छह बार आउट किया है और 48 रन दिए हैं। बुमराह ने पृथ्वी शॉ को 22 गेंदों में दो मर्तबा पवेलियन भेजा है। एमआई आठ मैचों में से तीन जीतकर तालिका में आठवें स्थान पर है।
दिल्ली कैपिटल्स की संभावित इलेवन: पृथ्वी शॉ, जेक फ्रेजर-मैकगर्क, अभिषेक पोरेल, शाई होप, ऋषभ पंत (कप्तान/विकेटकीपर), ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, एनरिक नॉर्खिया/झाय रिचर्डसन, खलील अहमद, मुकेश कुमार। [इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट: रसिख दार सलाम]
मुंबई इंडियंस की संभावित इलेवन: रोहित शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), टिम डेविड, नेहल वढेरा, मोहम्मद नबी, गेराल्ड कोएत्जी, पीयूष चावला, जसप्रीत बुमराह। [इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट: नुवान तुषारा]।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।