IPL 2023 से पहले एमएस धोनी ने दिखाए तूफानी तेवर, लगाई गगनचुंबी छक्कों की झड़ी, देखें VIDEO
MS Dhoni Viral Video: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2023 का आगाज होने में करीब दो महीने हैं। हालांकि, दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज एमएस धोनी आईपीएल के 16वें सीजन के लिए अभी से तैयारी में जुट गए हैं।

इस खबर को सुनें
भारतीय टीम के पूर्व कप्तान एमएस धोनी भले ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर हो गए हों लेकिन फैंस के दिल में लगातार बने हुए हैं। 2020 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके धोनी अब सिर्फ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खेलते हैं। आईपीएल 2023 शुरू होने में लगभग दो महीने का समय बचा है लेकिन धोनी आगामी सीजन के लिए अभी से तैयारी में जुट गए हैं। धोनी के नेट्स सेशन का एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें उनके तूफानी तेवर नजर आ रहे हैं।
एमएस धोनी फैंस ऑफिशियल के नाम ट्विटर अकाउंट से माही के प्रैक्टिस करने का वीडियो शेयर किया गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि धोनी स्पिनर के खिलाफ गगनचुंबी छक्के ठोक रहे हैं। धोनी की एक झलक पाने को बेकरार रहने वाले फैंस इस वीडियो पर खूब प्यार लुटा रहे हैं। वीडियो पर एक लाख 80 हजार से से अधिक लाइक्स आ चुके हैं। वहीं, कई लोग कमेंट बॉक्स में 41 वर्षीय धोनी की जी तोड़ मेहनत की सराहना कर रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट में लिखा कि थाला धोनी ने कमर कस ली है।
धोनी आईपीएल 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे। चेन्नई ने ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को आईपीएल 2022 में कप्तान बनाया था लेकिन एक्सपेरिमेंट सफल नहीं रहा। जडेजा की अगुवाई में सीएसके ने निराशाजनक प्रदर्शन किया, जिसके बाद ऑलराउंडर ने 15वें सीजन के बीच में ही कप्तानी छोड़ दी और धोनी को फिर से कमान संभालनी पड़ी।
चेन्नई सुपर किंग्स का स्क्वॉड: एमएस धोनी (कप्तान), डेवोन कॉनवे, ऋतुराज गायकवाड़, अजिंक्य रहाणे, अंबाती रायडू, बेन स्टोक्स, शिवम दूबे, राजवर्धन हैंगरगेकर, रवींद्र जडेजा, मुकेश चौधरी, सुभ्रांशु सेनापति, मोइन अली, मतीशा पाथिराना, सिमरजीत सिंह, दीपक चाहर , प्रशांत सोलंकी, ड्वेन प्रिटोरियस, मिचेल सेंटनर, महेश थीक्ष्णा, शेख रशीद, भगत वर्मा और अजय मंडल, काइले जेमिंसन, निशांत सिंधू, तुषार देशपांडे।