क्या IPL 2022 में चेन्नई सुपर किंग्स की नैया पार लगा पाएंगे एमएस धोनी, माही के सामने है मुश्किल डगर
महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल 2022 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी छोड़ने का ऐलान किया था। एमएस धोनी ने सीएसके की कप्तानी को रविंद्र जडेजा को हैंडओवर कर दिया था। आईपीएल 2021 की विजेता टीम चेन्नई स

महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल 2022 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी छोड़ने का ऐलान किया था। एमएस धोनी ने सीएसके की कप्तानी को रविंद्र जडेजा को हैंडओवर कर दिया था। आईपीएल 2021 की विजेता टीम चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल 2022 में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई। ऐसे में एक बार फिर से चेन्नई की टीम में सत्ता परिवर्तन देखने को मिला है। रविंद्र जडेजा ने सीएसके की कप्तानी एमएस धोनी को हैंडओवर कर दी है, लेकिन माही के सामने मुश्किल डगर है।
आईपीएल 2022 में चेन्नई सुपर किंग्स 8 में से अब तक 2 मैच ही जीत पाई है। टीम के खाते में सिर्फ 4 अंक हैं। अभी 6 लीग मैच चेन्नई की टीम को खेलने हैं और टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर नहीं हुई है। हालांकि, आगे की राह बड़ी कठिन नजर आती है। अगर चेन्नई की टीम बाकी बचे 6 में से एक मैच भी हार जाती है तो फिर प्लेऑफ में पहुंचना लगभग समाप्त हो जाएगा। ऐसे में चेन्नई को चार बार चैंपियन बना चुके एमएस धोनी के लिए आईपीएल 2022 की राह कठिन है।
इतना ही नहीं, धोनी की कप्तानी में अगर चेन्नई सुपर किंग्स बाकी बचे 6 मैच जीत भी जाती है तो भी टीम के क्वालीफाई करने के चांस 100 फीसदी नहीं होंगे, क्योंकि टीम का नेट रन रेट खराब है और बाकी कई टीमें 10 या इससे ज्यादा अंक अब तक हासिल कर चुकी हैं। यहां तक कि गुजरात टाइटन्स ने 16 अंक अर्जित कर लिए हैं, लेकिन टीम के सामने क्वालीफिकेशन बैज नहीं लगा है। इससे पता चलता कि 16 अंकों के बाद भी प्लेऑफ में पहुंचना 100 फीसदी सच नहीं है।