Asia Cup 2023 Points Table: पाकिस्तान बनी सुपर-4 की सबसे फिसड्डी टीम, बांग्लादेश से हारने के बावजूद टॉप पर रहा भारत
Asia Cup 2023 Points Table: इंडिया वर्सेस बांग्लादेश एशिया कप 2023 सुपर-4 के आखिरी मुकाबले में बांग्लादेश की जीत के बाद पाकिस्तान प्वाइंट्स टेबल में सबसे नीचे चौथे स्थान पर खिसक गया है।

Asia Cup 2023 Updated Points Table: इंडिया वर्सेस बांग्लादेश एशिया कप 2023 सुपर-4 के आखिरी मुकाबले में शाकिब अल हसन की अगुवाई वाली बांग्लादेश की टीम की जीत से पाकिस्तान को प्वाइंट्स टेबल में बड़ा नुकसान पहुंचा है। बाबर आजम की टीम ने टूर्नामेंट में अपना सफर सबसे फिसड्डी टीम के रूप में किया है। जी हां, सुपर-4 के अपने पहले दो मुकाबले हारने के बाद बांग्लादेश टूर्नामेंट से बाहर होने वाली पहली टीम थी, मगर अपने आखिरी मुकाबले में उन्होंने भारत को चित कर जरूर अपनी इज्जत बचाई और तीसरे पायदान पर रहते हुए टूर्नामेंट का अंत किया। सुपर-4 में बांग्लादेश एकमात्र ऐसी टीम रही जो भारत को हराने में कामयाब रही।
एशिया कप 2023: टीम इंडिया के जबड़े से छिनी जीत, आखिर बांग्लादेश ने अंतिम 2 ओवर में कैसे पलटा मैच
एशिया कप 2023 सुपर-4 प्वाइंट्स टेबल
पाकिस्तान को एशिया कप 2023 सुपर-4 के आखिरी मैच में भारत की हार से तगड़ा नुकसान हुआ है। दरअसल, बाबर आजम की टीम का नेट रन रेट भारत के खिलाफ मिली 228 रनों से करारी हार के बाद काफी खराब हो गया था, इसके बाद श्रीलंका के खिलाफ भी उन्हें करीबी हार का सामना करना पड़ा था। इन दो हार के बाद पाकिस्तान के नेट रन रेट में काफी गिरावट देखने को मिली थी, मगर उन्होंने यह उम्मीद नहीं की थी कि सुपर-4 के पहले मुकाबले में उन्होंने जिस बांग्लादेश टीम को धूल चटाई थी, वह सुपर-4 स्टेज के खत्म होते-होते प्वाइंट्स टेबल में उनसे ही आगे निकल जाएगी।
शुभमन गिल ने पांचवां वनडे शतक ठोकर लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी, इस मामले में कोहली-धोनी को पछाड़ा
दरअसल, भारत के खिलाफ जीत दर्ज करने के बाद बांग्लादेश का नेट रन रेट पाकिस्तान से बेहतर हो गया है। बांग्लादेश का नेट रन रेट -0.463 का है तो वहीं पाकिस्तान का -1.276, ऐसे में बाबर आजम की टीम सुपर-4 की सबसे फिसड्डी टीम बनी।
वहीं टीम इंडिया ने 3 में से 2 मैच जीतकर 4 अंकों के साथ फाइनल में प्रवेश किया। भारत सुपर-4 में एकमात्र टीम रही जिसका नेट रन रेट पॉजिटिव रहा, बांग्लादेश से हार के बावजूद भारत का नेट रन रेट +1.753 का है।
टीम | मैच | जीत | हार | टाई | नो रिजल्ट | प्वाइंट्स | नेट रनरेट |
भारत (Q) | 3 | 2 | 1 | 0 | 0 | 4 | +1.753 |
श्रीलंका (Q) | 3 | 2 | 1 | 0 | 0 | 4 | -0.141 |
बांग्लादेश | 3 | 1 | 2 | 0 | 0 | 2 | -0.463 |
पाकिस्तान | 3 | 1 | 2 | 0 | 0 | 2 | -1.276 |
इंडिया वर्सेस बांग्लादेश मैच रिजल्ट
बांग्लदेश ने कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में 266 रन का लक्ष्य रखा और भारत को 49.5 ओवर में 259 पर समेट दिया। भारत के लिए ओपनर शुभमन गिल ने जुझारू शतकीय पारी खेली। उन्होंने 133 गेंदों में 8 चौकों और 5 छक्कों के दम पर 122 रन बनाए। बांग्लादेश के लिए मुस्तफिजुर रहमान ने तीन जबकि डेब्यूटेंट तंजीम हसन साकिब और महेदी हसन ने दो-दो विकेट हासिल किए। शाकिब अल हसन और मिराज ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।
