फोटो गैलरी

Hindi News क्रिकेटAsia Cup 2022 Final: श्रीलंकाई शेर छठी बार बने एशियाई शेर, फाइनल में पाकिस्तान को 23 रन से पीटा

Asia Cup 2022 Final: श्रीलंकाई शेर छठी बार बने एशियाई शेर, फाइनल में पाकिस्तान को 23 रन से पीटा

श्रीलंका ने दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए एशिया कप 2022 (Asia Cup 2022) के फाइनल में पाकिस्तान को 23 रन से हराकर छठी बार खिताब जीत लिया। श्रीलंका के लिए भानुका ने नाबाद 71 रन बनाए। 

Asia Cup 2022 Final: श्रीलंकाई शेर छठी बार बने एशियाई शेर, फाइनल में पाकिस्तान को 23 रन से पीटा
Ezaz Ahmadलाइव हिन्दुस्तान,दुबईSun, 11 Sep 2022 11:51 PM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

Asia Cup 2022 Sri Lanka vs Pakistan Final: श्रीलंका ने यहां दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को खेले गए एशिया कप 2022 (Asia Cup 2022) के फाइनल में पाकिस्तान को 23 रन से हराकर छठी बार खिताब अपने नाम कर लिया। श्रीलंका ने इससे पहले 1986, 1997, 2004, 2008 और 2014 में एशिया कप का खिताबा जीता था। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और श्रीलंका ने 6 विकेट पर 170 रन का स्कोर बनाया। इसके जवाब में पाकिस्तान की टीम निर्धारित 20 ओवर में 147 रन ही बना सकी। इस हार के साथ ही पाकिस्तान का तीसरी बार एशिया कप जीतने का सपना टूट गया। श्रीलंका के लिए प्रमोद मदुशन ने 4 और वानिंदु हसरंगा ने 3 विकेट लिए। 

पाकिस्तान से मिले 171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान ने 22 के स्कोर पर लगातार दाे विकेट गंवा दिए। प्रमोद मदुशन ने पहले तो कप्तान बाबर आजम (5) और फिर फखर जमां (0) को खाता खोले बिना बोल्ड कर दिया। इसके बाद मोहम्मद रिजवान (55) ने इफ्तिखार अहमद (32) के साथ तीसरे विकेट के लिए 59 गेंदाें पर 71 रन की साझेदारी की। इफ्तिखार ने 31 गेंदों पर दो चौका और एक छक्का लगाया। उनके आउट होने के बाद मोहम्मद नवाज (6) भी मदुशन का तीसरा शिकार बन बैठे। 

पाकिस्तान को अंतिम चार ओवर में 61 रन की जरूरत थी और रिजवान अर्धशतक बनाकर क्रीज पर डटे हुए थे। लेकिन तभी वानिंदु हसरंगा ने रिजवान को बाउंड्री पर कैच कराकर पाकिस्तान को बहुत बड़ा झटका दे दिया। रिजवान ने 49 गेंदों पर चार चौके और एक छक्का लगाया। रिजवान के आउट होते ही पाकिस्तान की टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती चली गई और वो लक्ष्य से काफी दूर रह गई। हसरंगा ने इसी ओवर में पाकिस्तान के तीन विकेट झटककर उसकी कमर तोड़ दी। पाकिस्तान की टीम श्रीलंका की घातक गेंदबाजी के सामने निर्धारित 20 ओवर में 147 रन ही बना सकी।

एशिया कप फाइनल में एकसाथ स्टेडियम में बैठे दिखे गांगुली और रमीज राजा

इससे पहले, पाकिस्तानी तेज गेंदबाजों के दिए शुरुआती झटकों से टीम को निकालते हुए भानुका राजपक्षा ने नाबाद 71 रन बनाकर श्रीलंका को 6 विकेट पर 170 रन तक पहुंचाया। राजपक्षा ने आखिरी चार ओवर में 50 रन बनाकर श्रीलंका को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। नसीम शाह ने चार ओवर में 40 रन देकर एक विकेट लिया जबकि हारिस रऊफ ने चार ओवर में 29 रन देकर तीन विकेट चटकाये। दोनों ने पिच से मिल रही मदद का पूरा फायदा उठाकर पावरप्ले में श्रीलंकाई बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी लेकिन इसके बाद राजपक्षा ने संकटमोचन की भूमिका निभाते हुए अपने कैरियर का बेहतरीन अर्धशतक लगाया। स्पिनर शादाब खान ने चार ओवर में 28 रन देकर एक विकेट लिया।

'इंडियन जर्सी' पहने भारतीय फैंस को स्टेडियम में प्रवेश करने से रोका

राजपक्षा ने 45 गेंद में छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 71 और वानिंदु हसरंगा ने 21 गेंद में 36 रन बनाये। दोनों ने 58 रन की ताबड़तोड़ साझेदारी की जबकि एक समय पर श्रीलंका का स्कोर पांच विकेट पर 58 रन था। चामिका करूणारत्ने के साथ राजपक्षा ने 54 रन जोड़े और श्रीलंका को 160 के पार ले गए। पाकिस्तान के 19 वर्ष के तेज गेंदबाज शाह ने शानदार फॉर्म जारी रखते हुए कुसल मेंडिस को खाता खोले बिना ही पवेलियन भेज दिया। धनंजय डिसिल्वा (21 गेंद में 28 रन) ने जरूर कुछ अच्छे शॉट लगाये लेकिन ज्यादा देर टिक नहीं सके। पाथुम निसांका (आठ) को रऊफ ने पवेलियन भेजा जबकि धनुष्का गुणतिलका (एक) उनकी बेहतरीन आउटस्विंगर का शिकार हुए।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें