फोटो गैलरी

Hindi News क्रिकेटSL vs AFG, Asia Cup 2022 : अफगानिस्तान ने जीता पहला मुकाबला, श्रीलंका को 8 विकेट से हराया

SL vs AFG, Asia Cup 2022 : अफगानिस्तान ने जीता पहला मुकाबला, श्रीलंका को 8 विकेट से हराया

अफगानिस्तान ने एशिया कप के मुख्य चरण के शुरुआती टी20 मुकाबले में शनिवार को श्रीलंका को आठ विकेट से करारी शिकस्त दी। अफगानिस्तान ने जीत के लिए मिले 106 रन के लक्ष्य को 10.1 ओवर में हासिल कर लिया।

SL vs AFG, Asia Cup 2022 : अफगानिस्तान ने जीता पहला मुकाबला, श्रीलंका को 8 विकेट से हराया
Himanshu Singhलाइव हिन्दुस्तान,नई दिल्लीSat, 27 Aug 2022 10:28 PM
ऐप पर पढ़ें

SL vs AFG, Asia Cup 2022 : अफगानिस्तान ने एशिया कप में शनिवार को श्रीलंका को पहले मैच में 8 विकेट से करारी शिकस्त दी है। पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की टीम 19.4 ओवर में सिर्फ 105 रन ही बना सकी। इसके जवाब में अफगानिस्तान ने 59 गेंद शेष रहते 8 विकेट से ये मैच अपने नाम किया। अफगानिस्तान ने जीत के लिए मिले 106 रन के लक्ष्य को 10.1 ओवर में हासिल कर लिया। टीम के लिए रहमानउल्लाह गुरबाज ने 40 और हजरतउल्लाह जजई ने नाबाद 37 रन बनाये।  श्रीलंका के लिए भानुका राजपक्षे ने 38 और चमिका करुणारत्ने ने 31 रन का योगदान दिया। राजपक्षे ने 29 गेंद की पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया, जबकि करुणारत्ने ने 38 गेंद की पारी में तीन चौके और एक छक्का जड़ा। अफगानिस्तान के लिए कप्तान मोहम्मद नबी और मुजीब उर रहमान ने दो-दो जबकि नवीन उल हक ने एक विकेट लिया। 

श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही है और टीम ने पहले ही ओवर में अपने दो विकेट गंवा दिए। अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज फजलहक फारूकी ने कुसल मेंडिस और चरित असलंका को एलबीडब्ल्यू आउट किया। असलंका बिना खाता खोले आउट हुए, जबकि मेंडिस ने दो रन बनाए। दूसरे ओवर में पथुम निसंका भी चलते बने, हालांकि उनके विकेट पर बहस भी हुई।

इसके बाद भानुका राजपक्षे और दनुष्का गुणाथिलका के बीच चौथे विकेट के लिए एक अच्छी साझेदारी हुई। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 32 गेंद में 44 रन की साझेदारी हुई। गुणाथिलका 17 गेंद में 17 रन बनाकर आउट हुए। श्रीलंका के सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। पांचवें विकेट के लिए हसरंगा और राजपक्षे के बीच 11 रन की साझेदारी हुई। कप्तान दासुन शनाका बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। चमिका करुणारत्ने ने आखिरी ओवरों में पारी को संभाला और दिलशान मदुशंका के साथ मिलकर आखिरी विकेट के लिए 29 गेंद में 30 रन की साझेदारी की। चमिका ने 38 गेंद में 31 रन बनाए। 

Click Here for Live score updates

10:15 PM : अफगानिस्तान ने श्रीलंका को एशिया कप 2022 के पहले टी20 मैच में 8 विकेट से हरा दिया है। 

10:06 PM : अफगानिस्तान का दूसरा विकेट रन आउट के रूप में गिरा है। इब्राहिम जदरान 13 गेंद में 15 रन बनाकर पवेलियन लौट गए हैं। 

9:58 PM : अफगानिस्तान का पहला विकेट गिर गया है। हालांकि गुरबाज ने आउट होने से पहले टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया है। गुरबाज ने 18 गेंद में 40 रन बनाए। 

9:47 PM : रहमानुल्ला गुरबाज ने 15 गेंदों में ही 34 रन बना दिए हैं। अफगानिस्तान की टीम ने 5 ओवर में ही 62 रन बना लिए हैं। 

9:32 PM : अफगानिस्तान के ओपनर हजरतुल्लाह जजई और रहमानुल्ला गुरबाज ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई है। श्रीलंका के गेंदबाजों ने दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं रहे। 

9:26 PM : श्रीलंका की टीम 19.4 ओवर में 105 रन बनाकर सिमट गई है। अफगानिस्तान को पहला मैच जीतने के लिए 106 रन बनाने होंगे। 

9:17 PM : अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबले में श्रीलंका की टीम 105 रन पर ही सिमट गई है। 

9:13 PM : चमिका करुणारत्ने ने पारी के आखिरी ओवर में चौका लगाकर टीम के स्कोर को 100 के पार पहुंचाया। श्रीलंका की टीम के लिए ये स्कोर डिफेंड करना आसान नहीं होने वाला है। 

8:55 PM : मोहम्मद नबी ने अपना डेब्यू मैच खेल रहे मथीशा पथिराना को कैच आउट करवाकर श्रीलंका को नौवां झटका दिया है। मथीशा 12 गेंद में 5 रन बनाकर आउट हुए। 

8:44 PM : पारी के 13वें श्रीलंका के दो खिलाड़ी रन आउट हो गए हैं। महेश थीक्षाना और भानुका राजपक्षे ने अपना विकेट रन आउट के रूप में गंवाया। राजपक्षे ने एक छोर संभाल कर रखा था। लेकिन 13वें ओवर की दूसरी गेंद पर दो रन लेने के प्रयास में अपना विकेट गंवा बैठे। राजपक्षे ने 29 गेंद में 38 रन बनाए। 

8:34 PM : अफगानिस्तान के कप्तान मोहम्मद नबी ने श्रीलंका को छठा झटका दिया है। उन्होंने शनाका को विकेटकीपर के हाथों कैच आउट करवाया। 

8:22 PM : श्रीलंका की आधी टीम पवेलियन लौट गई है। हसरंगा 8 गेंद में 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए हैं। श्रीलंका की टीम 60 के स्कोर 5 विकेट गंवाकर संघर्ष करती हुई नजर आ रही है। 

8:10 PM : श्रीलंका की टीम को चौथ झटका लगा है। टीम के बल्लेबाज दनुष्का गुणाथिलका कैच आउट होकर पवेलियन लौट गए हैं। स्पिनर मुजीब उर रहमान ने मैच का पहला विकेट झटका। 

7:59 PM : खराब शुरुआत के बाद श्रीलंका के बल्लेबाजों ने पावरप्ले के आखिरी ओवर में 20 रन बटोरे। टीम ने शुरुआती 5 ओवर में 3 विकेट खोकर 21 रन बनाए थे। 

7:46 PM : दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर पथुम निसंका के खिलाफ विकेट के पीछे कैच आउट की अपील हुई थी, जिसे फील्ड अंपायर ने आउट दे दिया था और तुरंत श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने रिव्यू लेने का फैसला किया। टीवी अंपायर ने फील्ड अंपायर के निर्णय को बरकरार रखा और उन्हें आउट दिया। हालांकि अल्ट्रा एज देखने पर ये लग रहा था कि गेंद का बल्ले से संपर्क नहीं हुआ। बल्कि बहुत मामूली सी लाइन में हरकत नजर आई। जिसके कारण फैंस और यहां तक कि श्रीलंकाई टीम के सदस्य भी अंपायर के फैसले से हैरान रह गए। 

7:38 PM : श्रीलंका को पारी के पहले ही ओवर में दो बड़े झटके लगे हैं। अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज फजलहक फारूकी ने पांचवीं गेंद पर कुसल मेंडिस को और ओवर की आखिरी गेंद पर चरित असलंका को एलबीडब्ल्यू आउट किया। असलंका बिना खाता खोले आउट हुए, जबकि मेंडिस ने दो रन बनाए।

7:28 PM : श्रीलंका के ओपनर कुसल मेंडिस और पथुम निसंका क्रीज पर उतर चुके हैं। अफगानिस्तान की ओर से पहला ओवर तेज गेंदबाज फजलहक फारूकी करेंगे।

7:15 PM :दासुन शनाका: हम भी पहले गेंदबाजी करना चाहते। छह बल्लेबाज, दो ऑलराउंडर और तीन गेंदबाज। टीम में दो नए चेहरे हैं- दिलशान मदुशंका और मथीशा पथिराना डेब्यू कर रहे हैं।

7:12 PM : मोहम्मद नबी - हम यहां पहले गेंदबाजी करना चाहते हैं। यह एक ताजा विकेट है, दुबई में लंबे समय के बाद क्रिकेट हो रहा है। हमारे पास काफी ऑलराउंडर हैं।

7:07 PM : दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन

श्रीलंका (प्लेइंग इलेवन): दनुष्का गुणाथिलका, पथुम निसंका, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), चरित असलंका, भानुका राजपक्षे, दासुन शनाका (कप्तान), वनिन्दु हसरंगा, चमिका करुणारत्ने, महेश थीक्षाना, दिलशान मदुशंका, मथीशा पथिराना

अफगानिस्तान (प्लेइंग इलेवन): हजरतुल्लाह जजई, रहमानुल्ला गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, करीम जनत, नजीबुल्लाह जादरान, मोहम्मद नबी (कप्तान), राशिद खान, अजमतुल्लाह ओमरजई, नवीन-उल-हक, मुजीब उर रहमान, फजलहक फारूकी

7:01 PM : अफगानिस्तान के कप्तान मोहम्मद नबी ने एशिया कप ओपनर में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। 

6:56 PM : ICC पुरुषों की T20I रैंकिंग में श्रीलंका आठवें स्थान पर है, जबकि अफगानिस्तान सूची में दसवें स्थान पर है। हालांकि अफगानिस्तान के पास कई स्टार खिलाड़ी मौजूद हैं, जो मैच का पासा पलटने का दम रखते हैं।

6:52 PM : श्रीलंका और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टी20 मैच खेला गया है। भारत में खेले गए 2016 टी20 वर्ल्ड कप में श्रीलंका ने अफगानिस्तान को 6 विकेट से हराया था। 

6:45 PM :पहले मैच के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग इलेवन

अफगानिस्तान: हजरतुल्लाह जजई, नजीबुल्लाह ज़दरान, इब्राहिम जदरान, उस्मान गनी, रहमानुल्ला गुरबाज (विकेटकीपर), मोहम्मद नबी (कप्तान), राशिद खान, मुजीब उर रहमान, नवीन-उल-हक, करीम जनत, नूर अहमद

श्रीलंका: दनुष्का गुणाथिलका, पथुम निसानका (विकेटकीपर), भानुका राजपक्षे, चरित असलंका, धनंजया डी सिल्वा, दासुन शनाका (कप्तान), वनिन्दु हसरंगा, महेश थीक्षाना, चमिका करुणारत्ने, जेफरी वेंडरसे, असिथा फर्नांडो

6:34 PM :एशिया कप की शुरुआत साल 1984 में हुई थी। पहली बार भारत चैंपियन बना था और उसके बाद से उसने कुल 7 बार ट्रॉफी जीती है। टूर्नामेंट की दूसरी सबसे सफल टीम श्रीलंका है, जिसने 5 बार ये कारनामा किया है। पाकिस्तान ने दो बार जीता है। एशिया कप का ये 15वां संस्करण है।

6:29 PM : एशिया कप 2022 का पहला मुकाबला श्रीलंका और अफगानिस्तान के बीच खेला जाएगा। इस मैच के लिए शाम 7 बजे टॉस किया जाएगा। 

6:26 PM: चार साल के लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर एशिया कप का आयोजन किया जा रहा है। इसका आयोजन श्रीलंका में निर्धारित था, लेकिन आर्थिक संकट से जूझ रहे श्रीलंका में टूर्नामेंट करवाना मुश्किल था, जिसके कारण इसको यूएई में शिफ्ट कर दिया गया। 2018 में भारत ने एशिया कप का खिताब जीता था। 
 

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें