सूर्यकुमार यादव के रिप्लेसमेंट के तौर पर मुंबई इंडियंस के साथ जुड़ा ये खिलाड़ी, हो गया ऐलान
आईपीएल 2022 के बाकी बचे मैचों के लिए मुंबई इंडियंस ने आकाश मधवाल के साथ करार किया है। सूर्यकुमार यादव के रिप्लेसमेंट के तौर पर वे टीम के साथ जुड़ेंगे, लेकिन ये करार सिर्फ 2022 के बचे सीजन के लिए है।
इस खबर को सुनें
मुंबई इंडियंस के प्रमुख बल्लेबाजों में शुमार सूर्यकुमार यादव को आईपीएल 2022 से चोट के कारण बाहर होना पड़ा था। ऐसे में मुंबई इंडियंस ने एक नए खिलाड़ी के साथ करार किया है, जो सूर्यकुमार यादव का रिप्लेसमेंट इस सीजन के लिए होगा। 30 घरेलू मैच खेल चुके आकाश मधवाल मुंबई इंडियंस के साथ जुड़ेंगे। आईपीएल 2022 में मुंबई इंडियंस को अब सिर्फ दो मैच ही खेलने हैं।
मुंबई इंडियंस ने सूर्यकुमार यादव के स्थान पर आकाश मधवाल को अनुबंधित किया है। सूर्यकुमार यादव की तरह आकाश मधवाल बल्लेबाज नहीं हैं। वे एक गेंदबाज हैं। वे सपोर्ट टीम के हिस्से के रूप में मुंबई इंडियंस के साथ रहे हैं और अब उन्होंने 2022 सीजन के लिए टीम में शामिल होने के लिए साइन किया है।
आकाश मधवाल दाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं और 2019 में घरेलू क्रिकेट में पदार्पण करने के बाद से खेल के तीनों प्रारूपों में क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। आकाश को सपोर्ट टीम में शामिल होने के लिए एमआई प्रेसिजन कैंप में चुना गया था और काफी समय से वे अपना प्रदर्शन खेमे के भीतर रहकर कर रहे हैं।
मुंबई इंडियंस के लिए वैसे भी इस सीजन में कुछ बाकी नहीं रहा है। रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम को दो मैच जरूर खेलने हैं, लेकिन टीम काफी समय पहले आईपीएल 2022 के प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई थी। पांच बार की आईपीएल चैंपियन मुंबई इंडियंस ने इस सीजन में अब तक खेले 12 मैचों में 9 मुकाबले गंवाए हैं और सिर्फ तीन ही मैचों में जीत दर्ज की है। मुंबई इंडियंस 10 टीमों वाली प्वाइंट्स टेबल में सबसे आखिरी पायदान पर है।