अजिंक्य रहाणे फिर बने पिता, बेटी आर्या के बर्थडे पर हुआ बेटे का जन्म
भारतीय क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे एक बार फिर से पिता बने हैं। उनकी पत्नी राधिका धोपावकर ने बेटे को जन्म दिया है। दोनों पहले एक बेटी के माता-पिता हैं, लेकिन इस बार उनका परिवार पूरा हो गया है।

इस खबर को सुनें
भारतीय क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे एक बार फिर से पिता बने हैं। संयोग की बात ये है कि आज ही के दिन उनकी बेटी का भी जन्म हुआ था। 5 अक्टूबर 2019 को उनकी बेटी आर्या का जन्म हुआ था और आज 3 साल के बाद बुधवार 5 अक्टूबर को उनकी पत्नी राधिका धोपावकर ने बेटे को जन्म दिया है।
टेस्ट स्पेशलिस्ट अजिंक्य रहाणे ने बुधवार 5 अक्टूबर की शाम को ट्वीट करते हुए इस बात की जानकारी देते हुए कहा, "आज सुबह राधिका और मैंने दुनिया में अपने बच्चे का स्वागत किया। राधिका और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। हम आप सभी के प्यार और आशीर्वाद के लिए धन्यवाद देना चाहते हैं!"
बता दें कि अजिंक्य रहाणे और राधिका धोपावकर 26 सितंबर 2014 को शादी के बंधन में बंधे। उन्होंने मराठी रीति रिवाजों के साथ शादी की थी। दोनों बचपन के दोस्त रहे हैं। इसके पांच साल बाद 2019 में दोनों एक बेटी हुई, जिसका नाम उन्होंने आर्या रखा था। आर्या का जन्म भी 5 अक्टूबर को हुआ था और अब उनके बेटे का जन्म भी 5 अक्टूबर को हुआ है।
रहाणे के क्रिकेट करियर की बात करें तो इस समय वे उतार-चढ़ाव से जूझ रहे हैं। टेस्ट टीम से उनकी छुट्टी हो चुकी है और वे घरेलू क्रिकेट में भी रन बनाने में सफल नहीं हो पा रहे हैं। ऐसे में उनके करियर के लिए ये सबसे खराब समय है, क्योंकि कुछ समय पहले तक वे टेस्ट टीम के उपकप्तान भी थे, जहां वे कप्तानी करते हुए कई टेस्ट मैच जीते थे।