IND vs SA: साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत की जीत की राह में रोड़ा बन सकते हैं ये 3 खिलाड़ी, देखिए इनके आंकड़े
टी20 वर्ल्ड कप 2022 से पहले साल 2022 में भारत और साउथ अफ्रीका अब तक आठ बार एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबले में उतरी है, जिसमें से टीम इंडिया ने चार बार और प्रोटियाज ने तीन बार जीत अपने नाम की है।

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2022 के अपने तीसरे मैच में अब से कुछ देर में भारत का सामना साउथ अफ्रीका से हाेने वाला है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला पर्थ स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम दो मैचों में चार अंकों के साथ ग्रुप-2 में टॉप पर है और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच जीतते ही वह सेमीफाइनल में अपनी जगह लगभग पक्की कर लेगी। 2022 में भारत और साउथ अफ्रीका अब तक आठ बार एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबले में उतरी है, जिसमें से टीम इंडिया ने चार बार और प्रोटियाज ने तीन बार जीत अपने नाम की है। हालांकि अब टी20 वर्ल्ड कप 2022 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाले मुकाबले में टीम इंडिया के लिए चीजें आसान नहीं होने वाली है। मेन इन ब्लू को ऐसे में साउथ अफ्रीका के तीन खिलाड़ियों से बचकर रहना होगा। आइये उनके रिकॉर्ड और प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।
राइली रूसो: 33 साल के इस बल्लेबाज ने क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में धमाल मचा रखा है। वह पिछले दो T20I मैचों में लगातार दो शतक लगा चुके हैं। रूसो ने टी20 वर्ल्ड कप 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ शतक लगाने से पहले इंदौर में भारत के खिलाफ भी शतक ठोका था। रूसो ने बांग्लादेश के खिलाफ 56 गेंदों पर 109 और भारत के खिलाफ 48 गेंदों पर नाबाद 100 रन की पारी खेली थी। रूसो ने दोनों मैचों में सात चौके और 8 छक्के लगाए थे। भारत को एक बार फिर से इस खतरनाक बैट्समैन से बचकर रहना होगा।
एनरिक नॉर्टेजे: नॉर्टेजे को दुनिया के सबसे तेज गेंदबाजों में से एक माना जाता है। 28 साल के इस पेसर ने पिछले मैच में बांग्लादेश के खिलाफ 3.3 ओवर में 10 रन देकर चार विकेट चटकाए थे और अपने करियर का बेस्ट प्रदर्शन किया था। पर्थ की उछाल भरी पिचाें पर नाॅर्टजे को काफी मदद मिलेगी और ऐसे में वह भारतीय बल्लेबाजों पर अपना कहर बरपा सकते हैं।
डेविड मिलर: 'किलर मिलर' के नाम से मशहूर मिलर मध्यक्रम में टीम को बल्लेबाजी में मजबूती देते हैं। उन्होंने 109 टी20 इंटरनेशनल मैचों में अब तक 2071 रन बनाए हैं। उन्होंने इस महीने की शुरुआत में भारत के खिलाफ टी20 सीरीज में कमाल की बल्लेबाजी की थी। सीरीज के दूसरे मैच में उन्होंने केवल 47 गेंदों पर 106 की नाबाद और तूफानी पारी खेली थी। मिलर को फिनिशर के लिए जाना जाता है और वह भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले में घातक साबित हो सकते हैं।
India vs South Africa head-to-head
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच यह 24वीं भिड़ंत होगी। इन 23 मुकाबलों में भारत का साउथ अफ्रीका के खिलाफ पलड़ा भारी रहा है। भारत ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ पिछले 23 मुकाबलों में 13 मैच जीते हैं जबकि साउथ अफ्रीका के खाते में 9 जीत आई है। दोनों टीमों के बीच एक मैच का कोई रिजल्ट नहीं आया है।



