
संजू सैमसन की बैटिंग पोजीशन से खिलवाड़? आकाश चोपड़ा ने मैनेजमेंट को घेरा
पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने संजू सैमसन को कभी ओपनिंग, कभी मिडिल ऑर्डर में भेजने और छोटे से खराब प्रदर्शन के बाद बाहर कर देने की अस्थिर रणनीति पर नाराजगी जताई।
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन से लगातार ड्रॉप करने के फैसले पर टीम प्रबंधन को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने सैमसन की बल्लेबाजी क्रम में लगातार हो रहे बदलावों और उन्हें टीम से बाहर रखने की रणनीति पर तीखे सवाल उठाए हैं। टीम ने संजू सैमसन की जगह जितेश शर्मा पर भरोसा जताया है, जिन्होंने होबार्ट में खेले गए मुकाबले में भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। शुभमन गिल के टी20 टीम में आने के बाद संजू सैमसन को अपनी ओपनर की जगह छोड़नी पड़ी।

उन्होंने कुछ मैचों में निचले क्रम में बल्लेबाजी की और अब उन्हें प्लेइंग इलेवन से भी बाहर कर दिया गया है। आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ''सबसे बड़ा सवाल यही है कि हमने संजू सैमसन को लेकर क्या निर्णय लिया? संजू नहीं खेल रहे ये बड़ा सवाल है और हम ऐसा क्यों कर रहे। हमने संजू को खिलाया और उन्होंने अच्छा किया। मैं ये नहीं कहूंगा कि बहुत शानदार किया है लेकिन ठीक था। आपने उसे ओमान के खिलाफ उसे ऊपर खिलाया और उन्होंने अर्धशतक लगाया।''
पिछले टी20 विश्व कप के बाद से संजू सैमसन टी20 फॉर्मेट में भारत के लिे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज हैं। वह अभिषेक शर्मा के साथ बतौर सलामी बल्लेबाज अच्छा कर रहा थे। सैमसन के नाम पिछले कैलेंडर ईयर में तीन शतक लगाने का रिकॉर्ड भी है। एशिया कप में गिल की वापसी के बाद से सैमसन को निचले क्रम में धकेल दिया गया।
उन्होंने आगे कहा, ''एशिया कप फाइनल में खिलाया, उसने कुछ रन बनाए। जब हमने कहा था कि संजू सैमसन को टॉप ऑर्डर में बल्लेबाजी करानी चाहिए, तब तो आप उन्हें निचले क्रम में खिला रहे थे... और अब जब वह एक मैच में सफल नहीं होते, तो आप उन्हें सीधे टीम से बाहर का रास्ता दिखा देते हैं! यह कैसा न्याय है?"
पूर्व क्रिकेटर ने कहा, ''आपने खिलाया, टीम ने एशिया कप जीता और हमने ताली बजाई। उसके बाद कैनबरा में उसकी बल्लेबाजी नहीं आई। ठीक है सर कोई दिक्कत नहीं है। मेलबर्न में आपने उसे तीसरे नंबर पर भेजा। सब चौंक गए लेकिन हमने कहा ठीक है सर, लेकिन फिर उसे ड्रॉप कर दिया। अब मुझे समझ नहीं आ रहा कि मुझे फिर से ओके सर कहना चाहिए या नहीं, क्योंकि यह समझ नहीं आ रहा कि हम क्या करने की कोशिश कर रहे हैं। मेरे हिसाब से सैमसन खेलेंगे या नहीं ये बड़ा सवाल है। अगर जितेश खेलते हैं और अच्छआ करते हैं, 20-30 रन बनाते हैं, आप उनके साथ रहेंगे। लेकिन क्या आप रहेंगे। मैं नहीं जानता सर। मेरे पास सवाल का जवाब नहीं है।''






