रोहित शर्मा और विराट कोहली को बार-बार 2027 विश्व कप में जगह याद दिलाना बंद करिए, पूर्व क्रिकेटर ने क्यों कहा ऐसा?
रोहित शर्मा और विराट कोहली को 2027 विश्व कप में उनकी जगह के बारे में बार- बार याद दिलाना बंद कर दीजिए। पूर्व क्रिकेटर दीपदास गुप्ता ने कहा है कि क्या आज से चार साल पहले भी उन्हें रिमांइडर दिया जाता था। वे अपने प्रदर्शन के दम पर जगह बना लेंगे।

2027 वनडे विश्व कप शुरू होने में अब केवल 15 महीने बाकी हैं। ऐसे में भारतीय टीम जब भी वनडे क्रिकेट में मैदान पर उतरती है रोहित शर्मा और विराट कोहली के 2027 विश्व कप खेलने पर बनी अनिश्चितता पर चर्चा होती ही है। इंग्लैंड के हाथों हाल ही में भारत की 1-2 से हार ने इस जोड़ी पर आगामी महीनों में चर्चा को और भी तेज कर दिया है। हालांकि, रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों का प्रदर्शन इस सीरीज में मिला-जुला रहा। रोहित शर्मा ने एक शतक लगाया जबकि विराट कोहली के बल्ले से दो अर्धशतक निकले। इसके बावजूद इन दोनों खिलाड़ियों पर सवालिया निशान बने हुए हैं।
टीम में जगह को लेकर बात करना बंद कीजिए
इसी सिलसिले में पूर्व भारतीय विकेटकीपर दीप दासगुप्ता ने जोर देकर कहा है कि रोहित और कोहली को लंबे ब्रेक के बाद वनडे सीरीज में वापसी करने के लिए कुछ मैचों का समय देना भारत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। जहां 39 वर्षीय रोहित ने इंग्लैंड में तीन पारियों में 175 रन बनाए, वहीं कोहली ने तीन पारियों में 144 रन बनाए। दीपदास गुप्ता ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा- “यह बात सभी से होनी चाहिए, सिर्फ कोहली और रोहित से ही नहीं कि उन्हें सीरीज की शुरुआत अच्छी करनी होगी और शुरुआत से ही अच्छा प्रदर्शन करना होगा। यह एक चुनौती है। लय में आने के लिए एक-दो मैच काफी नहीं होते। लेकिन यहीं पर सपोर्ट स्टाफ की भूमिका आती है और वे खिलाड़ियों से बातचीत करके ऐसा माहौल बनाते हैं जिससे हर खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सके।” उन्होंने आगे कहा “टीम में उनकी जगह को लेकर उनसे कोई बातचीत करने की जरूरत नहीं है। चार साल पहले ऐसा नहीं था कि हर सीरीज से पहले उन्हें याद दिलाना पड़ता था कि वे टीम में होंगे। वे अपने प्रदर्शन के दम पर जानते थे कि वे टीम में रहेंगे। तो अब इसमें क्या बदलाव आया है? न तो कोई बदलाव आया है और न ही आना चाहिए।”
सिर्फ वनडे खेलने के कारण रोहित और विराट को होता है नुकसान
हालांकि, दासगुप्ता ने इस बात पर जोर दिया कि राष्ट्रीय टीम में रोहित शर्मा और विराट कोहली को एक ही फॉर्मेट में खेलने के कारण उनके भविष्य को लेकर चर्चा तेज हो गई है। उन्होंने कहा- “उनके भविष्य को लेकर हो रही चर्चा बेवजह बढ़ रही है क्योंकि वे सिर्फ एक ही फॉर्मेट में खेलते हैं। जब आप कई फॉर्मेट में खेलते हैं, तो अगर आप एक में असफल होते हैं लेकिन दूसरे में अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो असफलता भुला दी जाती है। इसलिए इन दोनों के लिए यह एक ऐसी चुनौती है जिसे नकारा नहीं जा सकता। लोग याद रखेंगे कि उन्होंने इस फॉर्मेट में आखिरी बार क्या किया था क्योंकि वे सिर्फ एक ही फॉर्मेट में खेलते हैं। लेकिन उनसे बातचीत वैसी ही होनी चाहिए जैसी तीन साल पहले होती थी।”
बता दें कि भारत का अगला वनडे मुकाबला दो महीने बाद सितंबर के अंत में वेस्ट इंडीज के खिलाफ घरेलू मैदान पर होगा।



