कमिंस एशेज में नहीं खेले तो कौन करेगा ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी? चीफ सिलेक्टर बेली ने बताया नाम
ऑस्ट्रेलिया में एशेज सीरीज का आगाज 21 नवंबर से होगा। नियमित कप्तान पैट कमिंस पीठ की समस्या से जूझ रहे हैं। चीफ सिलेक्टर जॉर्ज बेली ने उस खिलाड़ी का नाम बताया है, जो कमिंस के फिट नहीं होने पर कप्तानी करेगा।
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच 21 नवंबर से पांच टेस्ट मैचों की एशेज सीरीज का आगाज होगा। ऑस्ट्रेलिया के नियमित कप्तान पैट कमिंस पीठ की समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए आखिरी मैच जुलाई में खेला था। वह अब तक पूरी तरह ठीक नहीं हुए हैं। ऑस्ट्रेलिया के चीफ सिलेक्टर जॉर्ज बेली ने कहा कि अगर तेज गेंदबाज कमिंस समय पर फिट नहीं हुए तो दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ एशेज में कप्तानी करेंगे। कमिंस चोट के कारण भारत के खिलाफ रविवार से शुरू हो रही तीन मैचों की वनडे सीरीज से भी बाहर हैं।

बेली ने सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड से कहा, “अगर पैट कमिंस नहीं खेल पाते हैं तो स्टीव स्मिथ कप्तानी करेंगे। यह रणनीति हमारे लिए पहले भी कारगर रही है।'' उन्होंने कहा, ''चाहे वह खेलें या नहीं, पैट टीम के साथ बने रहने के लिए उत्सुक हैं। अगर वह नहीं खेलेंगे तो रिहैब में होंगे, तैयारी कर रहे होंगे और गेंदबाजी कर रहे होंगे। वह टीम के साथ तो रहेंगे ही। ताकि सूचना का प्रवाह और कप्तान तथा उपकप्तान के रूप में एकसाथ काम करना एक जैसा बना रहे।”
स्मिथ इस हफ्ते की शुरुआत में न्यूयॉर्क से ऑस्ट्रेलिया लौटे हैं। उन्होंने आने के बाद अगले ही दिन क्रिकेट न्यू साउथ वेल्स मुख्यालय में नेट्स में बल्लेबाजी शुरू कर दी। वह शेफील्ड शील्ड टूर्नामेंट में ब्रिसबेन और सिडनी में अगले दो मैचों में न्यू साउथवेल्स के लिए खेलेंगे। बेली ने कहा, “स्टीव लौटने के बाद अगले दिन क्रिकेट एनएसडब्ल्यू में बैटिंग कर रहे थे। वह अपना काम करेंगे। हमने हर किसी की तैयारी को उनके अनुकूल और उससे जुड़ी कुछ जिम्मेदारियों के अनुसार ढालने की कोशिश की है।”
कमिंस के अलावा ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन की चोट ने भी ऑस्ट्रेलिया की चिंता बढ़ा दी है। वह रीढ़ की हड्डी की सर्जरी से उबर रहे हैं। ग्रीन शेफील्ड शील्ड के पहले मैच में गेंदबाजी करते समय मामूली मांसपेशियों में खिंचाव के बाद भारत के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज से बाहर हो गए। बेली ने कहा, ''मामूली सी भी मांसपेशियों में खिंचाव के कारण खिलाड़ी चार से छह हफ्तों तक बाहर रह सकते हैं। लेकिन एशेज से पहले ग्रीन की फिटनेस पर कोई सवाल नहीं होगा। यह बहुत ही मामूली है।"






