
उस्मान ख्वाजा के बाद क्या स्टीव स्मिथ भी करने वाले हैं रिटायरमेंट का ऐलान? दिया ये जवाब
उस्मान ख्वाजा के बाद ऑस्ट्रेलिया टेस्ट टीम में रिटायरमेंट की लाइन लगने वाली है। स्टीव स्मिथ, नाथन लायन और मिचेल स्टार्क जैसे सीनियर खिलाड़ी अपने करियर के अंतिम पड़ाव पर है। स्मिथ ने इस सवाल का जवाब पांचवें टेस्ट से पहले दिया है।
ऑस्ट्रेलिया वर्सेस इंग्लैंड 5 मैच की एशेज सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला सिडनी में खेला जा रहा है। इस मैच से पहले ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया। सिडनी में जारी 5वां टेस्ट उनके करियर का आखिरी टेस्ट होगा। ख्वाजा की तरह ऑस्ट्रेलिया की मौजूदा टेस्ट टीम में कई और सीनियर खिलाड़ी हैं जो अपने करियर के अंतिम पड़ाव पर हैं। जिसमें से एक स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ भी हैं, जो इस समय पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में टीम की कमान भी संभाले हुए हैं। जब मैच शुरू होने से पहले स्मिथ से पूछा गया कि क्या ख्वाजा की तरह सिडनी टेस्ट उनके करियर का भी आखिरी मैच होगा तो ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने जोरदार जवाब दिया।
स्टीव स्मिथ ने मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “नहीं (यह मेरा आखिरी टेस्ट नहीं होगा)। मुझे इसमें मजा आ रहा है। यह मजेदार है। हमारे पास सच में एक बहुत अच्छी टीम है। पिछले तीन-चार सालों में हमारी जो टीम रही है, उसने जाहिर है दो वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल खेले हैं, अलग-अलग समय पर अलग-अलग खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। यह कभी भी एक या दो खिलाड़ियों का काम नहीं रहा है। यह सबने मिलकर किया है और खिलाड़ियों ने पूरे समय शानदार काम किया है।”
उन्होंने आगे कहा, "इसका हिस्सा बनना अच्छा रहा है और अब एक सीनियर खिलाड़ी के तौर पर उम्मीद है कि मैं आने वाले कुछ खिलाड़ियों की मदद कर सकूंगा और उन्हें टेस्ट क्रिकेट का खेल सिखा सकूंगा। मुझे लगता है कि अब यही मेरी भूमिका है।"
स्मिथ पिछले कुछ गर्मियों से सीरीज़-दर-सीरीज़ अपने भविष्य के बारे में सोच रहे हैं। लेकिन शनिवार को उन्होंने एक बड़ा इशारा दिया कि वह 2027 में इंग्लैंड में होने वाली अगली एशेज सीरीज में भी खेल सकते हैं।
उन्होंने कहा, "आखिरकार, आप शायद खिलाड़ियों का एक ऐसा ग्रुप चाहते हैं जिसे आप वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल तक पहुंचने के लिए उस साइकिल में खिला सकें। लेकिन मुझे लगता है कि यह कोच और सेलेक्टर्स के लिए भी एक सवाल है। मेरे पास अभी भी इसके लिए काफी समय है। ये ऐसी बातें हैं जिनके बारे में मैं हर समय सोचता रहता हूं। अब उस्मान के टीम से बाहर होने के बाद, वह हमारे अनुभवी खिलाड़ियों में से एक है, इसलिए अगर इस हफ्ते मैं और वह दोनों बाहर हो जाते हैं, तो यह शायद सही नहीं होगा।"

लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें




