स्टीफन फ्लेमिंग कोच बनते ही हैरी ब्रूक के भविष्य पर बोले, बताया अपना आगे का प्लान
स्टीफन फ्लेमिंग को इंग्लैंड ने टेस्ट टीम का नया कोच नियुक्त किया है। वह ब्रेंडन मैकुलम की जगह लेंगे। उन्होंने कोच बनते ही जो रूट और हैरी ब्रूक को लेकर अपना आगे का प्लान बताया है।

अनुभवी बल्लेबाज जो रूट को इंग्लैंड की टेस्ट टीम का कप्तान बनाया गया है। रूट पहले भी टीम की कमान संभाल चुके हैं, उनके हटने के बाद बेन स्टोक्स ने टीम की कमान संभाली थी। हालांकि न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया। जिसके बाद इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने जो रूट को नया कप्तान और पूर्व न्यूजीलैंड क्रिकेटर स्टीफन फ्लेमिंग को टीम का नया कोच बनाया है। ब्रेंडन मैकुलम को बतौर टेस्ट कोच अपना पद छोड़ना पड़ा था।
जो रूट को सपोर्ट करने के लिए तैयार
न्यूजीलैंड के पूर्व खिलाड़ी स्टीफन फ्लेमिंग ने हाल में आईपीएल फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स से नाता तोड़ा था। वह फ्रेंचाइजी से 2009 से जुड़े थे और बतौर कोच टीम के साथ रहे। कोच ने कहा कि वह रूट के साथ काम करने की संभावना से बहुत उत्साहित है। फ्लेमिंग ने कहा, ''मैं खास तौर पर जो रूट के साथ कप्तान के रूप में काम करने का इंतजार कर रहा हूं, एक ऐसी असाधारण प्रतिभा, जिन्होंने पहले ही बहुत कुछ हासिल कर लिया है। उनसे अभी और भी बहुत कुछ देखना बाकी है और मैं उन्हें सपोर्ट करने के लिए उत्साहित हूं। वह इस रोल में निखर सके और सफल हो सके।
हैरी ब्रूक को लेकर बताया प्लान
उन्होंने ये भी संकेत दिया है कि ब्रूक के लीडरशिप को विकसित करना इंग्लैंड टीम के साथ उनकी योजनाओं का एक मुख्य हिस्सा होगा। कोच ने कहा, ''मैं हैरी ब्रूक के साथ काम करने के लिए भी उत्सुक हूं। बेस्ट खिलाड़ी हमेशा कभी भी पूरी तरह से तैयार नहीं होते हैं और हैरी को उनकी असाधारण प्रतिभा और उनके नेतृत्व को विकसित करने में मदद करना इस यात्रा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा होगा।''
फ्लेमिंग ने अपने पूर्व साथी खिलाड़ी ब्रेंडन मैकुलम की जगह ली, जिन्हें ऑस्ट्रेलिया में एशेज सीरीज 4-1 से हारने और पिछले महीने न्यूजीलैंड से घरेलू सीरीज 2-1 से हारने के बाद हटा दिया गया था। इस तरह से अब इंग्लैंड के तीनों प्रारूप में मुख्य कोच न्यूजीलैंड के पूर्व खिलाड़ी हैं क्योंकि मैकुलम वनडे और टी20 टीमों के कोच बने रहेंगे। फ्लेमिंग पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला के बाद अपना कार्यभार संभालेंगे, जो 19 अगस्त को लीड्स में शुरू होगी। इस श्रृंखला के लिए मार्कस ट्रेस्कोथिक इंग्लैंड के अंतरिम कोच होंगे।
रूट इससे पहले 2017-22 तक इंग्लैंड के स्थायी टेस्ट कप्तान रह चुके हैं। उन्होंने 65 टेस्ट मैच में कप्तानी की है जो इंग्लैंड की तरफ से रिकॉर्ड है। इनमें से उन्होंने रिकॉर्ड 27 मैच जीते हैं।



