Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़Standing ovation even on duck Australian commentator in tears this is how much Virat Kohli and Rohit Sharma earn
स्टैंडिंग ओवेशन, ऑस्ट्रेलियाई कॉमेंटेटर की आंख में आंसू; ये है विराट कोहली और रोहित शर्मा की कमाई

स्टैंडिंग ओवेशन, ऑस्ट्रेलियाई कॉमेंटेटर की आंख में आंसू; ये है विराट कोहली और रोहित शर्मा की कमाई

संक्षेप:

शून्य पर भी स्टैंडिंग ओवेशन सिर्फ विराट कोहली को मिल सकता है। सिडनी में जब विराट कोहली और रोहित शर्मा जब संभवतः आखिरी बार ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर इंटरनेशनल मैच खेलकर मैदान से लौट रहे थे तब ऑस्ट्रेलियाई कॉमेंटेटर के आंख में आंसू थे। दर्शकों के हाथों में तख्तियां थीं उस पर Ro-Ko ही छाए थे।

Mon, 27 Oct 2025 10:38 AMChandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

विराट कोहली और रोहित शर्मा। वाइट बॉल क्रिकेट के दो महानतम बल्लेबाज। टीम इंडिया के ऑस्ट्रेलिया दौरे का क्रिकेट के दीवानों को अगर बेसब्री से इंतजार था तो उसकी वजह ये दोनों दिग्गज ही थे। पर्थ में हुए सीरीज के पहले वनडे में दोनों एक साथ फेल क्या हुए, उनके अंतरराष्ट्रीय करियर के सूर्यास्त की बातें चलने लगीं। उम्र की बातें होने लगीं। टीम पर बोझ बताए जाने लगे।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

विराट कोहली और रोहित शर्मा होने का मतलब

एडिलेड में खेले गए दूसरे वनडे में भी कोहली शून्य पर आउट हो गए। ओडीआई करियर में पहली बार लगातार दो पारियों में शून्य। उसके बाद भी जब वह पवैलियन लौट रहे थे तो स्टेडियम में मौजूद हर दर्शक अपनी जगह पर खड़ा होकर उनका सम्मान कर रहा था। शून्य पर भी स्टैंडिंग ओवेशन सिर्फ विराट कोहली को मिल सकता है। सिडनी में जब विराट कोहली और रोहित शर्मा जब संभवतः आखिरी बार ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर इंटरनेशनल मैच खेलकर मैदान से लौट रहे थे तब ऑस्ट्रेलियाई कॉमेंटेटर के आंख में आंसू थे। दर्शकों के हाथों में तख्तियां थीं उस पर Ro-Ko ही छाए थे। यही तो विराट कोहली और रोहित शर्मा की असली कमाई है। यही तो बताता है कि Ro-Ko का मतलब क्या है।

शून्य तक पर स्टैंडिंग ओवेशन, ये कोहली के लिए ही हो सकता है

रोहित शर्मा और विराट कोहली को लेकर दीवानगी सिर्फ भारतीय फैंस में नहीं है। ऑस्ट्रेलियाई दर्शकों और क्रिकेट फैंस में भी उनको लेकर दीवानगी का आलम कम नहीं। एडिलेड में कोहली को शून्य के बाद भी स्टैंडिंग ओवेशन देने वालों में सिर्फ भारतीय नहीं थे। तमाम ऑस्ट्रेलियाई दर्शक भी शामिल थे। सिडनी में दोनों को आखिरी बार ऑस्ट्रेलिया में खेलते हुए देखकर ऑस्ट्रेलियाई कॉमेंटेटर भी भावुक थे।

ये भी पढ़ें:अब कब होगी रोहित शर्मा और विराट कोहली की मैदान पर वापसी? नोट कर लीजिए डेट्स

किंग तो किंग है

तीसरे वनडे में रोहित शर्मा और विराट कोहली अपने पुराने रंग में लौट आए थे। भारत का पहला विकेट गिरने के बाद जब विराट कोहली बैटिंग के लिए आ रहे थे तब ऐडम वाइट ने SEN क्रिकेट पर कॉमेंट्री के दौरान कहा, 'स्टैंडबाय, कप्तान आउट होकर जा चुके हैं लेकिन किंग ऑस्ट्रेलियाई धरती पर भारतीय जर्सी में आखिरी बार आने ही वाले हैं। लेडीज ऐंड जेंटलमेन...वह आ चुके हैं, वह यहां हैं, विराट कोहली।'

रोहित, कोहली को देखकर ऑस्ट्रेलियाई कॉमेंटेटर हो गए भावुक

लगातार दो बार शून्य पर आउट होने के बाद विराट कोहली ने सिडना में नाबाद 74 रन की बेदाग पारी खेली। एडिलेड में भारत के टॉप स्कोरर रहे रोहित शर्मा सिडनी में भी टॉप स्कोरर रहे। उन्होंने 121 रनों की नाबाद पारी खेलकर ओडीआई करियर का 33वां शतक ठोका। दोनों जब भारत को 9 विकेट से जिताकर वापस लौट रहे थे तब सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में मौजूद दर्शक खड़े होकर उनका अभिवादन कर रहे थे। एक ऑस्ट्रेलियाई कॉमेंटेटर तो इतने भावुक हो गए कि उनकी आंख में आंसू आ गया। इसका एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर काफी वायरल है।

दोनों दिग्गज शुरुआत में थोड़ा लड़खड़ाए क्या, सवालों की बौछार हो गई

लंबे समय बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने उतरे दोनों दिग्गज शुरुआत में थोड़ा लड़खड़ाए क्या, तम सवाल उठने लगे। फिटनेस और जुनून का स्तर चाहे जो हों, उम्र को लेकर सवालों के तीर चलने लगे। अंतरराष्ट्रीय करियर के सूर्यास्त की भविष्यवाणियां होने लगीं। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर विराट कोहली और रोहित शर्मा के साथ यही हुआ। पर्थ में दोनों फेल क्या हुए, उनके ओडीआई करियर की जैसे मर्सिया पढ़ी जाने लगी।

ये भी पढ़ें:BCCI वर्ल्ड कप 2027 की टीम में लिख दे रोहित और विराट का नाम, दिग्गज ने दी दलील

आखिरकार बल्ले से आलोचकों की बोलती बंद कर दी

लेकिन सीरीज के खत्म होते-होते सब कुछ बदल गया। रोहित शर्मा प्लेयर ऑफ द मैच के साथ-साथ प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुने गए। विराट कोहली ने शानदार और नाबाद पचासा ठोका। सचिन तेंदुलकर के बाद ओडीआई में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। हर तरफ Ro-Ko यानी रोहित शर्मा और विराट कोहली की ही चर्चा रही। उनके शान में कसीदे गढ़े जाने लगे। जिस रोहित शर्मा की उम्र को लेकर सवाल उठ रहे थे, वो 121 रनों की नाबाद शतकीय पारी के बाद प्लेयर ऑफ द मैच के साथ-साथ प्लेयर ऑफ द सीरीज भी रहे। जिस विराट कोहली के करियर के सूर्यास्त की बात कही जा रही थी, उन्होंने 74 रन की नाबाद पारी खेली। दोनों ने 168 रन की नाबाद साझेदारी कर जता दिया कि अभी उनमें काफी क्रिकेट बाकी है।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय टीवी पत्रकारिता से शुरुआत। न्यूज24, हमार टीवी, श्री न्यूज, फोकस न्यूज और न्यूज वर्ल्ड इंडिया में अलग-अलग भूमिकाओं के बाद 2016 में नवभारत टाइम्स.कॉम के साथ डिजिटल पारी का आगाज। देश, दुनिया, राजनीति, खेल, अदालत, अपराध से जुड़ीं खबरों पर लेखन। एनबीटी में करीब 9 साल की शानदार पारी के बाद मार्च 2025 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा और स्पोर्ट्स डेस्क इंचार्ज। मूल रूप से यूपी के देवरिया के निवासी। सीखने और समझने के सतत क्रम में भरोसा। और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, Cricket Live score, Asia Cup Schedule, Asia cup Points Table वाले खिलाड़ियों की जानकारी हिंदी में हिंदुस्तान पर |