
बम विस्फोट से डरी श्रीलंकाई टीम, पाकिस्तान छोड़ने की तैयारी में 8 खिलाड़ी; अधर में लटका दूसरा वनडे
संक्षेप: इस्लामाबाद में बम विस्फोट से श्रीलंकाई टीम बुरी तरह डर गई है। सुरक्षा चिंताओं के कारण श्रीलंका के आठ खिलाड़ी पाकिस्तान छोड़ने की तैयारी में हैं। ऐसे में दूसरा वनडे मैच अधर में लटक गया है।
वनडे सीरीज के लिए पाकिस्तान दौरे पर गए श्रीलंका के आठ क्रिकेटरों ने इस्लामाबाद में हुए एक घातक बम विस्फोट में 12 लोगों के मारे जाने और कई लोगों घायल होने के बाद सुरक्षा संबंधी चिंताएं व्यक्त करते हुए गुरुवार को स्वदेश लौटने की तैयारी कर ली है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।इसका मतलब होगा कि गुरुवार को दोनों टीमों के बीच रावलपिंडी में होने वाला दूसरा वनडे मैच नहीं हो पाएगा। पाकिस्तान ने मंगलवार को रावलपिंडी में पहला वनडे मैच छह रन से जीत लिया था। वनडे सीरीज के बाद एक त्रिकोणीय सीरीज भी होनी है जिसमें जिम्बाब्वे भी शामिल होगा।

श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) के सूत्रों ने कहा कि स्वदेश लौटने वाले खिलाड़ियों की जगह वैकल्पिक खिलाड़ी भेजे जाएंगे। सूत्रों ने कहा कि तीन वनडे मुकाबलों की मेजबानी कर रहे रावलपिंडी के इस्लामाबाद के समीप होने के कारण खिलाड़ियों ने स्वदेश लौटने की इच्छा जताई। बम विस्फोट के बाद श्रीलंकाई टीम की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और उसके खिलाड़ियों के साथ सरकारी मेहमानों जैसा व्यवहार किया जाएगा। इस्लामाबाद में श्रीलंका के उच्चायुक्त एडमिरल (सेवानिवृत्त) फ्रेड सेनेविरत्ने, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी और सरकारी अधिकारियों के बीच हुई बैठक में सुरक्षा मुद्दे पर चर्चा की गई। सूत्रों ने बताया कि नकवी ने श्रीलंकाई टीम के अधिकारियों से मुलाकात की और उन्हें पूर्ण सुरक्षा का आश्वासन दिया। नकवी पाकिस्तान के गृहमंत्री भी हैं।
श्रीलंकाई क्रिकेट टीम की बस पर 2009 में आतंकियों ने हमला किया था जब टीम दूसरे टेस्ट मैच के लिए लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम जा रही थी। इस हमले में अजंता मेंडिस, चमिंडा वास और कप्तान महेला जयवर्धने सहित श्रीलंकाई टीम के कई सदस्य घायल हो गए थे जबकि कई पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी मारे गए थे। इस घातक हमले के बाद सभी विदेशी टीमों ने एक दशक से भी अधिक समय तक पाकिस्तान का दौरा करने से परहेज किया और देश को अपने घरेलू मुकाबलों की मेजबानी के लिए पश्चिम एशिया के विदेशी स्थलों का उपयोग करने के लिए मजबूर होना पड़ा। दिसंबर 2019 में श्रीलंका के पाकिस्तान दौरे के साथ ही देश में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की वापसी हुई।





