44/5 था श्रीलंका, फिर हर्षिता समरविक्रमा ने खेली ऐसी पारी बांग्लादेश के मुंह से छीन ली जीत

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

115 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए श्रीलंका की टीम लड़खड़ा गई थी। 44 के स्कोर पर उनकी आधी टीम पवेलियन में थी। इसके बाद हर्षिता समरविक्रमा ने ऐसी पारी खेली की कमाल ही कर दिया।

Sri lanka vs Bangladesh
श्रीलंका ने बांग्लादेश के मुंह से छीनी जीत

श्रीलंका ने विमेंस एशिया कप 2026 के 10वें मुकाबले में बांग्लादेश को हराकर ना सिर्फ टूर्नामेंट में जीत की हैट्रिक लगाई, बल्कि सेमीफाइनल का टिकट भी कटाया। हालांकि उनके लिए यह मुकाबला आसान नहीं था। 115 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए श्रीलंका ने 44 रन पर ही अपने 5 विकेट खो दिए थे, जिसमें कप्तान चमारी अटापट्टू का बड़ा विकेट भी शामिल था। उस समय बांग्लादेश ने मैच पर अपना पूरा दबदबा बनाया हुआ था, मगर नंबर-5 पर उतरीं हर्षिता समरविक्रमा ने ऐसी पारी खेली की हर कोई हैरान रह गया। उन्हें इस शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।

बांग्लादेश को 114 रनों पर रोका

श्रीलंका को सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करने के लिए बांग्लादेश को इस मैच में हराना था। टूर्नामेंट के पहले दो मुकाबलों में जीत दर्ज करने के बावजूद उन्हें नॉकआउट राउंड का टिकट नहीं मिला था। ऐसे में डिफेंडिंग चैंपियन टीम के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 114 के स्कोर पर ही रोक दिया। सोभना मोस्तरी 34 रनों के साथ टीम की हाइएस्ट स्कोरर रहीं। वहीं श्रीलंका के लिए चामुडी प्रबोदा ने सर्वाधिक 3 विकेट चटकाए।

44/5 से श्रीलंका की जीत में चमकीं हर्षिता समरविक्रमा

115 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। पहले ही ओवर में कप्तान चमारी अटापट्टू 1 के निजी स्कोर पर आउट हो गईं, वहीं पावरप्ले खत्म होते-होते उन्होंने 2 और विकेट गंवा दिए। मारुफा अख्तर इस दौरान बांग्लादेश के लिए चमकीं।

श्रीलंका के लिए मुश्किलें तब और बढ़ गईं, जब 9वें ओवर में विशमी गुणरत्ने और 10वें ओवर में कविशा दिलहारी भी पवेलियन लौट गईं। देखते ही देखते श्रीलंका का स्कोर 5 विकेट के नुकसान पर 44 रन हो गया था और बांग्लादेश फेवरेट बन गया था।

बांग्लादेश के मुंह से हर्षिता ने छीनी जीत

नंबर-5 पर उतरीं हर्षिता समरविक्रमा ने एक ऐसी पारी खेली जो वह लंबे समय तक याद रखेंगे। 6ठे विकेट के लिए उन्होंने नीलक्षिका सिल्वा के साथ 38 रनों की साझेदारी कर टीम को पहल स्कोर के नजदीक पहुंचाया। आखिरी 3 ओवर में जब टीम को 29 रनों की दरकार थी तो उन्होंने 18वें ओवर में 16 तो 19वें ओवर में 11 रन बनाकर टीम की जीत लगभग पक्की कर दी। 19वें ओवर की दूसरी गेंद पर श्रीलंका ने इस मैच को 4 विकेट रहते जीत लिया।

हर्षिता समरविक्रमा 48 रन बनाकर अंत तक नाबाद रहीं। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 2 छक्के लगाए। उन्हें इस पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।

श्रीलंका इस जीत के साथ सेमीफाइनल में पहुंचने वाली भारत के बाद दूसरी टीम बन गई है।

Lokesh Khera

लेखक के बारे में

Lokesh Khera

लोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।

और पढ़ें
Cricket News , Cricket Schedule , Live Cricket Score से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। क्रिकेट की सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप डाउनलोड करें।
Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़44/5 था श्रीलंका, कैसे बांग्लादेश के मुंह से छीनी जीत? हर्षिता ने किया कमाल