Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़Sri Lanka snatches victory from Bangladesh in Women World Cup 2025 Athapaththu turns the tables 4 wickets fall in 4 ball
श्रीलंका ने वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के जबड़े से छीनी जीत, अटापट्टू ने पलटी बाजी; 4 गेंद पर गिरे 4 विकेट

श्रीलंका ने वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के जबड़े से छीनी जीत, अटापट्टू ने पलटी बाजी; 4 गेंद पर गिरे 4 विकेट

संक्षेप:

श्रीलंका ने महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में बांग्लादेश के खिलाफ रोमांचक जीत हासिल की। बांग्लादेश के सामने 203 रनों का लक्ष्य था। बांग्लादेश को आखिरी ओवर में 9 रन चाहिए थे लेकिन कप्तान चामरी अटापट्टू ने बाजी पलट दी।

Mon, 20 Oct 2025 11:13 PMMd.Akram कोलंबो, भाषा
share Share
Follow Us on

कप्तान चामरी अटापट्टू ने आखिरी ओवर में तीन विकेट चटकाकर श्रीलंका को सोमवार को बांग्लादेश पर सात रन से रोमांचक जीत दिलाई और महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के नॉकआउट में प्रवेश की उम्मीदें भी कायम रखी। श्रीलंकाई टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 48.5 ओवर में 202 रन पर आउट हो गई थी। इसके बाद बांग्लादेश को उसने आखिरी ओवर में हराया जबकि बांग्लादेशी कप्तान निगार सुल्ताना (77) और शरमीन अख्तर (64 रिटायर्ड हर्ट) की पारियां बेकार गई।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

इसके साथ ही बांग्लादेश की सेमीफाइनल में प्रवेश की उम्मीदें भी लगभग ध्वस्त हो गईं। बांग्लादेश अब सातवें और श्रीलंका चार अंक के साथ छठे स्थान पर है। भारत चौथे और न्यूजीलैंड पांचवें स्थान पर है जिनके चार ही अंक हैं लेकिन नेट रनरेट के कारण वे ऊपर हैं। बांग्लादेश को आखिरी ओवर में जीत के लिए नौ रन की जरूरत थी और कप्तान सुल्ताना क्रीज पर थीं। श्रीलंका की कप्तान अटापट्टू ने बेहतरीन ओवर डालते हुए सिर्फ एक रन दिया। उन्होंने पहली गेंद पर राबिया खान को एलबीडब्ल्यू आउट किया जबकि दूसरी गेंद पर नाहिदा अख्तर रन आउट हो गईं।

ये भी पढ़ें:बांग्लादेश ने WC में जीता हुआ मैच गंवाया, साउथ साउथ अफ्रीका की अटक गई थीं सांसें

तीसरी गेंद पर सुल्ताना का शॉट लांग आफ पर निलाक्षिका सिल्वा के पास गया जबकि चौथी गेंद पर अटापट्टू ने मारूफा अख्तर को एलबीडब्ल्यू किया। एक समय तीन विकेट पर 176 रन से बांग्लादेश ने 50 ओवर में नौ विकेट पर 195 रन ही बनाए। इससे पहले बांग्लादेश के लिए शोरना अख्तर ने 27 रन देकर तीन विकेट लिए जिसकी मदद से उनकी टीम ने श्रीलंका को 202 रन पर आउट कर दिया। श्रीलंका के लिये हसिनी परेरा ने 99 गेंद में 13 चौकों और एक छक्के की मदद से 85 रन बनाये। उन्होंने अटापट्टू (46) और सिल्वा (37) के साथ दो अहम साझेदारियां की लेकिन बाकी बल्लेबाज नहीं चल सके।

शोरना ने दस ओवर में 27 रन देकर तीन विकेट चटकाए। अपना सर्वश्रेष्ठ वनडे स्कोर बनाने वाली परेरा को पारी में दो जीवनदान मिले जब वह 55 और 63 के स्कोर पर थीं। वह गैर जिम्मेदाराना शॉट पर आउट होकर शतक बनाने से चूक गईं। एक समय श्रीलंका बड़े स्कोर की ओर बढ़ रहा था लेकिन शोरना ने सिल्वा को आउट करके परेरा के साथ उनकी पांचवें विकेट की 74 रन की साझेदारी तोड़ी। सिल्वा शॉर्ट थर्डमैन पर कैच देकर लौटी। इसके बाद अनुष्का संजीवनी आसान रिटर्न कैच दे बैठी।

ये भी पढ़ें:भारत अभी नहीं हुआ वुमेंस वर्ल्ड कप से बाहर! जानें कैसे मिलेगा सेमीफाइनल का टिकट

श्रीलंका का स्कोर 32वें ओवर में चार विकेट पर 174 रन था और वह बड़े स्कोर की ओर बढ़ता दिख रहा था लेकिन पूरी टीम 202 रन पर आउट हो गई। इससे पहले अटापट्टू ने दो छक्कों और छह चौकों की मदद से 46 रन बनाए। उन्होंने पांचवें ओवर में मारूफा अख्तर को कवर के ऊपर से छक्का जड़ा। अटापट्टू ने दूसरे विकेट के लिये परेरा के साथ 72 रन की साझेदारी की। इससे पहले मारूफा ने पारी की पहली गेंद पर विश्मी गुणरत्ने (0) का विकेट ले लिया था। अटापट्टू इस बीच वनडे क्रिकेट में 4000 रन पूरे करने वाली श्रीलंका की पहली महिला क्रिकेटर बन गई।

Md.Akram

लेखक के बारे में

Md.Akram
मोहम्मद अकरम, लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। अकरम को पत्रकारिता में 8 साल से ज्यादा का अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं। अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, Cricket Live score, Asia Cup Schedule, Asia cup Points Table वाले खिलाड़ियों की जानकारी हिंदी में हिंदुस्तान पर |