स्पेन क्रिकेट टीम ने रचा धांसू इतिहास, तोड़ा ऑस्ट्रेलिया का वर्ल्ड रिकॉर्ड; 20 साल से अधिक समय बाद हुआ ऐसा
Spain Cricket Team World Record: स्पेन ने इंटरनेशनल क्रिकेट में लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने का कारनामा अंजाम दिया। स्पेन क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया का वर्ल्ड रिकॉर्ड ध्वस्त कर डाला है।

स्पेन एक स्पोर्टिंग नेशन है। स्पेन ने फुटबॉल, टेनिस, फॉर्मूला वन और ओलंपिक खेलों में झंडे गाड़े हैं। स्पेन ने पिछले महीने फीफा वर्ल्ड कप 2026 जीता। फुटबॉल में अपनी सफलता के लिए मशहूर स्पेन अब क्रिकेट में भी कीर्तिमान स्थापित कर रहा। स्पेन ने इंटरनेशनल क्रिकेट में धांसू इतिहास रच दिया है। स्पेन क्रिकेट टीम ने लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने का कारनामा अंजाम दिया है। स्पेन ने ऑस्ट्रेलिया का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा। ऑस्ट्रेलिया के नाम यह रिकॉर्ड 20 साल से अधिक समय से था।
स्पेन ने लगातार 21वीं जीत हासिल की
स्पेन ने गुरुवार को 2028 टी20 वर्ल्ड कप के लिए यूरोप सब-रीजनल क्वालिफायर सी में फिनलैंड को आठ विकेट से हराया। स्पेन ने क्वालिफिकेशन टूर्नामेंट के पहले मैच में फिनलैंड के 131 रन के टारगेट को दो विकेट के नुकसान पर चेज किया। यह स्पेन की T20I क्रिकेट में लगातार 21वीं जीत थी। यह उसका 2026 में पहला मैच था। स्पेन ने साल 2025 को लगातार 20 जीत के साथ खत्म किया था। स्पेन ने फरवरी 2023 में आइल ऑफ मैन के खिलाफ जीत का सिलसिले शुरू किया था, जो जारी है। उसने क्रोएशिया, चेक रिपब्लिक, ग्रीस, साइप्रस और फिनलैंड, सहित कई यूरोपियन टीमों को शिकस्त दी।
रिकी पोंटिंग की टीम ने ऐसा किया था
स्पेन ने 2003-04 में ऑस्ट्रेलिया द्वारा लगातार 20 इंटरनेशनल जीत दर्ज करने के सिलसिले को पीछे छोड़ दिया है। रिकी पोंटिंग की टीम ने 2003 वर्ल्ड कप टाइटल जीतने से पहले लगातार 17 वनडे जीते थे और फिर वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन टेस्ट में बाजी मारी। स्पेन ने इससे पहले 2024 में ग्रीस को हराकर T20I रिकॉर्ड बनाया था। यह स्पेन की लगातार 14वीं जीत थी। स्पेन ने 2019 में T20I का दर्जा मिलने के बाद शानदार प्रदर्शन किया है। उसने तब से 50 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिनमें से 41 जीते और सिर्फ आठ में हार का सामना किया।
1992 में ICC का मेंबर बना था स्पेन
स्पेन पहली बार 1992 में इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) का एफिलिएट मेंबर बना था। उसे 2017 में एसोसिएट का दर्जा मिला। ज्यादातर यूरोपियन देशों की तरह स्पेन का भी क्रिकेट से पुराना नाता है। यहां 1809 में क्रिकेट मैच खेलने का रिकॉर्ड है। स्पेन में बार्सिलोना और मैड्रिड जैसे मशहूर फुटबॉल क्लब हैं लेकिन यहां 1980 के दशक तक क्रिकेट क्लब थे। स्पेन की क्रिकेट में हालिया सफलता का काफी श्रेय आईसीसी के डेवलपमेंट प्रोग्राम को जाता है, जो लगभग दो दशकों से चल रहा।



